Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- केईसी इंटरनेशनल को पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पीजीसीआईएल) से 2,872 करोड़ रुपये के ठेके मिले हैं
- इससे पहले, शुक्रवार को कंपनी को अलग-अलग बिजनेस वर्टिकल में 1,006 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले थे
शेयर बाजार में सोमवार को जब ट्रेडिंग होगी तो निवेशकों की नजर केईसी इंटरनेशनल के शेयर पर होगी। दरअसल, इस कंपनी को पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पीजीसीआईएल) से 765 केवी ट्रांसमिशन लाइन के डिजाइन, आपूर्ति करने और स्थापित किए जाने के लिए 2,872 करोड़ रुपये के ठेके मिले हैं। कंपनी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
क्या कहा कंपनी ने?
आरपीजी समूह की कंपनी ने बयान में कहा कि इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष में अब तक उसे कुल 13,500 करोड़ रुपये से अधिक के ठेके मिल चुके हैं। इसमें ट्रांसमिशन और डिस्ट्रिब्यूशन (टीएंडडी) कारोबार से मिले 9,500 करोड़ रुपये के ठेके शामिल हैं। इंफ्रा सेक्टर की कंपनी केईसी इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विमल केजरीवाल ने कहा, ”पीजीसीआईएल से मिले इन ठेकों में भारत के टीएंडडी कारोबार के लिए अब तक का सबसे बड़ा ठेका शामिल है।”
शुक्रवार को भी मिला था ऑर्डर
इससे पहले, केईसी इंटरनेशनल ने शुक्रवार को बताया कि कंपनी को अलग-अलग बिजनेस वर्टिकल में 1,006 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं। ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन (T&D) बिजनेस को ओमान में 400 kV ट्रांसमिशन लाइन के लिए और अमेरिका में टावर, हार्डवेयर, पोल की सप्लाई के लिए ऑर्डर मिले हैं।
कंपनी ने बताया कि कंपनी के सिविल बिजनेस को पूर्वी भारत की एक जानी-मानी हेल्थकेयर कंपनी से मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल बनाने का एक और (रिपीट) ऑर्डर मिला है। केबल और कंडक्टर बिजनेस को भारत और विदेशी बाजारों में कई ऑर्डर मिले हैं। बता दें कि यह इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) के क्षेत्र में एक बड़ी ग्लोबल कंपनी है।
शेयर का परफॉर्मेंस
केईसी इंटरनेशनल शेयर की बात करें तो शुक्रवार को यह बिकवाली मोड में रहा। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन इस शेयर की कीमत 327.55 रुपये थी। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर 1.25% टूटकर बंद हुआ। इंट्रा-डे में शेयर 317.35 रुपये के निचले स्तर तक आ गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो भी है। बता दें कि शेयर ने पिछले साल अक्टूबर में 857.60 रुपये के स्तर को टच किया था। इसका मतलब है कि शेयर की कीमत आधा से भी ज्यादा टूट चुकी है।
सितंबर तिमाही के नतीजे का इंतजार
केईसी इंटरनेशनल के सितंबर तिमाही के नतीजे का इंतजार है। इससे पहले, वर्ष 2027 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 41 प्रतिशत गिरकर 73 करोड़ रुपये रह गया। जून 2025 को समाप्त तिमाही में नेट प्रॉफिट 125 करोड़ रुपये था। वहीं, इस तिमाही में रेवेन्यू 5,024 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 5,023 करोड़ रुपये था। 30 जून तक नेट डेट (शुद्ध कर्ज) 150 करोड़ रुपये से ज्यादा घटकर 6,568 करोड़ रुपये रह गया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




