Home rss business hindi पहले से कम हुआ घाटा, फिर भी शेयर के बुरे हाल, IPO...

पहले से कम हुआ घाटा, फिर भी शेयर के बुरे हाल, IPO प्राइस से नीचे चल रहे शेयर

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी का घाटा पहले से कम हुआ है
  • स्विगी को चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 922 करोड़ रुपये का लॉस हुआ है
  • एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 1092 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था

फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनी स्विगी का घाटा सितंबर 2026 तिमाही में एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले कम हुआ है। स्विगी को चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 922 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि के दौरान स्विगी को 1092 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इधर, स्विगी के शेयरों के बुरे हाल हैं। कंपनी के शेयर गुरुवार को 52 हफ्ते के नए निचले स्तर 207.75 रुपये पर पहुंच गए। हालांकि, BSE में कारोबार के आखिर में स्विगी के शेयर 5 पर्सेंट टूटकर 211.30 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के शेयर अपने आईपीओ प्राइस से नीचे चल रहे हैं।

7571 करोड़ रुपये रहा कंपनी का रेवेन्यू
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में स्विगी (Swiggy) को ऑपरेशंस से मिला रेवेन्यू सालाना आधार पर 36.1 पर्सेंट बढ़कर 7571 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में स्विगी को ऑपरेशंस से मिला रेवेन्यू 5620 करोड़ रुपये था। सितंबर 2026 तिमाही के दौरान स्विगी के टोटल एक्सपेंसेज 8703 करोड़ रुपये रहे, जो कि एक साल पहले की समान अवधि के दौरान 6711 करोड़ रुपये रहे थे। स्विगी ने बताया है कि उसके फूड डिलीवरी बिजनेस की प्रॉफिटैबिलिटी में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। सेगमेंट के लिए ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू सालाना आधार पर 17.7 पर्सेंट बढ़कर 10,054 करोड़ रुपये पहुंच गई।

एक साल में 50% से ज्यादा टूट गए हैं स्विगी के शेयर
फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी के शेयर पिछले एक साल में 50 पर्सेंट से अधिक लुढ़क गए हैं। कंपनी के शेयर 23 अक्टूबर 2025 को 424.15 रुपये पर थे। स्विगी के शेयर 22 अक्टूबर 2026 को BSE में 211.30 रुपये पर बंद हुए हैं। वहीं, इस साल अब तक स्विगी के शेयरों में 45 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। छह महीने में कंपनी के शेयर 28 पर्सेंट गिर गए हैं। पिछले एक महीने में स्विगी के शेयरों में करीब 26 पर्सेंट की गिरावट देखने को मिली है। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 434.50 रुपये है। वहीं, स्विगी (Swiggy) के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 207.75 रुपये है।

IPO में 390 रुपये था शेयर का इश्यू प्राइस
स्विगी (Swiggy) का आईपीओ दांव लगाने के लिए 6 नवंबर 2024 को खुला था और यह 8 नवंबर तक ओपन रहा। आईपीओ का प्राइस बैंड 371 रुपये से 390 रुपये था। आईपीओ का इश्यू प्राइस 390 रुपये रहा। स्विगी के आईपीओ का टोटल साइज 11,327 करोड़ रुपये का था। स्विगी के शेयर 13 नवंबर 2024 को BSE में 412 रुपये पर लिस्ट हुए और लिस्टिंग वाले दिन 455.95 रुपये पर बंद हुए। वहीं, NSE में कंपनी के शेयर 420 रुपये पर लिस्ट हुए और कारोबार के आखिर में लिस्टिंग वाले दिन 456 रुपये पर बंद हुए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN