Home rss business hindi बीयर पीने वालों की पसंद बदली, अब ‘ज्यादा नशा’ नहीं ‘बेहतर स्वाद’...

बीयर पीने वालों की पसंद बदली, अब ‘ज्यादा नशा’ नहीं ‘बेहतर स्वाद’ पर जोर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

जून तिमाही में महाराष्ट्र में बिक्री 42 प्रतिशत, कर्नाटक में 35 प्रतिशत और आंध्र प्रदेश में 33 प्रतिशत बढ़ी।

अगर आप बीयर पीते हैं तो आने वाले दिनों में आपको एक बड़ा बदलाव नजर आ सकता है। बाजार में अब सिर्फ सस्ती और ज्यादा अल्कोहल वाली स्ट्रॉन्ग बीयर का दबदबा नहीं रहेगा। बेहतर स्वाद, प्रीमियम ब्रांड और अलग अनुभव वाली बीयर तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

भारत में बीयर की बिक्री 2021 से 2025 के बीच करीब 12 प्रतिशत सालाना की रफ्तार से बढ़ी। इस दौरान बीयर और स्पिरिट्स के बीच बिक्री का अंतर भी काफी कम हो गया। लेकिन इससे भी ज्यादा दिलचस्प बात यह है कि बीयर पीने वाले अब प्रीमियम बोतल और कैन के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने को तैयार हैं।

2021 में कुल बीयर बिक्री में प्रीमियम बीयर की हिस्सेदारी करीब 12 प्रतिशत थी। 2025 में यह बढ़कर 20 प्रतिशत और 2026 में करीब 22 प्रतिशत हो गई। इसकी मात्रा में वृद्धि करीब 30 प्रतिशत सालाना रहने का अनुमान है।

बीयर पीने वालों की पसंद क्यों बदल रही है?

लंबे समय तक भारतीय बीयर बाजार में एक आसान फॉर्मूला चलता रहा है। कम कीमत में ज्यादा अल्कोहल, लेकिन अब खासकर शहरों में बीयर पीने वालों का एक वर्ग स्वाद, क्वालिटी, ब्रांड और अनुभव को ज्यादा महत्व दे रहा है।

यही वजह है कि ब्रुअर्स प्रीमियम और सुपर-प्रीमियम सेगमेंट पर तेजी से दांव लगा रहे हैं। कुछ प्रीमियम बीयर ब्रांड सामान्य बीयर से 30-50 प्रतिशत तक महंगे हैं, फिर भी उनकी मांग बढ़ रही है।

अच्छी बीयर के लिए जेब करनी पड़ेगी ढीली

आने वाले समय में बीयर के बाजार में आपको दो अलग-अलग ट्रेंड साथ-साथ दिखाई दे सकते हैं। एक तरफ सामान्य और स्ट्रॉन्ग बीयर का बड़ा बजार बना रहेगा तो दूसरी तरफ ज्यादा कीमत वाली प्रीमियम और क्राफ्ट बीयर की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ेगी। यानी बीयर पीने वालों के लिए विकल्प बढ़ेंगे, लेकिन अच्छी बीयर पीने के लिए जेब भी ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है। कंपनियां सिर्फ ज्यादा बीयर बेचकर नहीं, बल्कि एक ग्राहक को ज्यादा कीमत वाली बीयर बेचकर भी अपनी कमाई बढ़ाना चाहती हैं।

किस राज्य में सबसे ज्यादा बीयर पीने के शौकीन

बीयर की मांग पूरे देश में एक जैसी नहीं है। जून तिमाही में महाराष्ट्र में बिक्री 42 प्रतिशत, कर्नाटक में 35 प्रतिशत और आंध्र प्रदेश में 33 प्रतिशत बढ़ी। दूसरी ओर मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे कुछ बाजारों में गिरावट देखने को मिली। कुछ राज्यों में बीयर तेजी से लोकप्रिय हो रही है, जबकि कुछ बाजारों में टैक्स, सप्लाई और स्थानीय नीतियां बिक्री को प्रभावित कर रही हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN