Home rss business hindi शेयर मार्केट में आई इस तेजी के क्या हैं कारण? क्या रौनक...

शेयर मार्केट में आई इस तेजी के क्या हैं कारण? क्या रौनक रहेगी जारी?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Stock Market Updates: सेंसेक्स करीब 700अंक से ज्यादा चढ़कर 72,631 के इंट्राडे हाई तक पहुंचा, जबकि निफ्टी 50 करीब 1% बढ़कर 22,621 के स्तर तक पहुंच गया
  • एक्सपर्ट्स के मुताबिक बाजार के और नीचे जाने की गुंजाइश कम है, क्योंकि वैल्यूएशन खासकर बड़ी कंपनियों के लिए आकर्षक हो गए हैं

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 5 अक्टूबर को जोरदार खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 700अंक से ज्यादा चढ़कर 72,631 के इंट्राडे हाई तक पहुंचा, जबकि निफ्टी 50 करीब 1% बढ़कर 22,621 के स्तर तक पहुंच गया। यह तेजी सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही। एनएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी करीब 1% ऊपर कारोबार करते दिखे। दूसरी ओर इस तेजी से बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पिछले कारोबारी सत्र के करीब ₹466 लाख करोड़ से बढ़कर लगभग ₹470 लाख करोड़ हो गया। यानी एक दिन में निवेशकों की संपत्ति करीब ₹4 लाख करोड़ बढ़ गई।

बाजार में तेजी की 3 बड़ी वजहें

1. भारी गिरावट के बाद शॉर्ट कवरिंग

हाल की तेज गिरावट के बाद बाजार में शॉर्ट कवरिंग देखने को मिल रही है। 1 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में सेंसेक्स और निफ्टी लगातार 8वें सप्ताह गिरावट में बंद हुए थे। यह करीब 25 वर्षों में सबसे लंबी साप्ताहिक गिरावट की लड़ी रही। अमेरिका-ईरान तनाव अभी भी बाजार के लिए बड़ा जोखिम है, लेकिन ताजा कूटनीतिक प्रयासों से निवेशकों की धारणा में कुछ सुधार हुआ है।

2. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी

कच्चे तेल की कीमतों में करीब 1% की गिरावट ने भी भारतीय बाजार को सहारा दिया। ब्रेंट क्रूड करीब 101 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था। मध्य-पूर्व से कच्चे तेल के निर्यात में बढ़ोतरी और G7 देशों द्वारा तेल भंडार जारी किए जाने से सप्लाई बढ़ने की उम्मीद है।

तेल की कीमतों में नरमी का असर रुपये पर भी दिखा। शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 5 पैसे मजबूत होकर 96.20 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

3. बैंक और IT ने संभाला मोर्चा

Q2 के अच्छे बिजनेस अपडेट और HDFC बैंक के CEO की नियुक्ति ने बैंकिंग शेयरों के लिए अच्छे संकेत दिए। वहीं , एक्सेंचर के चौथी तिमाही के नतीजों ने IT सेक्टर में सकारात्मक माहौल बनाया। कुल मिलाकर बाजार का मूड बेहतर हुआ। सुबह के कारोबार में बैंक निफ्टी 1.4% चढ़ गया, जबकि निफ्टी IT इंडेक्स 1.56% उछल गया।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, “लगातार आठ हफ्तों की गिरावट के बाद बाजार में निकट भविष्य में उछाल आने के आसार हैं। एक्सेंचर के उम्मीद से बेहतर नतीजे और अनुप बागची की HDFC बैंक के MD और CEO के तौर पर नियुक्ति बाजार का रुख पलट सकती है।”

विजयकुमार ने आगे कहा, “कच्चे तेल के ऊंचे दाम, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली जैसी दिक्कतें अब भी बनी हुई हैं, लेकिन बाजार के और नीचे जाने की गुंजाइश कम है, क्योंकि वैल्यूएशन खासकर बड़ी कंपनियों के लिए आकर्षक हो गए हैं। तेजी के मजबूत कारण भी हैं। सितंबर के ऑटो सेल्स के आंकड़े अच्छे हैं, जो दिखाते हैं कि अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है।”

उन्होंने बता, “आरबीआई 7 अक्टूबर को दरें 25 बेसिस पॉइंट बढ़ा सकता है। बाजार इस बात को पहले ही काफी हद तक मान चुका है। बैंकों को रेट हाइक का फायदा मिलेगा, क्योंकि फ्लोटिंग रेट बढ़ने से उनका मार्जिन सुधरेगा।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN