Source :- LIVE HINDUSTAN
कढ़ाई का इस्तेमाल घरों में रोजाना सब्जी बनाने के लिए किया जाता है। ऐसे में अगर इसकी सफाई सही तरह से ना की जाए तो ये बहुत ज्यादा गंदी हो जाती है और फिर इसकी सफाई के लिए हैक काम आते हैं। यहां सीखिए पीछे से जल चुकी कढ़ाई को साफ करने की ट्रिक।
कढ़ाई का इस्तेमाल हर किचन में रोजाना किया जाता है। सब्जी बनानी हो या फिर दाल में तड़का लगाना हो हर काम में कढ़ाई का इस्तेमाल किया जाता है। रोजाना यूज होने की वजह से इसमें चिकनाहट जम जाती है और इसी सही तरह से ना धोने की वजह से ये चिकनाहट जमती रहती है। और फिर एक समय पर इतनी ज्यादा गंदी हो जाती हैं कि काले रंग की एक मोटी परत जम जाती है। इस तरह की मोटी परत को साफ करने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत लग जाती है। फिर भी रिजल्ट कुछ खास नहीं आता है। ऐसे में यहां हम कढ़ाई को चमकाने का एक खास हैक बता रहे हैं जिसे अपनाकर चिकनाहट पूरी तरह से साफ हो जाएगी। जानिए क्या है ये हैक।
कढ़ाई की चिकनाहट साफ करने के लिए हैक
कढ़ाई की चिकनाहट साफ करने के लिए सबसे पहले कढ़ाई को साबुन से अच्छी तरह से साफ कर लें। फिर इसे पूरी तरह से सूखा लें। सूखने के बाद कढ़ाई को सीधी तरफ से तेज आंच पर रखकर गरम कर लें। इसे सभी तरफ से अच्छी तरह से गरम कर लें। ध्यान रखें कि इस काम को बहुत सावधानी के साथ करना है। क्योंकि कढ़ाई काफी ज्यादा गर्म हो जाती है और इससे जलने का खतरा रहता है। जब कढ़ाई अच्छी तरह से गरम हो जाए तो आंच से कढ़ाई को उतारें और फिर एक कपड़े से इसे पकड़कर चाकू की मदद से पूरी चिकनाई को उतार दें। सभी तरफ से चाकू से चिकनाई उतारने के बाद इसे ठंडा होने दें और फिर पानी से धोकर साफ कर लें।
थोड़ी बहुत चिकनाई के लिए करें ये काम
एक बार कढ़ाई को जलाने के बाद वैसे तो गंदगी खुद साफ हो जाएगी, लेकिन अगर थोड़ा बहुत कुछ रह जाए तो सिरका और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें। इससे जिद्दी चिकनाई भी निकल जाती है। इसके लिए कढ़ाई में थोड़ा पानी और सफेद सिरका डालकर 5–10 मिनट उबालें। फिर गैस बंद करके बेकिंग सोडा डालें। इससे हल्का झाग बनेगा। फिर ठंडा होने पर स्क्रबर से साफ करें। इसके बाद कढ़ाई को पानी से धो लें।
हफ्ते में एक बार करें ये काम
हफ्ते में एक बार कढ़ाई साफ की डीप क्लीनिंग करें। इसके लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करना होगा। इसके लिए कढ़ाई पर बेकिंग सोडा छिड़कें। फिर थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें। 20–30 मिनट बाद स्पंज से रगड़ें और धो लें। आप इस नुस्खे को कढ़ाई के पीछे के हिस्से को साफ करने के लिए भी कर सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


