Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विक-चिराग को इंडोनेशिया ओपन से हटना पड़ा है। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी मैच के दौरान चोटिल हो गए। पिछले हफ्ते भारतीय जोड़ी ने सिंगापुर ओपन जीता था।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी बुधवार को जकार्ता में इंडोनेशिया ओपन के पहले दौर के मुकाबले के दौरान सात्विक के कंधे में लगी चोट के कारण मैच से हट गई। भारतीय जोड़ी जब केंग खाइ शिंग और आरोन टाइ की मलेशिया की जोड़ी के खिलाफ 6-11 से पीछे थी तब सात्विक को अपने दाएं कंधे की ओर इशारा करते देखा गया और इसके बाद इस सुपर 1000 टूर्नामेंट के पहले दौर के मुकाबले को रोक दिया गया। भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने कहा, ”सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी सात्विक को लगी चोट के कारण पोलीट्रोन इंडोनेशिया ओपन 2026 से हट गई है।”

पिछले हफ्ते भारतीय जोड़ी ने जीता खिताब

बयान के अनुसार, ”यह जोड़ी अब उबरने की प्रक्रिया और रिहैबिलिटेशन पर ध्यान लगाएगी क्योंकि वे आगे के महत्वपूर्ण टूर्नामेंट की तैयारी करेंगे। हम सात्विक के जल्द उबरने और कोर्ट पर उन्हें जल्द ही दोबारा देखने की कामना करते हैं।” पिछले हफ्ते भारतीय जोड़ी ने सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल में अपना पहला खिताब जीता था। विश्व बैडमिंटन में सबसे तेज स्मैश लगाने वाले खिलाड़ियों में से एक और अमलापुरम के रहने वाले 25 साल के सात्विक पहले भी दाएं कंधे की चोट से परेशान रहे हैं। यह जोड़ी सात्विक की चोट के कारण इस साल की शुरुआत में भी बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप और स्विस ओपन से हट गई थी।

आयुष शेट्टी ने प्री क्वार्टर फाइनल में की एंट्री

वहीं, युवा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए इंडोनेशिया ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। दुनिया के 20वें नंबर के खिलाड़ी आयुष ने इस सुपर 1000 टूर्नामेंट के पहले दौर में दुनिया के 15वें नंबर के खिलाड़ी चीन के होंग येंग चेंग को 8-21, 22-20, 21-15 से हराया। पहले गेम में करारी हार के बाद 21 साल के आयुष ने दूसरे गेम में 11-15 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए मुकाबले को तीसरे और निर्णायक गेम में खींचा। बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष ने तीसरे और निर्णायक गेम में पूरी तरह से दबदबा बनाते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया जहां उनकी भिड़ंत हांगकांग के ली च्युक यू से होगी।

एचएस प्रणय को पहले दौर में शिकस्त मिली

पुरुष एकल में एचएस प्रणय को पहले दौर में ही आयरलैंड के एनहाट एनगुएन के खिलाफ तीन गेम में शिकस्त झेलनी पड़ी। पहले गेम 17-21 से गंवाने के बाद प्रणय ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-16 से जीता लेकिन तीसरे और निर्णायक गेम में 19-21 की हार के साथ मुकाबला गंवा दिया। मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रुतविका गड्डे की दुनिया की 41वें नंबर की भारतीय जोड़ी ने पो सुआन येंग और लिंग फेंग हू की चीनी ताइपे की जोड़ी के खिलाफ 21-14, 21-14 की जीत से दूसरे दौर में जगह बनाई।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN