Home BUSINESS NEWS HINDI सोना-चांदी के भाव आज भी गिरे, जून में ₹15,100 टूटा गोल्ड, 1...

सोना-चांदी के भाव आज भी गिरे, जून में ₹15,100 टूटा गोल्ड, 1 महीने में 18 साल की सबसे बड़ी गिरावट

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

MCX Gold Silver Rates: एमसीएक्स पर बुधवार, 1 जुलाई को शुरुआती सौदों में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। मजबूत होते अमेरिकी डॉलर, बढ़ती ट्रेजरी यील्ड और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की बढ़ती उम्मीदों ने कीमती धातुओं पर दबाव बनाए रखा। एमसीएक्स पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 0.86% गिरकर 1,41,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर और सितंबर डिलीवरी वाली चांदी 2.06% टूटकर 2,23,850 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहे थे।

ऑल टाइम हाई से कितना सस्ता हुअए सोना, चांदी

एमसीएक्स के आंकड़ों के अनुसार, 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर था और तब से लेकर आज की डेट तक 51796 रुपये तक सस्ता हो चुका है। वहीं, एमसीएक्स सिल्वर का ऑल टाइम हाई 4,20,048 रुपये है और यह 196198 रुपये सस्ता हो चुका है।

जून में आई तेज गिरावट के कारण

जून महीने में सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट आई। इसके पीछे लगातार ऊंची बनी महंगाई और उसके चलते अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाए जाने की चिंता प्रमुख कारण रही। इसी दौरान अमेरिका और ईरान के बीच विवाद सुलझाने के लिए बातचीत की सहमति बनने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट आई।

जून में 38,250 रुपये सस्ती हुई चांदी

एमसीएक्स के आंकड़ों के अनुसार, घरेलू स्पॉट गोल्ड का भाव जून में 15,100 रुपये यानी लगभग 10% लुढ़ककर 1,40,864 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं चांदी की कीमतें जून में 38,250 रुपये यानी करीब 15% गिरकर 30 जून को 2,25,125 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुईं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की बड़ी कमजोरी

अमेरिकी बाजार में सोने की कीमतों को जून के दौरान 12.7% का नुकसान झेलना पड़ा, जो 2008 के बाद किसी एक महीने की सबसे बड़ी गिरावट है। यह लगातार चौथा महीना रहा जब सोना गिरा, और इस तिमाही में आई गिरावट 2013 के बाद सबसे तेज रही। इसके पीछे यह बढ़ती आशंका रही कि महंगाई फेड को दरें बढ़ाने के लिए मजबूर कर देगी।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN