Home खेल समाचार फीफा वर्ल्ड कप में चमकीं इन टीमों की किस्मत, पहली बार नॉकआउट...

फीफा वर्ल्ड कप में चमकीं इन टीमों की किस्मत, पहली बार नॉकआउट राउंड में बनाई जगह

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

निकोलस पेपे के दो गोल की बदौलत आइवरी कोस्ट ने क्यूरासाओ को 2-0 से हराकर पहली बार फुटबॉल विश्व कप के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया। मैच के बाद आइवरी कोस्ट के खिलाड़ी खुशी से झूम उठे।

गोंजालो प्लाटा के 77वें मिनट में दागे गोल की बदौलत इक्वाडोर ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जर्मनी को 2-1 से हराकर 2006 के बाद पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में जगह बनाई। अपने पिछले 22 मैच में से सिर्फ एक गंवाने वाला इक्वाडोर चार अंक के साथ ग्रुप ई में तीसरे स्थान पर रहा और दूसरी बार ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में सफल रहा। अब मंगलवार को नॉकआउट चरण में मैक्सिको सिटी में उसका मुकाबला मैक्सिको से हो सकता है। अपने शुरुआती दो मैच जीतकर पहले ही नॉकआउट में जगह पक्की कर चुकी चार बार की चैंपियन जर्मनी की टीम सोमवार को फॉक्सबोरो में अपना राउंड ऑफ 32 का मैच खेलेगी। टीम का मुकाबला पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया या स्वीडन में से किसी एक से होने की संभावना है।

आइवरी कोस्ट पहली बार विश्व कप नॉकआउट में

निकोलस पेपे के दो गोल की बदौलत आइवरी कोस्ट ने क्यूरासाओ को 2-0 से हराकर पहली बार फुटबॉल विश्व कप के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया। मैच के बाद आइवरी कोस्ट के खिलाड़ी खुशी से झूम उठे। वे टीम फोटो के लिए पिच पर घुटनों के बल बैठ गए और सभी ने एक अंगुली आसमान की ओर उठाई। यह इस पश्चिम अफ्रीकी टीम के विश्व कप नॉकआउट दौर में पहली बार पहुंचने की खुशी थी। स्टार फारवर्ड पेपे ने कहा, ”हम अपने लिए कोई सीमा तय नहीं कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हमारे अंदर बहुत क्षमता है।” आइवरी कोस्ट ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में इक्वाडोर को 1-0 से हराया था लेकिन ग्रुप ई के अपने दूसरे मैच में वे जर्मनी से हार गए थे।आइवरी कोस्ट की टीम अब नॉकआउट में 30 जून को ग्रुप आई में उप विजेता रहने वाली फ्रांस या नॉर्वे की टीम से भिड़ेगी।

नीदरलैंड ग्रुप एफ में टॉप पर

ब्रायन ब्रॉबी ने विश्व कप में अपना तीसरा गोल किया जबकि ट्यूनीशिया के खिलाड़ियों ने दो आत्मघाती गोल दागे जिससे नीदरलैंड ने बारिश के बीच 3-1 की जीत के साथ ग्रुप एफ के विजेता के तौर पर नॉकआउट चरण में जगह बनाई। दिन की शुरुआत में नीदरलैंड और जापान ग्रुप में बराबरी पर थे लेकिन जब टेक्सास के अर्लिंग्टन में समुराई ब्ल्यू’ (जापान) ने स्वीडन के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला तो वर्जिल वैन डाइक और उनके साथियों के लिए अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहकर सोमवार को ग्रुप सी के उप विजेता मोरक्को के साथ मुकाबले की राह खुल गई। जापान के सामने राउंड ऑफ 32 में ब्राजील जैसी मजबूत टीम से खेलने की कड़ी चुनौती है। विश्व कप के शुरुआती मैच में हार के बाद अपने कोच को हटाने वाला ट्यूनीशिया पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका था।

जापान-स्वीडन नॉकआउट में

डाइजेन माएदा ने जापान को बढ़त दिलाई लेकिन छह मिनट बाद एंथनी एलंगा ने बराबरी का गोल कर स्वीडन को 1-1 से ड्रॉ दिलाया जिससे दोनों ही टीमें विश्व कप के नॉकआउट दौर में पहुंच गईं।एलंगा ने 62वें मिनट में बॉक्स के दाहिने कोने के ठीक बाहर से बाएं पैर से दनदनाता हुआ शॉट लगाकर इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा गोल किया और स्वीडन को नॉकआउट में जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई। एलंगा ने न्यूकासल के लिए 49 मैच में केवल तीन गोल किए हैं जबकि पिछले 32 प्रीमियर लीग मैच में कोई गोल नहीं किया है। इससे छह मिनट पहले माएदा ने पेनल्टी एरिया में रित्सु दोआन के बेहतरीन पास को बाएं पैर से रोका और आसानी से जैकब विडेल जेटरस्ट्रॉम को छकाते हुए दाहिने पैर से गोल दाग दिया।

यह टूर्नामेंट में जापान का सातवां गोल था जो किसी एक विश्व कप में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यह आठ साल पहले रूस में राउंड ऑफ 16 में पहुंचने के दौरान जापानी टीम द्वारा किए गए छह गोल से अधिक है।

जापान लगातार तीसरे विश्व कप में ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में सफल रहा है और 2002 में सह मेजबान के तौर पर पहली बार प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद से सात प्रयास में पांचवीं बार ऐसा कर रहा है। जापान की टीम ग्रुप एफ में नीदरलैंड के बाद दूसरे स्थान पर रही और सोमवार को ह्यूस्टन में ब्राजील की मजबूत टीम के खिलाफ खेलेगी।

स्वीडन की टीम ने 1994 के बाद से जब भी विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है तो टीम नॉकआउट में पहुंची है। टीम 1994 में सेमीफाइनल तक पहुंची थी जब अमेरिका ने फुटबॉल के इस सबसे बड़े आयोजन की मेजबानी की थी।

न्यूजीलैंड पहली बार नॉकआउट में जगह बनाने से एक जीत दूर

विश्व कप में कई ऐसी टीमें हैं जिनकी रैंकिंग न्यूजीलैंड से बेहतर है लेकिन वे अपने आखिरी ग्रुप चरण मैच में नॉकआउट चरण में जगह बनाने की बिना किसी उम्मीद के साथ उतरेगी। न्यूजीलैंड के कोच डैरेन बैजली ने बेल्जियम के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मैच से पहले कहा, ”हमारी स्थिति (नॉकआउट चरण में जगह नहीं बना पाने की उम्मीद) ऐसी नहीं है। अब हम ऐसी स्थिति में हैं कि अगर हम जीतते हैं तो हम आगे बढ़ जाएंगे।”

यह स्थिति तब असंभव लग रही थी जब मौजूदा विश्व कप की सबसे कम रैंकिंग वाली टीमों में से एक न्यूजीलैंड को बेल्जियम, मिस्र और ईरान के साथ ग्रुप जी में रखा गया था लेकिन 48 टीम वाले नए प्रारूप और ग्रुप में अप्रत्याशित नतीजों की वजह से टीम पहली बार ग्रुप चरण से आगे बढ़ने से बस एक जीत दूर है।

तुर्की ने अमेरिका को हराकर पहली जीत दर्ज की

कान आयहान ने मैच की आखिरी किक पर गोल किया और तुर्की ने अमेरिका को 3-2 से हराकर विश्व कप में अपनी एकमात्र जीत दर्ज की। ऑस्टन ट्रस्टी ने तीसरे मिनट में गोल करके अमेरिका को बढ़त दिलाई लेकिन तुर्की ने आर्डा गुलेर (10वें मिनट) और बारिस अल्पर यिलमाज (31वें मिनट) के गोल की बदौलत स्कोर 2-1 कर दिया।

अमेरिका ने 49वें मिनट में सबेस्टियन बरहाल्टर के गोल से बराबरी हासिल की लेकिन आयहान ने अंतिम लम्हों में गोल दागकर तुर्की की जीत सुनिश्चित कर दी। अमेरिकी टीम पहले ही पैराग्वे और ऑस्ट्रेलिया को हराकर ग्रुप डी जीतकर नॉकआउट में जगह बना चुकी थी। कोच मौरिसियो पोचेटिनो की टीम बुधवार को राउंड ऑफ 32 में बोस्निया और हर्जेगोविना से भिड़ेगी।

ऑस्ट्रेलिया भी पहुंचा नॉकआउट में

ऑस्ट्रेलिया ने पैराग्वे के साथ गोल रहित ड्रॉ खेलकर फुटबॉल विश्व कप के नॉकआउट में जगह पक्की की। पैराग्वे के लिए भी आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है। टूर्नामेंट में अब 48 टीमें हैं और ग्रुप चरण में तीसरे स्थान पर रहने वाली 12 में से आठ टीम भी नॉकआउट राउंड में जगह बनाएंगी। इसी वजह से ग्रुप डी के अपने आखिरी मैच में दोनों टीमों ने सावधानी दिखाई क्योंकि तुर्की पर जीत के बाद दोनों के पास तीन-तीन अंक थे।

इस मैच के विजेता को ग्रुप में अमेरिका के बाद दूसरा स्थान मिलना तय था। ऑस्ट्रेलिया ने ड्रॉ के साथ यह स्थान हासिल कर लिया क्योंकि उसका गोल अंतर पैराग्वे से बेहतर था लेकिन इस ड्रॉ से पैराग्वे को ग्रुप में चार अंक मिले जो शायद नॉकआउट चरण में प्रवेश के लिए काफी होंगे।

यह तीसरी बार है जब ऑस्ट्रेलिया नॉकआउट दौर में पहुंचा है। इससे पहले 2006 और 2022 में वे प्री क्वार्टर फाइनल में हार गए थे। ऑस्ट्रेलिया की टीम तीन जुलाई को अर्लिंगटन में राउंड ऑफ 32 का मैच खेलेगी। उनका मुकाबला ग्रुप जी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा जिसका फैसला शुक्रवार रात को होगा। पैराग्वे को अपने भविष्य को जानने के लिए इंतजार करना होगा लेकिन वे पांचवीं बार नॉकआउट में पहुंचने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN