Source :- LIVE HINDUSTAN
Vrat Recipes: नवरात्रि व्रत में कुछ हल्का और टेस्टी खाने का मन हो, तो साबूदाना और आलू के पराठे बनाकर जरूर ट्राई करें। इन्हें खा कर पेट आराम से भर जाता है। बनाने में भी ये आसान है। आइए जानते हैं शेफ पारुल की रेसिपी।
नवरात्रि व्रत में अगर आप भी साबूदाना की खिचड़ी, खीर और वड़ा खा-खाकर बोर हो गए हैं, तो एक बार साबूदाना पराठा बनाकर जरूर ट्राई करें। ये पराठा खाने में हल्का भी होता है और पेट भी भर देता है। बेस्ट बात है कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। कुट्टू या सिंघाड़े के आटे से रोटी या पराठे बनाना थोड़ा मुश्किल होता है और कई लोगों को इनका स्वाद भी पसंद नहीं आता। ऐसे में एक बार ये साबूदाना और उबले हुए आलू से बने व्रत के पराठे जरूर बनाकर ट्राई करें। इन्हें आप दही, व्रत वाली चटनी या आलू की सब्जी के साथ सर्व कर सकते हैं। फटाफट से बनने वाली ये रेसिपी आपके पेट और दिल दोनों को खुश कर देगी। इंस्टाग्राम पर शेफ पारुल ने इसे शेयर किया है, आइए जानते हैं।
साबूदाना पराठा बनाने के लिए सामग्री
नवरात्रि व्रत के साबूदाना के नर्म और स्वादिष्ट पराठे बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- साबूदाना (1 कप), उबले हुए आलू (3), जीरा (1 चम्मच), काली मिर्च पाउडर (आधा चम्मच), हरी मिर्च (2-3), अदरक (1 चम्मच), सेंधा नमक (1 चम्मच), मूंगफली का पाउडर (4 चम्मच), कटा हुआ हरा धनिया पत्ता (2 चम्मच)।
व्रत वाला पराठा बनाने की स्टेप बाय स्टेप विधि
स्टेप 1- साबूदाना को भूनकर पाउडर बनाएं
सबसे पहले गैस पर एक पैन चढ़ाएं और मीडियम आंच पर साबूदाना को रोस्ट करना शुरू करें। 3-4 मिनट के लिए लगातार चलाते हुए आपको साबूदाना को भून लेना है। भूनने के बाद जैसे ही ये ठंडा हो, इसे मिक्सर में पीसकर एक फाइन पाउडर बना लें।
स्टेप 2- आलू का मिक्सचर तैयार करें
एक बाउल में उबले हुए आलू लें और उन्हें अच्छे से मैश कर लें। आप चाहें तो इन्हें कद्दूकस भी कर सकते हैं, बस किसी तरह की गुठलियां नहीं रहनी चाहिए। अब इसमें साबुत जीरा, काली मिर्च पाउडर, बारीक कई हुई हरी मिर्च और अदरक, सेंधा नमक और मूंगफली का पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर दें।
स्टेप 3- आलू के साथ मिक्स करें साबूदाना
अब आलू वाले मिक्सचर में पिसा हुआ साबूदाना का पाउडर एड करें। साथ में बारीक कटा हुआ हरा धनिया मिलाएं और सभी चीजों को गूंथकर एक साथ मिक्स कर लें। इस दौरान थोड़ा-थोड़ा पानी एड करें और बिल्कुल सॉफ्ट और लचीला आटा गूंथकर तैयार कर लें।
स्टेप 4- बेलने की ट्रिक सीखें
आटे से एक बड़ी और गोल लोई बनाएं। बेलन की मदद से इसे हल्के हाथों से बेल लें और मीडियम थिकनेस का पराठा बनाकर तैयार करें। पराठे को बिल्कुल गोल शेप देने के लिए किसी बड़े ढक्कन या कटर की मदद ले सकते हैं।
स्टेप 5- देसी घी में सेंक लें पराठे
गैस पर तवा चढ़ाएं और थोड़ा सा देसी घी लगाकर ग्रीस कर लें। जैसे ही तवा गर्म हो जाए, इसपर पराठा डालें और दोनों तरफ से घी लगाकर गोल्डन होने तक सेंक लें। व्रत वाले पराठे बनकर तैयार हैं। इन्हें गरमा-गरम व्रत वाली सब्जी, हरी चटनी या दही के साथ परोसें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




