Home LIFESTYLE NEWS HINDI सॉफ्ट और जालीदार उत्तपम बनाने की सीक्रेट ट्रिक, एक बार ट्राई जरूर...

सॉफ्ट और जालीदार उत्तपम बनाने की सीक्रेट ट्रिक, एक बार ट्राई जरूर करें

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Soft-Spongy Rava Uttapam Recipe: अगर आपका उत्तपम घर पर कभी सॉफ्ट तो कभी हार्ड बनता है, तो इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें। इससे हर बार बाजार जैसा सॉफ्ट, स्पंजी और टेस्टी उत्तपम बना पाएंगे।

सुबह का नाश्ता ऐसा हो जो जल्दी भी बन जाए, स्वाद में भी कमाल हो और बार-बार बनाने का मन करे, तो रवा उत्तपम एक बेहतरीन विकल्प है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ना तो रातभर कुछ भिगोने की जरूरत पड़ती है और ना ही लंबा इंतजार करना पड़ता है। कुछ ही मिनटों की तैयारी में बनने वाला यह नाश्ता बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से बेहद मुलायम होता है।

वहीं, ऊपर से रंग-बिरंगी सब्जियां इसका स्वाद और पोषण दोनों बढ़ा देती हैं। अगर आपके घर में भी नाश्ते को लेकर रोज नया सवाल खड़ा हो जाता है, तो यह आसान रेसिपी हर किसी को पसंद आएगी।

रवा उत्तपम बनाने के लिए सामग्री

एक कप सूजी

आधा कप दही

आधा कप पानी

एक छोटा चम्मच नमक

आधा छोटा चम्मच खाने वाला सोडा या ईनो

बारीक कटा प्याज

बारीक कटा टमाटर

बारीक कटी शिमला मिर्च

बारीक कटी हरी मिर्च

बारीक कटा हरा धनिया

थोड़ा सा तेल या घी

घोल कैसे तैयार करें

एक बड़े कटोरे में सूजी, दही, पानी और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसे लगभग 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए। अगर घोल ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी मिला लें। आखिर में खाने वाला सोडा या ईनो डालकर फिर से चला दें।

रवा उत्तपम बनाने की विधि

  • तवा हल्का गरम करें और उस पर थोड़ा तेल या घी लगाएं। अब एक करछी घोल डालकर उसे हल्का फैलाएं। ऊपर से प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। सब्जियों को हल्के हाथ से दबा दें ताकि वे अच्छी तरह चिपक जाएं।
  • अब किनारों पर थोड़ा तेल डालें और मध्यम आंच पर पकाएं। जब नीचे की तरफ सुनहरा रंग आ जाए, तो सावधानी से पलट दें। दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह पकने दें। दोनों तरफ सुनहरा होने पर इसे गरमा गरम उतार लें।
  • सर्व करने से पहले इस पर थोड़ा चाट मसाला छिड़क सकते हैं, स्वाद दोगुना हो जाएगा।

रवा उत्तपम को सॉफ्ट बनाने के अन्य टिप्स

  1. सूजी को अच्छी तरह फूलने दें: अगर सूजी को रेस्ट के लिए समय नहीं मिलेगा, तो बैटर फूलेगा नहीं और उत्तपम हार्ड बनेगा।
  2. घोल ना ज्यादा गाढ़ा रखें, ना बहुत पतला: सही गाढ़ापन ही उत्तपम को मुलायम बनाता है।
  3. मीडियम आंच पर पकाएं: बहुत तेज आंच पर पकाने से उत्तपम बाहर से जल सकता है और अंदर से कच्चा रह सकता है।
  4. आखिर में ही सोडा डालें: सोडा या ईनो सबसे आखिर में डालें और तुरंत उत्तपम बनाना शुरू करें।
  5. तवे का सही तापमान रखें: बहुत गरम या ठंडे तवे पर उत्तपम अच्छी तरह नहीं बनता, चिपकने के चांसेस और बढ़ जाते हैं।

किसके साथ परोसें?

रवा उत्तपम को नारियल की चटनी, टमाटर की चटनी, मूंगफली की चटनी या सांभर के साथ परोसें। चाहें तो बच्चों के लिए इसे दही या घर की बनी हरी चटनी के साथ भी परोस सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN