Home rss business hindi शेयर बाजार में अगले हफ्ते जारी रहेगी तेजी या लगेगा ब्रेक? FIIs...

शेयर बाजार में अगले हफ्ते जारी रहेगी तेजी या लगेगा ब्रेक? FIIs की वापसी, Nvidia के रिजल्ट और क्रूड ऑयल की कीमतें तय करेंगी मार्केट की चाल

6
0

Source :- KHABAR INDIA TV

अगले हफ्ते शेयर बाजार के निवेशकों की नजर कई बड़े घटनाक्रमों पर रहने वाली है। लगातार 10 कारोबारी सत्रों तक शानदार तेजी दिखाने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में पिछले हफ्ते मुनाफावसूली देखने को मिली। अब सवाल है कि क्या बाजार फिर से तेजी की राह पकड़ेगा या निवेशकों को एक बार फिर गिरावट का सामना करना पड़ेगा? विदेशी निवेशकों की खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतें, Nvidia के तिमाही नतीजे और महंगाई के आंकड़े अगले हफ्ते बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

पिछले हफ्ते बाजार में दिखी मुनाफावसूली

बीते शुक्रवार को सेंसेक्स 319 अंक गिरकर 81,592 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 155 अंक से ज्यादा टूटकर 25,144 के स्तर पर आ गया। इसके साथ ही निफ्टी की लगातार तीन कारोबारी सत्रों की तेजी पर ब्रेक लग गया। हालांकि, विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी और कंपनियों के बेहतर नतीजों से बाजार को साप्ताहिक आधार पर मजबूती मिली।

FIIs की खरीदारी से बाजार को मिलेगा सहारा?

अगले हफ्ते विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की गतिविधियों पर खास नजर रहेगी। विदेशी निवेशक लगातार 10 कारोबारी सत्रों से भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी कर रहे हैं। शुक्रवार को भी उन्होंने 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। अगर विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी रहती है, तो बाजार को मजबूती मिल सकती है। इसके उलट बिकवाली शुरू होने पर बाजार में दबाव बढ़ सकता है।

कच्चे तेल की कीमतें बढ़ा सकती हैं चिंता

कच्चे तेल की कीमतें भी बाजार के लिए बड़ा संकेत रहेंगी। मिडिल ईस्ट में तनाव और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता के कारण ब्रेंट क्रूड करीब 96 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है। सऊदी अरब के ऊर्जा ढांचे पर हमलों और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शिपिंग बाधित होने से तेल की कीमतों में फिर उछाल आया है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है। ऐसे में तेल महंगा होने से महंगाई बढ़ सकती है और कंपनियों की लागत पर दबाव पड़ सकता है। वहीं, कीमतों में गिरावट बाजार के लिए राहत लेकर आ सकती है।

Nvidia के नतीजों पर रहेगी दुनिया की नजर

ग्लोबल टेक्नोलॉजी सेक्टर के लिए Nvidia के तिमाही नतीजे बेहद अहम होंगे। कंपनी 17 नवंबर को अपने नतीजे घोषित करने वाली है। इसके नतीजों और मैनेजमेंट की टिप्पणी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर को लेकर निवेशकों का रुख तय हो सकता है। इसका असर भारतीय आईटी शेयरों पर भी देखने को मिल सकता है।

महंगाई बढ़ने से ब्याज दरों की चिंता

भारत में महंगाई के आंकड़ों ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है। अक्टूबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 6.09 फीसदी हो गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 फीसदी थी। यह RBI की 6 फीसदी की ऊपरी सीमा से भी ज्यादा है। इसके चलते दिसंबर की मौद्रिक नीति बैठक में RBI की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- अगले हफ्ते शेयर बाजार में मचेगी IPO की धूम, 10,000 करोड़ रुपये के इश्यू के साथ मैदान में उतरेंगी 3 कंपनियां

SOURCE : KHABAR INDIA TV