Source :- LIVE HINDUSTAN
आलू के पकौड़े खाने में जितने मजेदार होते हैं, बनाने में उतने ही सिंपल। अगर आप भी घर पर हलवाई स्टाइल क्रिस्पी और फूले फूले आलू के पकौड़े बनाने की सोच रहे हैं, तो ये रेसिपी आपको जरूर ट्राई करनी चाहिए।
गरमा-गरम चाय के साथ क्रिस्पी आलू के पकौड़े खाने का मजा ही कुछ और होता है। खासकर बरसात के मौसम में तो कुछ बढ़िया खाने की क्रेविंग होती ही रहती है, जिसमें पकौड़े नंबर वन पर रहते हैं। शायद ही कोई हो जिसे आलू के पकौड़े खाना पसंद ना हो, क्योंकि इनका क्रिस्पी स्वाद ही ऐसा होता है कि बच्चाें से ले कर बड़ों तक ये फेवरिट होते हैं। वैसे तो आलू के पकौड़े बनाना बिल्कुल सिंपल है, लेकिन ये क्रिस्पी और फूले-फूले बनें तभी असली मजा आता है। इसके लिए आपको पकौड़े का बैटर कुछ खास तरह से लगाना होता है, साथ ही मसालों का भी सही इस्तेमाल करना होता है। घर पर बिल्कुल हलवाई स्टाइल आलू के पकौड़े बनें, इसके लिए ये रेसिपी आप फॉलो कर सकते हैं।
आलू के क्रिस्पी पकौड़े बनाने की सामग्री
आलू के टेस्टी और क्रिस्पी पकौड़े बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं – बेसन (2 कप), चावल का आटा (1/4 कप), अजवाइन (1/4 चम्मच), कसूरी मेथी (1 चम्मच), भुना हुआ जीरा पाउडर (1/2 चम्मच), गरम मसाला (आधा चम्मच), चिली फ्लेक्स (2 चम्मच), नमक (2 चम्मच), हींग, धनिया पत्ता, पानी (1 कप), लाल मिर्च पाउडर (आधा चम्मच), हल्दी पाउडर (1/4 चम्मच), हरी मिर्च (3-4), कच्चा आलू (4) और तलने के लिए तेल।
हलवाई की तरह बनाएं आलू के कुरकुरे पकौड़े
हलवाई स्टाइल फूले-फूले और क्रिस्पी आलू के पकौड़े बनाने का सीक्रेट इसके बैटर में छिपा है। इसलिए बैटर को बिल्कुल परफेक्ट तरीके से बनाकर तैयार करें। इसके लिए एक बाउल में बेसन लें और उसमें थोड़ा सा चावल का आटा मिक्स कर लें। चावल का आटा मिलाने से पकौड़ों में कुरकुरापन आता है, जो किसी दूसरी चीज को मिलाने से नहीं आ पाता। हालांकि अगर चावल का आटा ना हो तो आप अरारोट पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
अब बेसन में थोड़ी सी अजवाइन और कसूरी मेथी को क्रश कर के एड करें। साथ में कुछ मसाले जैसे भुना हुआ जीरा पाउडर, गरम मसाला, चिली फ्लेक्स, नमक, चुटकी भर हींग और कटा हुआ ताजा धनिया पत्ता मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए बेसन का एक घोल तैयार कर लें। ये घोल ना ज्यादा पतला होना चाहिए ना ही ज्यादा गाढ़ा। मीडियम कंसिस्टेंसी रखें और अच्छे से फेंटे ताकि गुठलियां ना रहें। फिर बैटर को 10 मिनट के लिए ऐसी ही छोड़ दें।
रेस्ट देने के बाद बेसन के बैटर में कटी हुई हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर एड करें। बैटर बनकर तैयार है। अब आलू को गोल-गोल काट लें। इनका साइज चिप्स वाले आलू से थोड़ा मोटा होना चाहिए। इन्हें अच्छे से दो-तीन बार धो लें, फिर सारे पानी को सूखने के लिए रख दें। कढ़ाही में तेल गर्म होने के लिए रखें, फिर आलू को बैटर में कोट कर लें और तलने के लिए डालें। इन्हें क्रिस्पी और गोल्डन होने तक फ्राई कर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




