Source :- LIVE HINDUSTAN
नीम करौली आश्रम या कैंची धाम का नाम आपने कभी ना सुना होगा। यहां की महीमा को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है। कहते हैं कि इस जगह पर असीम शांति का अनुभव होता है। अगर आप भी यहां जाने के बारे में सोच रहे हैं तो जानिए कैसे पहुंचे।
कैंची धाम उत्तराखंड राज्य के खूबसूरत पहाड़ी इलाके में स्थित है। मुख्य तौर से ये नैनीताल के पास भवाली में स्थित एक बेहद पवित्र और फेमस आध्यात्मिक केंद्र है। ये जगह एक महान संत बाबा नीम करौली के आश्रम के लिए फेमस है। बाबा ने अपने जीवनकाल में कई चमत्कार किए और निस्वार्थ प्रेम व सेवा का संदेश दिया। कहते हैं कि उनकी महिमा ऐसी थी कि वे बिना बताए ही भक्तों के मन की बात और उनके कष्टों को जान लेते थे। आज भी मान्यता है कि जो भी सच्चे दिल से यहां मन्नत मांगता है, बाबा उसे खाली हाथ नहीं भेजते। दुनिया भर से लोग यहां आते हैं। इसके अलावा कुछ सेलेब्स भी इस जगह के दर्शन के लिए आते हैं। अगर आप भी इस जगह पर जाना चाहते हैं तो जानिए कैसे पहुंचे।
कैसे पहुंचे
कैंची धाम नैनीताल-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित है और यहां पहुंचना आसान है। अगर आप फ्लाइट से आना चाहते हैं तो इस जगह के सबसे नजदीकी हवाई अड्डा पंतनगर है, जो आश्रम से लगभग 70 किमी दूर है। वहां से आप टैक्सी ले सकते हैं। इसके अलावा रेल से आने वालों के लिए सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन काठगोदाम है, जो लगभग 38 किमी दूर है। स्टेशन से आश्रम के लिए नियमित बसें और टैक्सियां आपको मिल जाएंगी। आप नैनीताल या भवाली से लोकल कैब या बस पकड़कर आसानी से यहां पहुंच सकते हैं।
दिल्ली से यहां तक पहुंचने का रूट
अगर आप दिल्ली से अपनी कार से कैंची धाम पहुंच रहे हैं तो आपको लगभग 320 किलोमीटर का सफर तय करना होगा। यहां तक पहुंचने के लिए दिल्ली से हापुड़-मुरादाबाद- रामपुर-रुद्रपुर- हल्द्वानी-काठगोदाम-भवाली और फिर कैंची धाम पहुंच जाएंगे।इसके अलावा दिल्ली के आनंद विहार ISBT से हल्द्वानी या नैनीताल के लिए सीधे रोडवेज या प्राइवेट वॉल्वो बस ले सकते हैं। हल्द्वानी या भवाली उतरकर वहां से लोकल टैक्सी या ऑटो से आश्रम पहुंच सकते हैं।
कितना आएगा खर्च
अगर आप बस, शेयरिंग टैक्सी या फिर ट्रेन की स्लीपर टिकट से यहां जाते हैं तो कुल खर्च 2,000 से 3,000 प्रति व्यक्ति आएगा। इसके अलावा एसी बस, ट्रेन या प्राइवेट टेक्सी का खर्च 4,500 से 6,500 प्रति व्यक्ति आएगा। हालांकि अगर ग्रुप बड़ा हो तो ये खर्च 3,500-4,000 तक आ जाएगा। कार या कैब से यहां जाने का खर्च 8,000 से 12,000 तक का आ सकता है।
इन टिप्स का रखें ध्यान
वीकेंड यानी शनिवार और रविवार और गर्मियों की छुट्टियों में यहां काफी ट्रैफिक और भीड़ होती है। इसलिए संभव हो, तो वर्किंग डेज यानी सोमवार से शुक्रवार में जाने का प्लान बनाएं। आप ठहरने के लिए भवाली, नैनीताल या भीमताल में होटल या होमस्टे बुक कर सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




