Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/17/1200x900/Sonu_Nigam_1781699802931_1781699803401_fff2cb10-f9e8-4aeb-84ea-ddf73131a218.webp

Sonu Nigam: सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी हेल्थ प्रॉब्लम के बारे में खुलकर बात की है। इतना ही नहीं, उन्होंने ये भी बताया कि इस वक्त उनका इलाज चल रहा है।

सोनू निगम इन दिनों एक गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर खुद ये बात बताई है। उन्होंने कहा कि उनकी गर्दन की नस दब गई है। पिछले एक हफ्ते से वे असहनीय दर्द झेल रहे हैं और अपना एमआरआई – सीटी स्कैन करवा रहे हैं। इतना ही नहीं, फिजियोथेरेपी की भी मदद ले रहे हैं और दवाइयां खा रहे हैं। सोनू ने बताया कि इन दवाइयों के वजह से उनकी आवाज भारी हो गई है।

सोनू निगम का फैसला

इन तकलीफों की वजह से सोनू निगम करीब सवा महीने तक शोज नहीं कर रहे थे, लेकिन अब उन्होंने वापस शोज करने का फैसला लिया है। गर्दन पर पट्टियां बांधकर वे परफॉर्मेंस की तैयारियों में जुट गए हैं। उन्होंने ईश्वर से इस मुश्किल घड़ी में शक्ति की कामना की है। वहीं कविता सेठ, अलीशा चिनॉय और रूपकुमार राठौड़ जैसे सेलेब्स उनके जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं।

दिल्ली से कैसे आए मुंबई?

सोनू निगम को बचपन से ही गाने का शौक था। ऐसे में सोनू निगम दिल्ली के स्थानीय कार्यक्रमों में गाते थे और लोगों को उनकी आवाज बहुत पसंद आती थी। धीरे-धीरे छोटे-बड़े इवेंट्स में उनकी मांग बढ़ने लगी, लेकिन सोनू और उनके पिता अगम कुमार निगम जानते थे कि अगर संगीत की दुनिया में कोई बड़ा मुकाम हासिल करना है तो मुंबई जाना ही होगा। ऐसे में सोनू निगम 18 साल की उम्र में मुंबई आ गए।

चार साल का स्ट्रगल

शुरुआत में सोनू को बहुत स्ट्रगल करना पड़ा। चार साल तक वे और उनके पिता काम की तलाश में संगीत निर्देशकों के दफ्तरों के चक्कर काटते थे। जब काम नहीं मिल रहा था तब घर का खर्च चलाने के लिए सोनू स्टेज शोज में महान गायक मोहम्मद रफी के गाने गाते थे।

गुलशन कुमार ने थामा हाथ

सोनू निगम की किस्मत तब बदली जब टी-सीरीज के मालिक गुलशन कुमार की नजर उन पर पड़ी। सोनू की आवाज से प्रभावित होकर गुलशन कुमार ने उन्हें 1992 में स्टूडियो बुलाया और अपनी कंपनी के एक एल्बम ‘रफी की यादें’ में गाने का मौका दिया। इसके बाद उन्होंने कई भजन और विज्ञापनों के लिए जिंगल्स गाए। जब पैसे आए तब सोनू निगम ने सबसे पहले अपने परिवार को दिल्ली से मुंबई बुलाया।

पहली फिल्म

तीन साल बाद सोनू को फिल्म ‘बेवफा सनम’ का ‘अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का’ मिला। ये गाना हिट हो गया और फिर उन्हें ‘सा रे गा मा’ शो को होस्ट करने का ऑफर मिला। इसके बाद, उन्होंने 1997 में फिल्म ‘बॉर्डर’ का संदेशे आते हैं’ गाया और इस गाने ने सारे रिकॉर्ड्स तोड़ दिए। आज सोनू निगम भारत की 32 अलग-अलग भाषाओं में 6,000 से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दे चुके हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN