Source :- LIVE HINDUSTAN
Samsung ने भारत में Galaxy S26 सीरीज के लिए One UI 9.5 Beta अपडेट जारी कर दिया है। इस अपडेट के बाद यूजर्स को बिल्ट-इन App Lock, बेहतर कैमरा कंट्रोल, Samsung Health में Mindful Note और Medications जैसे नए फीचर्स मिलेंगे।
अगर आप Samsung यूजर हैं और अपने WhatsApp, फोटो या दूसरे प्राइवेट ऐप्स को सुरक्षित रखने के लिए अलग से App Lock डाउनलोड करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। Samsung ने अपने नए One UI 9.5 अपडेट में बिल्ट-इन App Lock का फीचर दे दिया है। इसकी मदद से यूजर्स अपने फोन में मौजूद अलग-अलग ऐप्स को फिंगरप्रिंट, फेस अनलॉक या स्क्रीन लॉक के जरिए सुरक्षित कर सकेंगे। इतना ही नहीं, लॉक किए गए ऐप्स की नोटिफिकेशन की जानकारी भी छिपी रहेगी। Samsung ने भारत में Galaxy S26 सीरीज के फोन्स के लिए One UI 9.5 Beta प्रोग्राम शुरू कर दिया है। इस अपडेट में सिर्फ App Lock ही नहीं, बल्कि कैमरा इस्तेमाल करने वालों के लिए भी कुछ नए कंट्रोल दिए गए हैं।
Samsung ने भारत में इन फोन्स के लिए शुरू किया One UI 9.5 Beta
Samsung ने 18 नवंबर 2026 को One UI 9.5 Beta प्रोग्राम की शुरुआत की है। भारत के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया, जर्मनी और पोलैंड के चुनिंदा यूजर्स भी इस बीटा प्रोग्राम का हिस्सा बन सकते हैं। फिलहाल यह अपडेट Samsung Galaxy S26, Galaxy S26+ और Galaxy S26 Ultra के लिए उपलब्ध है। बीटा अपडेट का मतलब है कि यूजर्स को नए फीचर्स आधिकारिक स्टेबल अपडेट से पहले इस्तेमाल करने का मौका मिलता है।
Samsung One UI 9.5 अपडेट के बाद फोन में मिलेंगे ये खास फीचर्स
1. इस अपडेट का सबसे खास फीचर बिल्ट-इन App Lock है। अब तक कई Samsung यूजर्स को किसी ऐप को लॉक करने के लिए थर्ड पार्टी ऐप का सहारा लेना पड़ता था। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने फोन में मौजूद किसी भी सपोर्टेड ऐप को लॉक कर सकेंगे। इसके लिए फिंगरप्रिंट, बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन या फोन का स्क्रीन लॉक इस्तेमाल किया जा सकता है। सिर्फ ऐप लॉक करना ही नहीं, Samsung ने प्राइवेसी का भी ध्यान रखा है। जब कोई ऐप लॉक होगा तो उसकी नोटिफिकेशन में आने वाली जानकारी और उससे जुड़े विजेट का कंटेंट भी छिपा रहेगा। यानी लॉक स्क्रीन या होम स्क्रीन पर भी पर्सनल मैसेज आसानी से दिखाई नहीं देंगे।
2. One UI 9.5 में कैमरा इस्तेमाल करने वालों के लिए भी कई बदलाव किए गए हैं। Samsung ने Pro और Pro Video मोड को पहले से बेहतर बनाया है। इनमें यूजर्स को अपनी जरूरत के हिसाब से कैमरा सेटिंग बदलने और अलग-अलग शूटिंग के लिए प्रीसेट इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी। इससे उन लोगों को फायदा हो सकता है जो मोबाइल से फोटो खींचने के साथ-साथ वीडियो भी रिकॉर्ड करते हैं। यूजर्स को शटर स्पीड और फ्रेम रेट जैसी सेटिंग पर ज्यादा कंट्रोल मिलेगा। अपडेट के बाद कैमरा कंट्रोल और जूम बार को एक ही स्क्रीन पर ज्यादा आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे फोटो या वीडियो लेते समय बार-बार अलग-अलग सेटिंग में जाने की जरूरत कम होगी।
3. Samsung ने अपने हेल्थ ऐप में भी दो नए फीचर जोड़े हैं। इनमें पहला Mindful Note है। इसकी मदद से यूजर्स अपने विचारों और भावनाओं को लिख सकेंगे। इसमें आप खुद से नोट लिख सकते हैं या दिए गए सवालों और सुझावों की मदद से अपनी बात दर्ज कर सकते हैं। Samsung Health में दूसरा नया फीचर Medications है। इसके जरिए यूजर्स अपनी दवाइयों, विटामिन और सप्लीमेंट्स की जानकारी जोड़ सकते हैं। इसके बाद दवा लेने का समय याद रखने के लिए रिमाइंडर सेट किया जा सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




