Home National news hindi मिस्टर बीस्ट: करोड़ों फ़ॉलोअर्स वाले दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल स्टार, जानिए...

मिस्टर बीस्ट: करोड़ों फ़ॉलोअर्स वाले दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल स्टार, जानिए कैसे और कितना कमाते हैं?

4
0

Source :- BBC INDIA

रणबीर कपूर के साथ मिस्टर बीस्ट

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 4 मिनट

अगर आप यू-ट्यूब पर सक्रिय रहते हैं तो शायद आपने मिस्टर बीस्ट का नाम सुना होगा.

मिस्टर बीस्ट दुनिया के सबसे बड़े यू-ट्यूबर हैं.

यू-ट्यूब समेत बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के नंबर्स जोड़ लिए जाएं तो मिस्टर बीस्ट के चाहने वालों की संख्या 87 करोड़ से ज़्यादा है. यानी भारत के कई राज्यों की जो कुल आबादी है, उससे भी ज़्यादा मिस्टर बीस्ट के फॉलोअर्स हैं.

सितंबर 2026 के आख़िरी हफ़्ते में मिस्टर बीस्ट भारत के दौरे पर दिखे. मिस्टर बीस्ट कभी आगरा के ताजमहल का दीदार करते दिखे तो कभी रणबीर कपूर, यश की फ़िल्म रामायण से जुड़े इवेंट में ‘जय श्री राम’ बोलते हुए नज़र आए.

पर मिस्टर बीस्ट हैं कौन और वो कैसे बन गए दुनिया के सबसे बड़े यू-ट्यूबर?

मिस्टर बीस्ट का असली नाम क्या है?

मिस्टर बीस्ट

मिस्टर बीस्ट का असली नाम जिमी डोनाल्डसन है. वो भारत समेत दुनिया के कई देशों में बच्चों और युवाओं में काफ़ी लोकप्रिय हैं.

1998 में पैदा हुए मिस्टर बीस्ट को अपनी पहली ब्रांड डील से 10 हज़ार डॉलर मिले थे. मिस्टर बीस्ट ने ये रकम एक बेघर इंसान को दे दी थी.

कहा जाता है कि मिस्टर बीस्ट यू-ट्यूब से जितने पैसे कमाते हैं, उसका बड़ा हिस्सा डोनेट कर देते हैं.

मिस्टर बीस्ट 11 साल की उम्र से यू-ट्यूब पर वीडियो अपलोड कर रहे हैं. मिस्टर बीस्ट के एक यू-ट्यूब चैनल पर सब्सक्राइबर्स की संख्या 51 करोड़ 80 लाख से ज़्यादा है. सिर्फ़ इंस्टाग्राम पर ही 89 मिलियन यानी क़रीब 9 करोड़ फॉलोअर्स हैं.

मिस्टर बीस्ट यू-ट्यूब पर ऐसे वीडियो बनाते हैं, जिन पर लोगों को हैरानी हो सकती है और इनमें से ज़्यादातर में ईनामी राशि भी शामिल रहती है.

यानी ये ऐसे वीडियो होते हैं, जिसमें शामिल हुए लोगों में से जो जीतता है, उसे बड़ी रकम दी जाती है.

मिस्टर बीस्ट

मिस्टर बीस्ट की कमाई कितनी है?

मिस्टर बीस्ट अपनी पत्नी थिया बूसेन के साथ

अगस्त 2026 की फोर्ब्स की रिपोर्ट में कहा गया था कि मिस्टर बीस्ट की नेट वर्थ 300 मिलियन डॉलर यानी क़रीब 2800 करोड़ रुपये है. टॉप क्रिएटर्स की फोर्ब्स रैंकिंग में वो पहले नंबर पर आते हैं.

मिस्टर बीस्ट अब पर्सनल फाइनेंस के सेक्टर में भी दाखिल होने वाले हैं.

मिस्टर बीस्ट यू-ट्यूब के अलावा फूड, खिलौने और कपड़ों से जुड़ी लाइसेंसिंग के व्यापार में भी हैं. मिस्टर बीस्ट का एक शो बीस्ट गेम्स अमेज़न प्राइम पर भी आता है.

फरवरी 2026 में बीस्ट इंडस्ट्री ने स्टेप नाम का एक ऐप खरीदा, जो नौजवानों को निवेश करना सिखाता है.

इसी साल जुलाई 2026 में मिस्टर बीस्ट ने अपनी मंगेतर थिया बूसेन से शादी की है. मिस्टर बीस्ट ने इंस्टाग्राम पोस्ट में ये जानकारी दी कि उनको अपनी मिसेज बीस्ट मिल गई हैं.

वैसे मिस्टर बीस्ट की ज़िंदगी सोशल मीडिया पर अच्छी ख़ासी दिखती है. पर अपनी शादी के बारे में मिस्टर बीस्ट ने कहा था कि वो इसे निजी रखना चाहते हैं.

मिस्टर बीस्ट की पत्नी दक्षिण अफ्रीका से हैं.

रामायण फ़िल्म के इवेंट के दौरान मिस्टर बीस्ट के साथ फ़िल्म की स्टारकास्ट

मिस्टर बीस्ट और विवाद

अप्रैल 2026 में मिस्टर बीस्ट की मीडिया कंपनी पर एक पूर्व कर्मचारी ने यौन उत्पीड़न और वर्क प्लेस पर लैंगिक भेदभाव के आरोप लगाए थे.

बीस्ट की कंपनी ने इन आरोपों को गलत बताया था.

बीस्ट गेम्स में जिस तरह से प्रतियोगियों से पेश आया जाता है, इस पर भी मिस्टर बीस्ट को क़ानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ा था. तब ये आरोप था कि वीडियो में मिस्टर बीस्ट जैसी चीज़ें करते हैं वो सब नाटकीय हैं और पहले से प्लान की जाती हैं.

एआई का असर दुनियाभर में देखने को मिल रहा है. इस बारे में मिस्टर बीस्ट ने 2025 में कहा था कि जेनेरेटिव एआई भयावह है और ये दुनिया के लाखों क्रिएटर्स के लिए बड़ा ख़तरा है.

हालांकि 2025 में ही एआई के कारण मिस्टर बीस्ट विवादों से घिरे थे. दरअसल मिस्टर बीस्ट ने एक यू-ट्यूब थंबनेल जनरेटर शुरू किया था.

इस पर दुनिया के कई दूसरे बड़े यू-ट्यूबर्स ने विरोध जताया था कि ये क्रिएटर्स के काम को चुरा रहा है. मिस्टर बीस्ट का कहना था कि उनका मकसद था कि छोटे क्रिएटर्स अच्छे थंबनेल बना सकें.

हालांकि जब विरोध ज़्यादा हुआ तो मिस्टर बीस्ट ने ये थंबनेल जनरेटर हटा दिया था.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS