Home rss business hindi वेदांता पावर निफ्टी 500 में शामिल, ग्रुप के शेयर 6% तक उछले,...

वेदांता पावर निफ्टी 500 में शामिल, ग्रुप के शेयर 6% तक उछले, किसे और किस रेट में खरीदें?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अनिल अग्रवाल की अगुवाई वाली वेदांता ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। वेदांता पावर, वेदांता आयरन एंड स्टील, वेदांता ऑयल एंड गैस समेत ग्रुप की अन्य कंपनियों के शेयरों में 2 से लेकर 6% तक की बढ़त दर्ज की गई। आज इस तेजी की दो बड़ी वजहें हैं। पहली, वेदांता पावर का निफ्टी 500 और निफ्टी स्मॉलकैप 250 जैसे प्रमुख सूचकांकों में शामिल होना, और दूसरी, मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने तथा धातुओं की कीमतों में उछाल के चलते वेदांता ग्रुप के शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ना।

वेदांता पावर का शेयर प्रदर्शन

वेदांता पावर का शेयर बुधवार को 5.6% की बढ़त के साथ 32.83 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जबकि कंपनी का मार्केट कैप 12,837.80 करोड़ रुपये था। शेयर ने 33.44 रुपये का इंट्राडे हाई और 31.27 रुपये का इंट्राडे लो छुआ। डिमर्जर के बाद से यह शेयर करीब 25.9% गिर चुका है।

वेदांता पावर को 30 सितंबर, 2026 से निफ्टी 500 और निफ्टी स्मॉलकैप 250 में इंडेक्स शामिल किया जाएगा। इसके अलावा कंपनी निफ्टी मिड-स्मॉलकैप 400 और निफ्टी स्मॉलकैप 500 का भी हिस्सा बनेगी। वेदांता पावर के अलावा वेदांता आयरन एंड स्टील, वेदांता ऑयल एंड गैस और वेदांता एल्युमीनियम मेटल भी निफ्टी 500 में शामिल होंगी।

वेदांता ग्रुप के दो शेयरों के लिए टार्गेट प्राइस और स्टॉपलॉस

वेदांता आयरन एंड स्टील: SEBI-रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, इस शेयर को 30 रुपये पर मजबूत सपोर्ट है और 38 रुपये पर प्रतिरोध है। निवेशक स्टॉपलॉस 30 रुपये के नीचे रखकर 38 रुपये के तत्काल लक्ष्य के लिए होल्ड कर सकते हैं। 38 रुपये के ऊपर क्लोजिंग होने पर शेयर निकट अवधि में 44 रुपये तक जा सकता है।

वेदांता ऑयल एंड गैस: इस शेयर को 38 से 39 रुपये पर रेजिस्टेंस और 32 रुपये पर मजबूत सपोर्ट है। मौजूदा शेयर होल्डर्स स्टॉपलॉस 32 रुपये के नीचे रखकर 38 रुपये के शॉर्ट-टर्म टार्गेट के लिए होल्ड कर सकते हैं। 39 रुपये के ऊपर ब्रेकआउट होने पर शेयर जल्द ही 45 रुपये तक पहुंच सकता है।

निवेशकों पर क्या होगा असर

लाइव मिंट ने बोनांजा की रिसर्च एनालिस्ट खुशी मिस्त्री के हवाले से बताया है कि निफ्टी 500 में शामिल होने से वेदांता पावर पर संस्थागत निवेशकों का फोकस बढ़ सकता है और पैसिव/इंडेक्स-लिंक्ड फंड्स के जरिए निवेश आ सकता है।

हालांकि, उन्होंने इसे केवल एक नियर-टर्म सेंटीमेंट और लिक्विडिटी कैटलिस्ट बताया है, न कि कोई स्टैंडअलोन फंडामेंटल ट्रिगर। मिस्त्री के अनुसार, शेयर की मीडियम-टर्म आउटलुक के लिए कंपनी की कमाई, बिजली की मांग, क्षमता विस्तार और बैलेंस शीट की स्थिति अहम रहेंगी।

वेदांता ग्रुप के शेयरों में तेजी के पीछे ‘असली’ वजह क्या है?

अविनाश मेंटर रिसर्च के संस्थापक अविनाश गोरक्षकर के मुताबिक, दलाल स्ट्रीट पर सकारात्मक माहौल और स्ट्रेट ऑफ हाेर्मुज खुलने की अटकलों के चलते वेदांता ग्रुप के हाई-बीटा शेयरों में तेजी आई है। वहीं, मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता ने कहा कि मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने से मेटल और एनर्जी दोनों सेक्टरों में तेजी है, जिससे वेदांता ग्रुप के शेयरों को फायदा मिल रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का असर वेदांता ऑयल एंड गैस और वेदांता पावर के शेयरों पर भी दिख रहा है।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN