Home National news hindi ब्रेकिंग बैड के अभिनेता आरजे मिट्टे का 34 वर्ष की उम्र में...

ब्रेकिंग बैड के अभिनेता आरजे मिट्टे का 34 वर्ष की उम्र में निधन

4
0

Source :- BBC INDIA

आरजे मिट्टे 2023 में लॉस एंजिल्स में एक रेड कार्पेट इवेंट में शामिल हुए. वह मुस्कुरा रहे हैं.

अमेरिकी अभिनेता आरजे मिट्टे का 34 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है.

मिट्टे ड्रामा सिरीज़ ब्रेकिंग बैड में ड्रग किंगपिन वॉल्टर व्हाइट के विद्रोही बेटे की भूमिका के लिए सबसे ज़्यादा जाने जाते थे.

मिट्टे के प्रतिनिधि ने बीबीसी को बताया, “हमें बेहद दुख के साथ यह सूचित करना पड़ रहा है कि प्रिय अभिनेता, परोपकारी और विकलांग अधिकारों के प्रबल समर्थक आरजे मिट्टे का निधन हो गया है.”

उनका निधन टेक्सस के ब्राउनस्विले में हुआ. मृत्यु का तत्काल कारण नहीं बताया गया है.

सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित मिट्टे ने एमी पुरस्कार विजेता ड्रामा सिरीज़ में वाल्टर व्हाइट जूनियर की भूमिका के लिए ख़ुद के अनुभव का सहारा लिया था. इसमें ब्रायन क्रैनस्टन और आरोन पॉल ने अभिनय किया था.

उन्हें इस सिरीज़ में अपने काम के लिए 2014 में स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवॉर्ड मिला था.

उनके प्रतिनिधि शॉन रेली ने बीबीसी को दिए एक बयान में कहा, “मिट्टे ने इस भूमिका में मौलिकता लाई और विकलांगता जागरूकता के लिए एक मंच तैयार किया.”

मिट्टे ने यूनाइटेड सेरेब्रल पाल्सी और श्राइनर्स चिल्ड्रन्स के दूत के रूप में भी काम किया.

रेली ने कहा, ”उन्होंने परोपकारी और सामुदायिक पहलों का समर्थन करने के लिए द मिट्टे फाउंडेशन की भी स्थापना की. इसके अलावा अपने मंच का उपयोग “रूढ़ियों को चुनौती देने और विकलांगों के लिए अधिक प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने के लिए किया.”

ब्राउनसविल पुलिस विभाग ने बीबीसी को दिए एक बयान में अभिनेता के निधन की पुष्टि की है.

बयान में कहा गया है कि मौत की वजह अभी तक पता नहीं चली है और जांच जारी है. पुलिस के अनुसार, किसी भी तरह की साज़िश का संदेह नहीं है.

कैमरून काउंटी की पीस जज सिंडी हिनोजोसा ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि अभिनेता को 12 अक्टूबर को उनके घर पर मृत घोषित कर दिया गया था और उन्होंने यह भी बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा.

ब्रेकिंग बैड का प्रसारण अमेरिकी केबल ब्रॉडकास्टर एएमसी पर 2008 से 2013 तक पाँच सीजन के लिए हुआ था.

विंस गिलिगन निर्मित इस एंटी-हीरो ड्रामा को प्राइमटाइम एमी पुरस्कारों के लिए 58 नामांकन मिले और इसने 16 पुरस्कार जीते, जिनमें 2013 और 2014 में बेहतरीन ड्रामा सिरीज़ के लिए दो पुरस्कार शामिल हैं.

इसे व्यापक रूप से 21वीं सदी की सर्वश्रेष्ठ अमेरिकी टीवी सिरीज़ में से एक माना जाता है.

क्रैनस्टन न्यू मैक्सिको के एक हाई स्कूल में केमिट्री के शिक्षक की भूमिका निभाते हैं, जो कैंसर का पता चलने के बाद अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए अपराध की दुनिया में क़दम रखते हैं.

जैसे-जैसे वह मेथ के व्यापार की अंधेरी दुनिया में गहराई से उतरते जाते हैं, वैसे-वैसे उनका अपने बेटे वॉल्ट जूनियर से दूरी बढ़ती जाती है, जो सिरीज़ के ज़्यादातर हिस्सों में हल्के-फुल्के अंदाज़ में अपनी नाराज़गी ज़ाहिर करता रहता है.

