Source :- LIVE HINDUSTAN
G-7 समिट में वर्किंग लंच के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने पीएम मोदी को बहुत शांत, संयमित और जबरदस्त बताया है। साथ ही कहा है कि वह (ट्रंप) ऐसे नहीं हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। फ्रांस के एवियन-ले-बैंस में आयोजित G-7 समिट के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी को शांत, संयमित और जबरदस्त बताया है। साथ ही, यह भी कहा कि मैं उनके जैसा नहीं हूं। दरअसल, जी-7 समिट में एक वर्किंग लंच में दुनियाभर के राष्ट्राध्यक्ष मौजूद थे। वहीं, ट्रंप ने पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए उनकी तारीफ की।
लंच के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी को लेकर कहा, ”मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह शांत, संयमित और जबरदस्त नहीं हूं… जरा उन्हें देखिए। ट्रंप ने पीएम मोदी को शांत, कूल और टोटल किलर बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ कुछ देर में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। यह बैठक G7 नेताओं, आउटरीच पार्टनर्स और प्रमुख टेक्नोलॉजी अधिकारियों के साथ होगी। दोनों नेता आर्थिक विकास, सप्लाई चेन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), निवेश साझेदारी और वैश्विक सुरक्षा से जुड़ी कई चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
इससे पहले मंगलवार को, फ्रांस के एवियन में G7 समिट के आउटरीच सेशन के दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात हुई थी। दोनों ने एक-दूसरे का अभिवादन किया था। ट्रंप और मोदी ने एक-दूसरे से हाथ भी मिलाया, लेकिन पहले जैसी गर्मजोशी देखने को नहीं मिली थी। दूसरे कार्यकाल में ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से भारत और अमेरिका के बीच संबंध पहले जैसे नहीं रहे हैं। ट्रंप भारत के खिलाफ लगातार बयान देते रहे हैं। पहले टैरिफ लगाया और फिर ऑपरेशन सिंदूर पर भारत को चुभने वाले बयान दिए। इससे दोनों के बीच संबंधों में खटास आई है।
समुद्री रास्ते सुरक्षित रहें और नाविक बिना किसी डर के अपना काम कर सकें
जी-7 दुनिया की सात विकसित अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसमें कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, अमेरिका और ब्रिटेन शामिल हैं। मंगलवार को पीएम मोदी ने ट्रंप की मौजूदगी में समुद्र में नाविकों पर हुए हमलों का भी जिक्र किया। उन्होंने नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए दुनिया के देशों के बीच सहयोग की अपील की। G-7 की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सभी देशों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि समुद्री रास्ते सुरक्षित रहें और नाविक बिना किसी डर के अपना काम कर सकें। यह बात उन्होंने ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सेना के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत के कुछ दिनों बाद कही। G7 समिट के एक आउटरीच सेशन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का मानना है कि झगड़ों का स्थायी समाधान बातचीत, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से ही निकल सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री व्यापार में रुकावटों से वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है और इस संघर्ष में कई भारतीय नागरिकों की जान गई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







