Source :- LIVE HINDUSTAN

गर्मियों में भिंडी की सब्जी हर घर में खूब बनाई जाती है। ये एक ऐसी सब्जी है जिसे कई तरीकों से बनाया जाता है। अगर आप भिंडी की सब्जी एक नए तरीके से बनाना चाहते है। बिहारी स्टाइल भिंडी की रेसिपी ट्राई करें।

भिंडी की सब्जी बनाने के कई तरीके हैं। कुछ लोग इसे प्याज के साथ बनाते हैं तो कुछ भरवां भिंडी बनाते हैं। शादी ब्याह से लेकर बच्चों के टिफिन के लिए इस सब्जी को खूब बनाया जाता है। अगर आप चटपटा खाने के शैकीन हैं तो एक बार यहां बताई रेसिपी ट्राई करें। इस रेसिपी से भिंडी स्पाइसी बनती हैं और आपको एक अलग फ्लेवर वाली सब्जी खाने का मौका मिलेगा। यहां पढ़िए बिहारी स्टाइल सरसों वाली भिंडी बनाने की रेसिपी।

सरसों वाली भिंडी बनाने की सामग्री

एक बड़ा चम्मच सरसों के बीज

आधा छोटा चम्मच काली मिर्च

एक बड़ा चम्मच धनिया के बीज

एक इंच अदरक

दो सूखी लाल मिर्च

एक छोटा प्याज

500 ग्राम भिंडी

दो बड़े चम्मच सरसों का तेल

आधा छोटा चम्मच हल्दी

आधा छोटा चम्मच नमक

आधा छोटा चम्मच सरसों के बीज

आधा छोटा चम्मच मेथी दाना

दो छोटे कटे हुए टमाटर

सरसों वाली भिंडी बनाने की विधि

सरसों वाली भिंडी बनाने के लिए सबसे पहले पेस्ट तैयार करें। इसके लिए एक बड़ा चम्मच सरसों के बीज, एक बड़ा चम्मच धनिया के बीज, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च, एक इंच अदरक, दो सूखी लाल मिर्च और एक छोटे प्याज को थोड़ा पानी डालकर पेस्ट बना लें। अच्छी तरह से ब्लेंड करके एक स्मूद पेस्ट तैयार करना है। फिर आधा किलो भिंडी को अच्छी तरह से धो लें और फिर पूरी तरह से सूखा लें। ऊपर और नीचे का भाग हटाकर बड़े टुकड़ों में काट लें। अब कढ़ाई में सरसों का तेल गरम करें। तेज गर्म होने के बाद भिंडी को तेज आंच पर दो मिनट तक भूनें। अब आधा छोटा चम्मच हल्दी और आधा छोटा चम्मच नमक डालें। अच्छी तरह मिलाएं और भिंडी का रंग हल्का बदलने तक भूनें। इसे निकालकर अलग रख दें। अब बचे हुए तेल में सरसों के बीज और मेथी दाना डालें। जब बीज चटकने लगें तो तैयार पेस्ट डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें। पानी सूख जाने पर दो छोटे कटे हुए टमाटर डालें और टमाटर के गलने और मसाले से तेल अलग होने तक पकाएं। फिर डेढ़ कप पानी डालकर उबाल आने दें। उबलते पानी में तली हुई भिंडी डालकर मिला लें और फिर ढककर धीमी आंच पर 5 मिनट तक पकाएं। इस टेस्टी सब्जी को पराठे, रोटी या फिर चावल के साथ खाएं।

टिप- इस तरह की भिंडी को बनाने के लिए एक टिप को अपना सकते हैं। इसमें भिंडी को बीच से एक छोटा चीरा लगा लगाकर बनाएं। इससे मसाला सब्जी के अंदर तक चला जाएगा और स्वाद काफी अच्छा आएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN