Home rss business hindi पाकिस्तान में 8 रुपये सस्ता हो गया पेट्रोल, डीजल के भी घटे...

पाकिस्तान में 8 रुपये सस्ता हो गया पेट्रोल, डीजल के भी घटे दाम

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • पाकिस्तान में बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को राहत देते हुए सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की है
  • सरकार ने पेट्रोल के दाम में 8 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में 7 रुपये प्रति लीटर की कमी की

कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट के बीच पाकिस्तान की सरकार ने एक बार फिर से पेट्रोल और डीजल के दाम घटा दिए हैं। पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 8 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में 7 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। इस बदलाव के बाद 11 नवंबर (बुधवार) से पेट्रोल 338 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 371 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलेगा। ये राहत ऐसे समय में दी गई है जब वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दाम घटे हैं।

सरकार कितना वसूलती है टैक्स?

पाकिस्तान की सरकार अभी भी पेट्रोल पर 114 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 100 रुपये प्रति लीटर का टैक्स और शुल्क वसूल रही है। सरकार के अनुसार, 2 नवंबर को घोषित एक व्यवस्था के तहत तेल रिफाइनरियां 30 दिनों के लिए 15 अरब रुपये का बोझ उठाकर पेट्रोलियम लेवी (शुल्क) में योगदान देंगी। इससे उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल की कीमत में 14.71 रुपये की कमी आएगी। बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने 17 सितंबर को पूरे देश में ‘प्रधानमंत्री ईंधन राहत योजना’ शुरू की थी। यह सब्सिडी योजना मोटरसाइकिल, रिक्शा और 800cc तक की क्षमता वाले वाहनों के मालिकों के लिए है।

कीमतों में भारी उछाल के बाद राहत का दौर

पाकिस्तान में पिछले कुछ महीनों के दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई थी। इस वजह से पाकिस्तान में डीजल की कीमत 3 अप्रैल को बढ़कर 520.35 रुपये प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी।

वहीं, पेट्रोल की कीमत भी इसी दिन 458.41 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई थी। इसके बाद से सरकार लगातार कीमतों में बदलाव कर रही है। बता दें कि 28 फरवरी को अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद डीजल की कीमत 281 रुपये और पेट्रोल की कीमत मार्च के पहले सप्ताह में 266 रुपये प्रति लीटर से बढ़ने लगी थी।

कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट

अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद कच्चे तेल की कीमतें लगभग 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गई हैं। दरअसल, चुनावी नतीजे के बाद माना जा रहा है कि डोनाल्ड ट्रंप राजनीतिक तौर पर कमजोर हो गए हैं और अमेरिका-ईरान के बीच की जंग अब खत्म हो जाएगी। इस पॉजिटिव माहौल की वजह से भारत में भी तेल के दाम घटने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN