Source :- LIVE HINDUSTAN
अक्सर चावल जब बच जाते हैं तो लोग उन्हें सिर्फ नमक और हल्दी से फ्राई करके खा लेते हैं। लेकिन आप इससे टेस्टी मशरूम पुलाव बनाकर खा सकते हैं। यहां सीखिए इस टेस्टी पुलाव को बनाने की सिंपल रेसिपी।
चावल जब ज्यादा बच जाएं तो उन्हें किसी सब्जी या दाल के साथ खाने की जगह मशरूम के साथ मिलाकर फ्राई कर दें। ये स्वाद में काफी अच्छे लगते हैं। बचे हुए चावल से मशरूम राइस बनाने के लिए आपको बहुत कम चीजों की जरूरत होती है और अधिकतर चीजें घर पर आसानी से मिल जाती हैं। सीखिए बचे हुए चावल से मशरूम राइस बनाने का तरीका।
बचे हुए चावल से मशरूम पुलाव बनाने की सामग्री
बचे हुए चावल से मशरूम राइस बनाने के लिए आपको चाहिए-
-2 कप बचे हुए चावल
-250 ग्राम मशरूम धुले और कटे हुए
-1/2 कप ताजा दही
-1 प्याज, बारीक कटा हुआ
-5–6 लहसुन की कलियां, बारीक कटी हुई
-1 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
-1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
-1 छोटा चम्मच जीरा
-1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
-1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
-1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
-1/2 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
-1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला
-1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
-स्वादानुसार नमक
-1 बड़ा चम्मच तेल
-ताजा हरा धनिया, कटा हुआ
बचे हुए चावल से मशरूम पुलाव बनाने की विधि
बचे हुए चावल से मशरूम पुलाव बनाने के लिए एक कटोरे में ताजा दही, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, जीरा पाउडर और चाट मसाला लें। सब कुछ अच्छी तरह मिलाएं ताकि मिक्स चिकना और बिना गांठ वाला हो जाए। अब एक कड़ाही में तेल गरम करें और जीरा डालें। फिर बारीक कटा हुआ लहसुन और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड तक भूनें। कटा हुआ प्याज डालें और हल्का नरम होने तक पकाएं। अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और एक मिनट तक भूनें। फिर कटे हुए मशरूम डालें और तब तक पकाएं जब तक उनका पानी सूख न जाए। आंच धीमी करें और तैयार दही का मिश्रण डालें। डालते समय लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं। अब कसूरी मेथी और स्वादानुसार नमक डालें। मसाले को तब तक पकाएं जब तक वह गाढ़ा न हो जाए और तेल न छोड़ने लगे। अब बचे हुए चावल और ताजा हरा धनिया डालें। सब कुछ धीरे-धीरे मिलाएं ताकि चावल के साथ मसाला अच्छी तरह चिपक जाए। दही, रायता या अपनी पसंद की किसी चीज के साथ गरमा-गरम परोसें।
टिप्स
- मसाले मिलाने से पहले दही को हमेशा अच्छी तरह फेंट लें ताकि मिक्स चिकना और बिना गांठ वाला बने।
- दही का मिक्स डालते समय आंच धीमी रखें।
- दही डालने के बाद लगातार चलाते रहें ताकि वह फटे नहीं।
- अच्छे नतीजों के लिए ताजे दही का इस्तेमाल करें और तेज आंच पर दही न डालें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



