Home LIFESTYLE NEWS HINDI बच्चे की आंख में गलती से से गिर जाए फेवीक्विक, आई सर्जन...

बच्चे की आंख में गलती से से गिर जाए फेवीक्विक, आई सर्जन ने बताया तुरंत क्या करें!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

First Aid Tips: अगर गलती से बच्चे या किसी बड़े की आंख में फेवीक्विक या सुपर ग्लू चला जाए, तो क्या करना चाहिए? ऐसी समस्या इमरजेंसी में किसी के भी साथ हो सकती है। इसलिए जानना जरूरी है कि ऐसी स्थिति में सबसे पहले क्या किया जाए।

आंखें हमारे शरीर का सबसे सेंसेटिव हिस्सा होती हैं। इनमें हल्की-सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। खासकर छोटे बच्चों के साथ घर में खेलते समय या किसी सामान का इस्तेमाल करते हुए कभी-कभी ऐसे हादसे हो जाते हैं, जिनकी उम्मीद भी नहीं होती। फेवीक्विक का गलती से बच्चे की आंख में गिर जाना भी ऐसा ही एक मामला है। ऐसी सिचुएशन में घबराने के बजाय सही समय पर सही कदम उठाना सबसे जरूरी होता है। थोड़ी-सी समझदारी और तुरंत की गई फर्स्ट एड आंख को सुरक्षित रखने में मदद कर सकती है। आई सर्जन डॉ गौरव जैन ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया है कि ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

सबसे पहले घबराएं नहीं

अगर फेवीक्विक बच्चे की आंख में गिर जाए और आंखें चिपककर बंद हो जाएं, तो सबसे पहले खुद को शांत रखें। ऐसे समय में जल्दबाजी या घबराहट में गलत कदम उठाने से परेशानी बढ़ सकती है। बच्चे को भी जितना हो सके शांत रखने की कोशिश करें ताकि आगे का काम आसानी से किया जा सके।

तुरंत आंख को बहते पानी से धोएं

हादसा होते ही आंख को तुरंत रनिंग वॉटर यानी बहते हुए पानी के नीचे रखें। ध्यान रखें कि पानी आंख के अंदर वाले हिस्से से बाहर की तरफ बहे। ऐसा करने से अगर आंख में ताजा ग्लू मौजूद है तो उसके पार्टिकल्स पानी के साथ बाहर निकलने लगेगा।

सूखे ग्लू को हटाने की कोशिश बिल्कुल न करें

अगर फेवीक्विक सूखकर सख्त हो चुका है, तो उसे हाथ से, नाखून से या किसी भी चीज से हटाने की कोशिश बिल्कुल ना करें। ऐसा करने से आंख को और ज्यादा नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए इस सिचुएशन में किसी भी तरह की जोर-जबरदस्ती करने से बचें।

बिना देरी किए आंखों के डॉक्टर के पास जाएं

फर्स्ट एड देने के बाद तुरंत बच्चे को आंखों के डॉक्टर के पास लेकर जाएं। डॉक्टर आंख को सलाइन वॉटर से अच्छी तरह साफ करते हैं। जरूरत पड़ने पर आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल किया जाता है। जैसे-जैसे ग्लू ढीला होता है, उसे सुरक्षित तरीके से हटाया जाता है। इसलिए इलाज में देरी करना सही नहीं है।

आगे से बरतें ये सावधानियां

अगर आपके घर में छोटे बच्चे हैं, तो फेविक्विक या इंस्टेंट ग्लू जैसी चीजें हमेशा बच्चे की पहुंच से दूर रखें। कई बार मना करने के बाद भी बच्चे कुछ नया करने की एक्साइटमेंट में इन्हें छिपकर यूज करना शुरू कर देते हैं। इसलिए हो सके तो ऐसी चीजें बच्चों के आगे कम ही इस्तेमाल में लाएं। इस्तेमाल के बाद इनका ढक्कन अच्छी तरह जरूर बंद करें और फिर किसी ऊंची या बंद जगह पर रख दें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN