Source :- LIVE HINDUSTAN
बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही 5 दिन के वर्किंग वीक की मांग को लेकर सरकार और बैंक यूनियनों के बीच मतभेद बढ़ते नजर आ रहे हैं। वित्त मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा है कि सरकार ने बैंकों में हर शनिवार की छुट्टी और पांच दिन का कार्य-सप्ताह लागू करने का कभी कोई वादा नहीं किया था। वित्त मंत्रालय की ओर से यह खबर ऐसे समय में आई है जब बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांग के समर्थन में 28 सितंबर से तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।
क्या है मामला?
बैंक यूनियंस का दावा है कि मार्च 2024 के वेतन संशोधन समझौते के दौरान इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच शनिवार की छुट्टी को लेकर सहमति बनी थी। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (AIBOC) के जनरल सेक्रेटरी रूपम रॉय ने यह दावा किया था। अब वित्त मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा, “हमने बैंकों में पांच दिन काम करने का कोई वादा नहीं किया था। यह बातचीत का कोई मुद्दा नहीं था। इस पर कोई समझौता नहीं हुआ था और न ही इस पर कोई चर्चा हुई थी।” सूत्र ने आगे कहा कि यह मांग कर्मचारी यूनियनों ने एकतरफा तरीके से रखी थी और दोनों पक्षों के बीच इस पर कोई सहमति नहीं बनी थी।
सीनियर बैंक अधिकारियों के लिए बदली गई परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम भी विवाद का एक मुद्दा है। वित्तीय सेवा विभाग ने 19 नवंबर 2024 को बदली हुई PLI स्कीम की जानकारी दी थी, जो FY26 के लिए लागू होने वाली थी। यह योजना स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों पर लागू होती है। इसके तहत प्रदर्शन के आधार पर अधिकारी अधिकतम 365 दिनों की बेसिक सैलरी के बराबर इंसेंटिव हासिल कर सकते हैं। बैंक यूनियनों ने इस व्यवस्था का भी विरोध किया है।
बता दें कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल को देखते हुए सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को रविवार 27 सितंबर को सामान्य कामकाज करने का निर्देश दिया है। केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय ने बताया कि रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह से चालू रखने की मंजूरी दे दी है।
यूएफबीयू में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के सात संगठन एआईबीईए (अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ), एआईबीओसी (अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ), एनसीबीई (राष्ट्रीय बैंक कर्मचारी परिसंघ), एआईबीओए (अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ), बीईएफआई (भारतीय बैंक कर्मचारी महासंघ), आईएनबीईएफ (भारतीय राष्ट्रीय बैंक कर्मचारी महासंघ) और आईएनबीओसी (भारतीय राष्ट्रीय बैंक अधिकारी कांग्रेस) शामिल हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




