Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/08/03/1200x900/ramayana_yash_ranbir_kapoor_1785762240387_1785762244838_c6b640da-56cd-4c0c-9998-e7f57178e72e.pngRanbir Kapoor as Ram: रणबीर कपूर की रामायण के ट्रेलर पर रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रणबीर के राम के किरदार के बारे में कहा कि उन्हें नहीं पता कि दर्शक रणबीर को राम के किरदार में अपनाएंगे या नहीं।
रामायण का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही आम जनता और सेलेब्स उसपर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अब रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने भी ट्रेलर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साई पल्लवी और यश की तारीफ की, लेकिन रणबीर को लेकर कहा कि उन्हें नहीं पता कि दर्शक रणबीर को राम के रूप में अपना पाएंगे या नहीं।
रामानंद सागर के पोते ने की रामायण ट्रेलर की तारीफ
द क्लाइमेक्स इंडिया द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में शिव सागर ने कहा कि टीजर के मुकाबले ट्रेलर में काफी सुधार देखने को मिले। उन्होंने कहा, “मैंने ट्रेलर देखा, और ट्रेलर टीजर से बहुत बेहतर था क्योंकि जो टीजर उन्होंने निकाला था उसमें उन्होंने बहुत कम जानकारी दी थी। ये लंबा प्रोमो था, तो हम किरदारों और वीएफएक्स को ज्यादा देख पाए, इसमें रावण के किरदार से भी पर्दा उठाया गया जो किरदार यश निभा रहे हैं।”
साई पल्लवी और यश की कास्टिंग से खुश शिव सागर
शिव सागर इस बातचीत में साई पल्लवी और यश की तारीफ करते नजर आए। उन्होंने कहा, “मुझे फिल्म की कास्टिंग पसंद आई। रावण के लिए यश और सीता के लिए साई पल्लवी क्योंकि वो लोग साउथ इंडिया से हैं और ये एक्टर्स हमारी पौराणिक कथाओं को अच्छे से समझते हैं। ये वो कहानियां हैं जो उन लोगों ने छोटी उम्र से अपने दादा-दादी से सुनी हैं। तो उन्हें उनके तौर-तरीके समझ आते हैं और वो इन किरदारों को अच्छे से समझते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि यश और साई पल्लवी इन किरदारों को अपनी एक्टिंग में अच्छी तरह उतार पाएंगे।”
रणबीर की कास्टिंग पर क्यों संदेह?
शिव सागर ने साई पल्लवी औप यश की कास्टिंग की तो तारीफ की, लेकिन रणबीर के किरदार को लेकर वो पूरी तरह सहमत नहीं दिखे। उन्होंने कहा, “लेकिन बाकी के कुछ एक्टर्स उतने पसंद नहीं आए। मुझे लगा, हमने हमेशा क्या किया है कि राम के लिए हमेशा एक नया चेहरा कास्ट किया है। क्योंकि रणबीर के साथ कई तरह की बातें जुड़ी हैं, खासकर एनिमल के बाद, मुझे सच में नहीं पता कि वो राम के रूप में अपनाए जाएंगे या नहीं।”
रामानंद सागर के पोते को पसंद आया रामायण का VFX
नितेश की रामायण की आगे तारीफ करते हुए शिव सागर ने कहा कि फिल्म का VFX बहुत अच्छा है। नितेश तिवारी ने फिल्म की कल्पना बहुत अच्छे से की है। उन्होंने कहा, “मुझे टाइगर के रथ पर शूर्पणखा की एंट्री बहुत पसंद आई, और पुष्पक विमान को जिस तरह दिखाया गया है वो बहुत अच्छा है। फिल्म में कुछ चीजें बहुत अच्छे से की गई हैं। मैं आशा करता हूं कि ये रामायण बहुत अच्छा करे क्योंकि इससे ग्लोबल दर्शकों के लिए ये जॉनर खुलेगा, और हमारी सभ्यता और पौराणिक कथाएं इंटरनेशनल मार्केट तक पहुंचनी चाहिए।”
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