हॉलीवुड रिपोर्टर के साथ साझा किए गए एक बयान में, शो के मुख्य किरदारों में से एक, जेसी पिंकमैन की भूमिका निभाने वाले आरोन पॉल ने कहा कि वह व्यथित हैं और भीतर से टूट चुके हैं.

अरोन पॉल ने कहा, “आरजे, मेरे दोस्त, मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूँ. तुम्हारी बहुत याद आएगी.”

मिट्टे के चाचा हैंक श्रेडर की भूमिका निभाने वाले डीन नॉरिस ने पोस्ट किया, “आरजे ने मेरे टीवी बेटे की भूमिका नहीं निभाई. लेकिन मैं सेट पर एक छोटे बच्चे की तरह हमेशा उसका ख़्याल रखता था.”

नॉरिस ने लिखा है, “वह एक बेहद प्यारा नौजवान था और उसकी बहुत याद आएगी.”

अभिनेता ब्रायन क्रैनस्टन (सी) ने 18 जनवरी, 2014 को लॉस एंजिल्स, कैलिफोर्निया के श्राइन ऑडिटोरियम में आयोजित 20वें वार्षिक स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड्स के दौरान 'ब्रेकिंग बैड' में अपने अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सामूहिक प्रदर्शन का पुरस्कार स्वीकार किया. (फोटो: केवॉर्क ड्जानसेज़ियन/गेटी इमेजेस)

लुइसियाना में पले-बढ़े मिट्टे, 2005 में अपनी छोटी बहन के अभिनय करियर को समर्थन देने के लिए लॉस एंजिलिस जाने के बाद, उस अहम भूमिका के लिए ऑडिशन देने के समय युवा थे.

उन्होंने पहले कहा था कि लॉस एंजिलिस में उनका पहला ऑडिशन कैलिफोर्निया के एक पब्लिक सर्विस विज्ञापन के लिए था, जो मेथ विरोधी विज्ञापन था.

उन्होंने इस महीने की शुरुआत में जो वल्पिस पॉडकास्ट पर कहा था, “अब बात करते हैं ब्रेकिंग बैड के लिए ऑडिशन देने की, जो मेरी राय में अब भी मेथ के ख़िलाफ़ एक चीज़ है क्योंकि इसका अंत किसी के लिए भी अच्छा नहीं होता.”

उनका किरदार गिलिगन के दिवंगत मित्र पर आधारित था, जिन्हें सेरेब्रल पाल्सी की गंभीर बीमारी थी और वे बैसाखी का इस्तेमाल करते थे, जिसकी मिट्टे को ज़रूरत नहीं थी.

उन्होंने इस भूमिका को ईमानदारी और सहजता के साथ निभाया. एक किशोर के रूप में चुटकुले सुनाते हुए, जिसकी सेहत की स्थिति का सिरीज़ में कभी ज़िक्र नहीं किया गया था.

इस सिरीज़ से प्रसिद्धि हासिल करने के बाद, मिट्टे ने अधिक विविधतापूर्ण भूमिकाओं और विकलांग पात्रों के जटिल चित्रण के लिए संघर्ष किया, चाहे वे दिखाई देने वाले हों या अदृश्य.

मिट्टे ने 2021 में बीबीसी को बताया था, “जब भी पुरस्कारों का मौसम आता है, हम हमेशा अलग-अलग चीज़ों का एक समूह देखना चाहते हैं जो हम सभी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रतिबिंबित करे.”

उन्होंने कहा था, “विकलांगों के प्रतिनिधित्व के बारे में जागरूकता को बढ़ते हुए देखना बहुत अच्छा रहा है, लेकिन बड़ी सफलताएं कभी-कभी बड़े बदलाव के बजाय टुकड़ों और पलों में आती हैं.”

मिट्टे की अन्य ऑन-स्क्रीन फ़िल्मों में हैना मोंटाना, स्विच्ड एट बर्थ, वेस्थैम्पटन और उनकी हालिया टॉकिंग टू स्ट्रेंजर्स शामिल हैं, जो इस साल की शुरुआत में रिलीज़ हुई थी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS