Home National news hindi बिहार के जमुई में छात्रा के यौन उत्पीड़न का मामला, राहुल गांधी...

बिहार के जमुई में छात्रा के यौन उत्पीड़न का मामला, राहुल गांधी से लेकर श्रेयसी सिंह तक क्या बोले

4
0

Source :- BBC INDIA

जमुई के एसपी

इमेज स्रोत, ANI

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 6 मिनट

बिहार के जमुई ज़िले से एक नाबालिग़ छात्रा के यौन उत्पीड़न और एक नाबालिग़ छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने इस वीडियो की पुष्टि करते हुए कहा है कि छात्रा की पहचान कर ली गई है और अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

जमुई पुलिस ने बताया है कि इस मामले में तीन अभियुक्तों की गिरफ़्तारी हो चुकी है.

वहीं जमुई एसपी ने मीडिया को बताया है कि वायरल वीडियो 19 सितंबर की शाम सात बजे का है, जब दोनों छात्र-छात्रा कोचिंग के लिए गए थे.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा है कि बिहार के जमुई का वीडियो बेहद परेशान करने वाला है.

आरजेडी नेता और बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज़िम्मेदार ठहराया है.

जमुई की विधायक और राज्य की मंत्री श्रेयसी सिंह ने मीडिया से कहा है कि तीन अभियुक्त गिरफ़्तार हो चुके हैं और सभी अभियुक्तों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा और राज्य सरकार ऐसे मामलों को लेकर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है.

क्या है मामला

बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा

इमेज स्रोत, ANI

वायरल वीडियो में नाबालिग़ छात्र-छात्रा एक स्कूटर पर बैठे हुए हैं और युवकों की भीड़ ने उन्हें घेर रखा है.

इसी दौरान छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न किया जा रहा है. वहीं छात्र युवकों के समूह से छात्रा को बचाने की कोशिश कर रहा है.

उन्होंने कहा, “आज सुबह (21 सितंबर) को एक वीडियो संज्ञान में आया था जिसमें दो नाबालिग स्टूडेंट के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है. वीडियो के आधार पर ही हमने विक्टिम की पहचान की, उनका बयान रिकॉर्ड किया गया और उसी से पता चला कि ये घटना 19 सितंबर को शाम सात बजे के आसपास की है. जिसमें ये लड़का और लड़की कोचिंग के लिए गए हुए थे.”

“उसी दौरान वो उस क्षेत्र में फ़ोटोशूट करने गए थे जहां पर ये घटना हुई है. ये जमुई थानाक्षेत्र की घटना है. अभियुक्तों की पहचान हो गई है और क़ानूनी कार्रवाई कर रहे हैं. जल्द ही इस मामले में गिरफ़्तारी हो जाएगी. पीड़ितों ने कोई भी आधिकारिक शिकायत नहीं दी थी लेकिन जब आज उनसे संपर्क किया गया तो उन्होंने आवेदन दिया जिस पर एफ़आईआर दर्ज की है.”

“छह-सात लोग वायरल वीडियो के फ्रेम में दिख रहे हैं. एफ़आईआर में किसी का नाम नहीं है और जांच से ही अभियुक्तों की पहचान की गई है.”

राहुल गांधी ने पूछे सवाल

राहुल गांधी

इमेज स्रोत, ANI

इस वीडियो पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज़ हो गई हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा है, “बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है. 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में ज़बरदस्ती रोक लिया गया. उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया. बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे ग़लत तरीक़े से छूते और खींचतान करते रहे.”

“इन लोगों को ऐसी बदतमीज़ी करने का हक़ किसने दिया? यह ‘संस्कृति’ नहीं है, यह पितृसत्ता है: ये सोच कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है. जब नियंत्रण को ही संस्कृति मान कर ‘अंधभक्त’ ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं, तो भीड़ को लगने लगता है कि वही क़ानून है.”

“उस वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए और उन अपराधियों पर पोक्सो के तहत मुक़दमा चलाकर उन्हें जल्द से जल्द सज़ा मिलनी चाहिए. और अगर ये घटना 19 सितंबर की है तो गुनहगार अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं? और बिहार सरकार जवाब दे कि शाम सात बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?”

बिहार में मंत्री और जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह ने इस घटना पर बयान दिया है. उन्होंने मीडिया से कहा, “जमुई में जिस तरह की घटना हुई है वो समाज को शर्मसार कर देने वाली घटना है. 19 तारीख़ की शाम ये हुआ था और प्रशासन के पास इसकी एफ़आईआर दर्ज नहीं कराई गई थी.”

“प्रशासन ने सोशल मीडिया पर आई तस्वीरों और वीडियो का संज्ञान लेते हुए एफ़आईआर दर्ज की. तत्परता के साथ सिर्फ़ इस पर कार्रवाई नहीं हुई बल्कि अभी तीन गिरफ़्तारियां हो चुकी हैं. मैंने जमुई के प्रशासन को निर्देशित किया है कि जो भी दोषी लोग हैं, उनको भी टावर लोकेशन से पकड़कर उनकी गिरफ़्तारी करें. सरकार गंभीर है और मुख्यमंत्री जी ने ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है.”

वहीं आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, “बिहार में अराजक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है. बिहार में अब कहीं भी, कभी भी कोई भी छात्रा और महिला सुरक्षित नहीं है. गुंडे अपराधी अब दिनदहाड़े स्कूलों, कॉलेज और घरों में घुसकर अपराध कर रहे हैं.”

“महिलाओं को 10 हज़ार रुपये नगद देकर और चुनाव बाद दो लाख रुपये ओर देने का वादा करने वाले प्रधानमंत्री ऐसी घटनाओं पर मौनी बाबा बन चुके हैं. एनडीए सरकार में महिलाओं, छात्रों, गरीबों और दलितों पर अत्याचार में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है.”

“बिहार का खजाना लुटाकर तथा महिलाओं को 2 लाख रुपये देने का लालच देकर नीतीश कुमार तो चार महीने में ही अपना झोला-झंडा उठाकर चल दिए. विधानसभा चुनाव के अंतिम 35 दिनों में बिहार के खजाने से ही एक बीमार मुख्यमंत्री से 41 हज़ार करोड़ रुपये बंटवाकर तथा तंत्र व यंत्र से विजय हासिल कर घमंड में डूबे बीजेपी के दो शीर्ष नेता नौसिखिए हाथों में बिहार की बागडोर देकर, पता नहीं बिहार से किस जुर्म का बदला ले रहे हैं?”

“बिहार के इस हालात के अकेले ज़िम्मेवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं. भाजपा और उनकी पिछलग्गु पार्टियों को ऐसी घटनाओं पर शर्म भी नहीं आती.”

बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने मीडिया से कहा है कि उन्होंने इस बारे में जमुई डीएम से बात की है और उनसे विस्तृत जानकारी ली है.

उन्होंने कहा, “डीएम ने बताया है कि ये घटना लखीसराय और जमुई के बॉर्डर पर हुई है. डीएम ने बताया है कि उन लोगों को चिन्हित कर लिया गया है और एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है. जो भी कार्रवाई होगी वो इस बारे में जानकारी देंगे, और मैं इस बारे में एसपी को भी चिट्ठी लिखूंगी और ईमेल करूंगी.”

इस घटना को लेकर बिहार की गठबंधन सरकार में सहयोगी एलजेपी (आर) ने एक्स पर एक पोस्ट किया है. इसमें पार्टी ने लिखा है, “जमुई में दो नाबालिगों के साथ हुई दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ की घटना अत्यंत पीड़ादायक और निंदनीय है. इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं.”

“पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की है और दोषियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, कानून अपना काम करेगा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS