Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 7 मिनट
मरने के बाद ख़ुद की चिता जलने में आनंद आ सकता है क्या?
किसी वस्त्र को रिमोट से उठाया जा सकता है क्या?
मनी फॉलोज़ माय ब्रदर्स. नाम के पीछे जाएं तो दाम दौड़कर आएगा क्या?
क्या मुंह से बोलकर भी मौन व्रत रखा जा सकता है ?
इन पुराने मगर हाल ही में फिर वायरल हुए बयानों, गाने की लाइनों को सुनें तो कोई कह सकता है- रवि किशन हैं तो मुमकिन है!
नेता, अभिनेता और सिंगर रवि किशन बीते कई दिनों से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. रवि किशन के नए और पुराने बयान, गीत वायरल हो रहे हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
ख़ुद के वायरल होने पर क्या सोचते हैं रवि किशन?
शायद बीते कई ट्रेंड्स में आपने भी ग़ौर किया होगा कि अचानक ही कोई चीज़ वायरल हो जाती है.
रवि किशन के मामले में भी अचानक वायरल होने की कोई ख़ास वजह नहीं है.
न्यूज़ 18 से बातचीत में रवि किशन ने ख़ुद के मीम्स वायरल होने पर कहा, ”लोगों को मेरा अंदाज़ भा जाता है. मैं कुछ जानबूझकर नहीं करता हूं. मेरे अंदर अल पचीनो से लेकर अमिताभ बच्चन, बलराज साहनी, शाहरुख़ ख़ान, माइकल जैक्सन, एल्विस प्रेस्ली तक लोग नाचते गाते रहते हैं. यही वजह है कि मैं इतने फ्यूज़न देता हूं.”
26 जुलाई 2026 को ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ पर प्रकाशित एक इंटरव्यू में रवि किशन ने कहा, ”इस वक़्त लोग मुझे देश का सबसे वायरल आदमी कहते हैं. नेशनल क्रश, बिहार का ब्रैड पिट. क्या-क्या तो मेरे मीम्स हैं. मोस्ट ट्रोल्ड मैन. जल्दी द लेट… घर जाकर सुत्ती… ये सिर्फ़ फ़न है.”
21 जून को अपनी बेटी के साथ सोशल मीडिया पर साझा किए वीडियो में रवि किशन ने कहा था, ”बेटा दुनिया में इतना दुख है न. पापा जैसे लोग हैं तो चेहरे पर सबके थोड़ी हँसी आ जाती है. जेन-ज़ी मुझसे बहुत ख़ुश हैं.”
इमेज स्रोत, FB/YOGI
रवि किशन के कुछ वायरल बयान…
रवि किशन अपने बयानों के साथ-साथ अपने अंदाज़ के लिए भी चर्चा में रहते हैं.
‘मामला लीगल है’ के नए सीज़न लॉन्च से जुड़े एक कार्यक्रम में रवि किशन जिस तरह से मंच पर आए थे, वो भी अब रील्स में शेयर हो रहा है. या फिर रवि किशन का डांस स्टाइल हो…
हालांकि रवि किशन के लिए ऐसी चर्चाएं नई नहीं हैं.
ऐसे कई पल रहे हैं, जब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और रवि किशन के बीच सार्वजनिक मंचों पर हुए कई संवाद वायरल रहे.
ऐसा ही एक पल फ़रवरी 2021 का है.
तब गोरखपुर में एक कार्यक्रम में नए शवदाह गृह के बारे में रवि किशन ने कहा था, ”सोचिए यहां आपकी मृत्यु होगी तो सीधा स्वर्ग में जाओगे, यहां जब आप जलाए जाओगे. कितना आनंद आएगा यहां जलने में. अत्याधुनिक है और इलेक्ट्रिक वाला है. तो फुकाए (जलने) में टाइम नहीं लगेगा. डायरेक्ट जल जाओगे. स्वर्ग जाओगे…”
ये बयान सुनकर योगी आदित्यनाथ भी मंच पर ज़ोर से हँसने लगे थे.
सालों बाद इस बारे में रवि किशन ने पॉडकास्टर शुभांकर मिश्रा को दिए इंटरव्यू में कहा था, ”उनकी (योगी आदित्यनाथ) आंख से आंसू निकलने लगे थे. वो रुक नहीं पा रहे थे. उनको लगा कि ये अलग ही टाइप का अघोरी आ गया.”
कपिल शर्मा के शो में रवि किशन ने इस बारे में कहा था, ”वहां पर मसान बनाया था. अब महाराज जी (योगी आदित्यनाथ) बोले कि आपको भाषण देना है. तो मैंने सोचा कि मसान के लिए क्या भाषण होगा. मुझे तो समझ नहीं आया. गोरखपुर में अपनी सीट के लोग थे… बाद में मैंने बताया कि मेरे कहने का मतलब ये था कि ये पवित्र जगह है.”
एक पॉडकास्ट में रवि किशन से पूछा गया था कि आपके लिए पहचान ज़्यादा ज़रूरी है या पैसा?
इस पर रवि किशन ने कहा था, ”पहचान… मनी फॉलोज़ ब्रदर. नाम के पीछे जाएंगे तो दाम दौड़कर पीछे आएगा.”
4 अगस्त 2026 को संसद के बाहर रवि किशन ने कहा था- “आज पंडित जी हमको बोले हैं कि मौन रहिएगा.”
बीते दिनों इन बयानों के मीम्स ही सबसे ज़्यादा शेयर हुए.
इमेज स्रोत, FB/RAVI KISHAN
रवि किशन और विवाद
भोजपुरी में रवि किशन ने जिस तरह के गाने किए, उसकी भी काफ़ी आलोचना होती रहती है.
इनमें से एक गाना है- लहंगा उठा दे रिमोट से…
मार्च 2023 में ‘आप की अदालत’ में रवि किशन ने इस बारे में कहा था, ”आज समस्त भारत के सामने इस गाने के लिए हम कान पकड़कर माफ़ी मांगते हैं. ये गाना मैंने नहीं गाया था. तब मैं कई शिफ़्ट करता था. एक सेट से दूसरे सेट पर कार से सोते हुए चला जाता था. मैंने होमवर्क नहीं किया था. मैंने परफॉर्म कर दिया था…”
साल 2022 में जनसंख्या नियंत्रण क़ानून पर रवि किशन एक टीवी कार्यक्रम में बात कर रहे थे. इस दौरान जब एंकर ने पूछा कि आपके ख़ुद के चार बच्चे हैं.
इस पर रवि किशन ने कहा था, ”मेरे चार बच्चे हैं. मैंने संघर्ष भी किया है. मैंने काम चुना क्योंकि मनी विल फॉलो. बच्चे होने लगे. मैंने पत्नी को देखा कि वो पतली थीं, लंबी थीं. मैंने डिलिवरी के बाद बीवी के शरीर को बिगड़ते हुए देखा. अब जब मैं अपनी पत्नी को देखता हूं तो मुझे अफसोस होता है. ये बिल अगर कांग्रेस पहले लाती तो हम रुक जाते.”
रवि किशन बिग बॉस के पहले सीज़न में भी नज़र आए थे. ज़िंदगी और घमंड पर रवि किशन की कही एक बात तब से लेकर अब तक शेयर होती रहती है.
इस सीज़न में रवि किशन के साथ राखी सावंत भी थीं.
हाल ही में बीबीसी हिन्दी को दिए इंटरव्यू में राखी सावंत ने रवि किशन के बारे में कहा था, ”रवि किशन मेरे भाई जैसे हैं. लेकिन आजकल मैं उनको लानत देना चाहती हूं. इसलिए कि इतना बड़ा मंत्री (सांसद) पद है पर फिर भी वो हर जगह एक्टिंग कर रहे हैं. लेकिन ये क्या कर रहे हैं, बॉलीवुड में फिर से काम कर रहे हैं. अगर फ़िल्मों में काम करना था तो आप इतने बड़े एमपी क्यों बने. वो जगह किसी और को दे देते.”
रवि किशन ने बीते दिनों जिस तरह की फ़िल्में कीं या किरदार निभाए, उसको दर्शकों ने काफ़ी पसंद किया है.
फिर चाहे ‘लापता लेडीज़’ की बात हो या फिर ‘मामला लीगल है.’ रवि किशन की शुरुआती मशहूर फ़िल्मों में सलमान ख़ान की मशहूर फ़िल्म ‘तेरे नाम’ भी शामिल है. इस फ़िल्म में रवि ने रामेश्वर नाम का किरदार निभाया था.
बीजेपी सांसद और सिंगर मनोज तिवारी से भी रवि किशन की नोंक-झोंक की रील्स शेयर होती रही हैं. हालांकि ये दोनों अकसर साथ में अपनी दोस्ती का इज़हार करते रहे हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
रवि किशन की शुरुआत
उत्तर प्रदेश के जौनपुर ज़िले की केराकत तहसील के एक गाँव में रवि किशन का जन्म हुआ था. रवि किशन का पूरा नाम रवि किशन शुक्ला है.
साल 2019 में बीबीसी के लिए लिखे एक लेख में कुमार हर्ष ने लिखा था, ”बचपन में रामलीला में सीता का रोल करने पर पुरोहित पिता श्याम नारायण ने रवि को तमाचा लगाया था. बाद में रवि किशन पढ़ाई करने बीएचयू गए और वहीं से एक्टिंग की तरफ झुकाव बढ़ा.”
रवि किशन का फ़िल्मी सफ़र 1992 में आई एक बी ग्रेड फ़िल्म ‘पीताम्बर’ से शुरू हुआ था और तक़रीबन एक दशक तक उनका करियर आसान नहीं रहा.
अब तक रवि किशन क़रीब 150 फ़िल्में या सिरीज़ कर चुके हैं. रवि कई रिएलिटी शो में भी दिख चुके हैं.
कुमार हर्ष ने लिखा था, ”भोजपुरी सिनेमा से उनके सक्रिय जुड़ाव का क़िस्सा बहुत इमोशनल है. 1996 में वे शाहरुख़ ख़ान अभिनीत फ़िल्म ‘आर्मी’ कर रहे थे. एक दिन सेट पर किसी बड़ी शख्सियत ने भोजपुरी को दरिद्रों की भाषा कह दिया. इस पर रवि किशन ने कहा था कि दिल पर चोट लग गई बाबू. उसी दिन से क़सम खाए कि अपनी भाषा के लिए कुछ करके दम लेंगे.”
रवि किशन का राजनीतिक करियर 2014 में शुरू हुआ. वो कांग्रेस की टिकट पर जौनपुर से चुनाव लड़े और हार गए. 2017 में वो बीजेपी में शामिल हो गए.
2017 में योगी आदित्यनाथ यूपी के सीएम बने. 2019 लोकसभा चुनाव में योगी के गढ़ माने जाने वाले गोरखपुर में रवि किशन बीजेपी की टिकट पर जीतकर संसद पहुंचे. रवि किशन को 2024 में भी जीत मिली.
अब रवि किशन नेता भी हैं, अभिनेता भी. और जिस तरह से वो आए दिन वायरल होते रहते हैं, तो रवि किशन के ही शब्दों में वो वायरल मैन भी हैं.
वो बयान देते हैं, मीम्स विल फ़ॉलो.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




