Source :- LIVE HINDUSTAN
छोटे बच्चे अक्सर दीवारों या फिर सोफा पर कलर या पेन चलाकर ड्राइंग बना देते हैं। उन्हें बार-बार रोको तब भी वह नहीं सुनते लेकिन नया सोफा देखने में गंदा लगता है। अगर आपका सोफा भी कलर और पेन के दागों से भर चुका है, तो कुछ ट्रिक्स से आसानी से साफ कर सकते हैं।
बच्चे छोटे होते हैं, तो अक्सर शरारत में दीवारों और सोफे पर पेन या स्केच कलर से ड्राइंग बना देते हैं। उनकी यह मासूम शैतानी भले ही प्यारी लगे, लेकिन दीवारों और सोफे पर पड़े ये जिद्दी निशान आसानी से नहीं जाते। खासकर सोफा गंदा और पुराना दिखने लगता है, जो मेहमानों के आने पर शर्मिंदगी का कारण भी बन सकता है। सोफा घर की खूबसूरती बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है और आजकल लोग अपने घर की सजावट के लिए महंगे और आकर्षक डिजाइन वाले सोफे खरीदते हैं। ऐसे में अगर उस पर पेन या स्केच कलर के निशान पड़ जाएं, तो उसकी पूरा लुक खराब हो जाती है। यदि आपके घर का सोफा भी पेन और स्केच कलर के दागों से भरा हुआ है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। इन 3 आसान ट्रिक्स की मदद से आप मिनटों में इन जिद्दी निशानों को साफ कर सकते हैं।
किन ट्रिक्स से होगा साफ
सोफा साफ करने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं है। अगर पेंसिल के निशान है, तो गीले कपड़े पर हल्का सा साबुन लगाकर रगड़कर छुड़ा सकते हैं। जिद्दी दागों के लिए हम आपको कुछ आसान ट्रिक्स बताने जा रहे हैं।
1. रबिंग अल्कोहल (Isopropyl Alcohol)
सबसे पहले रुई या साफ कपड़ा लें और उस पर रबिंग अल्कोहल लगा लें। अब इस कपड़े को निशान वाली जगह पर हल्का लगाकर थपथपाएं और फिर गीले कपड़े से रगड़कर साफ कर लें। इस अल्कोहल से जिद्दी पेन-मार्कर के निशान गायब हो जाएंगे। ध्यान रखें कि ज्यादा अल्कोहल लगाकर सोफे पर न रगड़ें, वरना फैब्रिक का कलर हट सकता है।
2. बेकिंग सोडा और टूथपेस्ट का पेस्ट
1 चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा सा सफेद टूथपेस्ट मिलाएं। इस मिक्सचर को दाग पर 2-3 मिनट के लिए लगाएं। फिर मुलायम कपड़े या फिर स्पंज की मदद से रगड़ें। जब दाग हल्के होने लगें, तब साफ गीले कपड़े से पोंछ लें। इस तरीके से आप लेदर या कपड़े वाले सोफे से स्केच कलर या पेन के निशान छूट जाएंगे।
3. डिशवॉश लिक्विड और गुनगुना पानी
एक कप गुनगुने पानी में कुछ बूंदें डिशवॉश लिक्विड की मिलाएं। स्पंज को घोल में डुबोकर दाग वाली जगह साफ करें। फिर साफ पानी में भीगे कपड़े से पोंछ लें। यह तरीका ताजे स्केच पेन और मार्कर के निशानों को हटाने में ज्यादा असरदार है।
टिप्स- किसी भी ट्रिक को पूरे सोफे पर इस्तेमाल करने से पहले किसी छिपे हुए हिस्से पर टेस्ट जरूर कर लें, ताकि कपड़े या लेदर का रंग खराब न हो। यदि सोफा महंगा या नाजुक मटेरियल का है, तो निर्माता के सफाई निर्देश भी देख लें। कई बार इन ट्रिक्स से कपड़े का कलर उड़ जाता है या फिर खुरदुरापन हो जाता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




