Source :- LIVE HINDUSTAN
भारतीय एथलीट मनप्रीत कौर ने शुक्रवार को एशियाई खेलों की गोला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। चीन की सोंग जियायुआन ने गोल्ड मेडल, जबकि झांग लिनरू ने सिल्वर मेडल जीता।
भारत की मनप्रीत कौर ने एशियाई खेलों में महिलाओं की शॉटपुट स्पर्धा में 17.17 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। स्वर्ण पदक चीन की सोंग जियायुआन (19.40 मीटर) और रजत झांग लिनरू (18.14मीटर) ने जीता। 36 वर्ष की मनप्रीत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2023 एशियाई चैम्पियनशिप में कांस्य था। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18 . 06 मीटर है जो उन्होंने 2022 में किया था।
वह हांगझोउ में 2023 एशियाई खेलों में पांचवें स्थान पर रही थी और ग्लास्गो में पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेलों में 17 . 49 मीटर के प्रयास के साथ चौथे स्थान पर थी। उन्होंने इस साल राष्ट्रीय अंतर प्रांत चैम्पियनशिप जीतकर एशियाई खेलों के लिये क्वालीफाई किया था। मनप्रीत उस भारतीय एथलेटिक्स टीम का हिस्सा थीं, जो एशियन गेम्स से पहले टोक्यो के पास सुकुबा विश्वविद्यालय में ट्रेनिंग कर रही थी।
इससे पहले कमलजीत और सुरुचि सिंह ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद जोरदार वापसी करते हुए शुक्रवार को एशियाई खेलों की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को पहला निशानेबाजी स्वर्ण पदक दिलाकर दल का मनोबल बढ़ाया। देश की खुशी में इजाफा करते हुए पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम ने भी रजत पदक हासिल किया। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार की भारतीय तिकड़ी ने 1762 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
ऐश्वर्य और नीरज इसके बाद व्यक्तिगत फाइनल में इस लय को बरकरार नहीं रख सके जिससे भारत के खाते में दिन में एक स्वर्ण और एक रजत आया। इसने उस टीम को राहत और निराशा दोनों दी जो यहां पहुंचने के बाद से एक के बाद एक निराशाओं से जूझ रही थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



