Home rss world hindi रूस के लिए जासूसी कर रहा था अमेरिकी सैनिक, लंदन की पुलिस...

रूस के लिए जासूसी कर रहा था अमेरिकी सैनिक, लंदन की पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पुलिस ने एक बयान में कहा कि 41 साल के एक अमेरिकी सैनिक को ग्लूसेस्टर के पास हिरासत में लिया गया। उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानूनों का उल्लंघन करने का संदेह है और फिलहाल वह लंदन के एक पुलिस स्टेशन में हिरासत में है।

लंदन की पुलिस ने अमेरिकी सैनिक को रूस के लिए जासूसी करने के संदेह पर पकड़ा है। मंगलवार को ब्रिटेन में उसे गिरफ्तार किया गया। इससे पहले अमेरिकी सेना और जांच एजेंसियों की मदद से एक जांच में जासूसी की शंका हुई। यह मामला ब्रिटेन में रूसी एजेंटों से जुड़े जासूसी का है। आपको बता दें कि ब्रिटेन यूक्रेन का करीबी सहयोगी है। 2022 में रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि 41 साल के एक अमेरिकी सैनिक को ग्लूसेस्टर के पास हिरासत में लिया गया। उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानूनों का उल्लंघन करने का संदेह है और फिलहाल वह लंदन के एक पुलिस स्टेशन में हिरासत में है। लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस की आतंकवाद रोधी की अधिकारी विकी इवांस ने कहा, “यह महत्वपूर्ण गिरफ्तारी और जांच ब्रिटेन और अमेरिका के अधिकारियों के बीच करीबी सहयोग का नतीजा है। ये आरोप गंभीर हैं और हमारी जांच अभी भी जारी है।”

FBI ने ब्रिटेन को कहा शुक्रिया

अमेरिकी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के निदेशक काश पटेल ने ब्रिटेन की पुलिस और खुफिया एजेंसियों को धन्यवाद दिया। लंदन पुलिस के बयान के अनुसार उन्होंने कहा, “इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी में जासूसी के आरोप शामिल हैं जो अमेरिका और हमारे सहयोगियों के लिए बहुत चिंता का विषय है।”

भीतर से होने वाले खतरे वास्तविक

पेंटागन ने इस मामले में अधिक जानकारी के लिए अमेरिकी सेना से संपर्क करने को कहा लेकिन अमेरिकी सेना ने इस पर तुरंत कोई जवाब नहीं दिया। पुलिस के बयान में अमेरिकी सेना की काउंटर-इंटेलिजेंस कमांड के कमांडिंग जनरल शॉन स्टिनचॉन ने इस सैनिक के कथित कार्यों को एक गंभीर चेतावनी बताया। उन्होंने कहा कि यह इस बात की याद दिलाता है कि भीतर से होने वाले खतरे वास्तविक हैं और हमेशा बने रहते हैं।

रूस और ब्रिटेन के बीच संबंध यूक्रेन युद्ध शुरू होने से बहुत पहले से ही खराब थे। इन संबंधों में कई जासूसी और हत्या के मामले सामने आए हैं। 2006 में लंदन में पूर्व रूसी जासूस अलेक्जेंडर लिट्विनेंको को जहर दिया गया। 2018 में सैलिसबरी में डबल एजेंट सर्गेई स्क्रिपल को जहर देने की कोशिश की गई। सितंबर में एक ब्रिटिश व्यक्ति को लंदन की अदालत में पेश किया गया। उस पर आरोप था कि वह रूसी सैन्य खुफिया एजेंसी के इशारे पर एक ड्रोन फैक्ट्री और ड्रोन निर्माण स्थलों को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहा था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN