Home LIFESTYLE NEWS HINDI सिर्फ सीने में दर्द नहीं! हार्ट अटैक से पहले इन 3 हिस्सों...

सिर्फ सीने में दर्द नहीं! हार्ट अटैक से पहले इन 3 हिस्सों में भी हो सकता है दर्द

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सीने में दर्द, भारीपन हार्ट अटैक के खास लक्षण माने जाते हैं लेकिन शरीर के कुछ अलग हिस्सों में भी आपको दर्द महसूस हो सकता है, जिन्हें नजरअंदाज न करें। आइये जानते हैं हार्ट अटैक से पहले शरीर के किन हिस्सों में दर्द महसूस होता है।

आजकल हार्ट अटैक का खतरा सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि कम उम्र के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। हार्ट अटैक के कई लक्षण होते हैं, लेकिन ज्यादातर लोग मानते हैं कि इससे पहले सिर्फ सीने में दर्द होता है हालांकि, ऐसा जरूरी नहीं है। हार्ट अटैक का दर्द शरीर के कुछ दूसरे हिस्सों में भी महसूस हो सकता है, जिसे लोग अक्सर सामान्य बॉडी पेन समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, हार्ट अटैक के दौरान दर्द या असहजता शरीर के कुछ अन्य हिस्सों में भी महसूस हो सकती है। ऐसे में इन संकेतों को समय रहते पहचानना जरूरी है। आइए जानते हैं, शरीर के किन हिस्सों में दर्द होने पर सावधान होने की जरूरत है।

सीने में दर्द या प्रेशर महसूस करना

हार्ट अटैक से पहले सीने के बीचों बीच में दर्द या किसी तरह का प्रेशर महसूस होता है। कुछ लोगों को सीने में भारीपन या जकड़न भी लग सकती है। यह असहजता कुछ मिनटों से ज्यादा समय तक रह सकती है या फिर थोड़ी देर बाद ठीक होकर दोबारा शुरू हो सकती है।

शरीर के इन 3 हिस्सों में होता है दर्द

1. बाएं या दाएं हाथ में दर्द

हार्ट अटैक से पहले बाएं या दाएं हाथ में दर्द हो सकता है। यह दर्द कंधे से शुरू होकर हाथ और फिर उंगलियों तक फैल सकता है। कुछ देर में यह दर्द सही हो सकता है और फिर दोबारा हो सकता है। अक्सर इस दर्द को लोग साधारण समझकर छोड़ देते हैं लेकिन हर बार ऐसा करना सही नहीं है।

2. गर्दन, पीठ और जबड़े का दर्द

गर्दन, जबड़े और पीठ में अगर जोर से दर्द महसूस हो रहा है, तो उसे गंभीरता से लें। यह दर्द अचानक शुरू होकर लगातार बना रह सकता है या सीने की असहजता के साथ हो सकता है। खासतौर पर महिलाओं में यह ज्यादा होता है।

3. पेट में दर्द

पेट दर्द को अक्सर हम पाचन समस्या समझकर छोड़ देते हैं। कभी ऐंठन, गैस, कब्ज, कहकर पेट के दर्द को नजरअंदाज कर दिया जाता है लेकिन हर बार यह दर्द सामान्य नहीं होता। हार्ट अटैक से पहले पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द महसूस हो सकता है, जिसे साधारण समझने की गलती न करें।

महिलाओं और पुरुषों में अलग हो सकते हैं लक्षण

पुरुषों की तरह महिलाओं में भी हार्ट अटैक का सबसे आम लक्षण सीने में दर्द या असहजता है। हालांकि, महिलाओं में कुछ ऐसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं, जिन्हें आमतौर पर हार्ट अटैक से जोड़कर नहीं देखा जाता।

  • घबराहट या बेचैनी महसूस होना
  • सांस लेने में परेशानी या सांस फूलना
  • जी मिचलाना या उल्टी होना
  • पेट खराब या अपच जैसी समस्या होना
  • बिना ज्यादा मेहनत के असामान्य थकान और कमजोरी महसूस होना

नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN