Source :- LIVE HINDUSTAN
MCX Gold Silver Price: सोने-चांदी की कीमतों में आज भी तेजी है। एमसीएक्स पर सुबह सवा नौ बजे के करीब सोना 0.62 प्रतिशत उछल कर 145187 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव से ट्रेड कर रहा था। जहां तक चांदी की बात करें तो आज बुधवार 5 अगस्त की सुबह यह 1.01 प्रतिशत महंगी होकर 223850 रुपये प्रति किलो ग्राम के रेट से ट्रेड कर रही थी। सोमवार रात को सोना 142900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जबकि, चांदी 216506 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी। यानी पिछले 33 घंटे में सोना 2287 रुपये महंगा हुआ है। जबकि, चांदी के भाव इस अवधि में 7000 रुपये चढ़े हैं।
ऑल आइम हाई से अभी कितना सस्ता
एमसीएक्स के आंकड़ों के अनुसार, 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर था और तब से लेकर आज की डेट तक 47909 रुपये तक सस्ता हो चुका है। वहीं, एमसीएक्स सिल्वर का ऑल टाइम हाई 4,20,048 रुपये है और यह 196198 रुपये सस्ती हो चुकी है।
इंटरनेशनल मार्केट में भी चमका सोना
सोने का भाव करीब 4,095 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले हफ्ते के पहले दो सत्रों में इसमें 0.8% का इजाफा हो चुका है। सिंगापुर में सुबह 9:45 बजे स्पॉट गोल्ड (तुरंत डिलीवरी वाला सोना) 0.4% बढ़कर 4,094.11 डॉलर प्रति औंस पर था। चांदी 0.6% बढ़कर 59.89 डॉलर प्रति औंस पर थी।
क्यों बढ़ रहे सोने-चांदी के दाम
ईरान-अमेरिका टेंशन: कतर ने कहा है कि होर्मुज के रास्ते सामान्य व्यापारिक शिपिंग को बहाल करने के लिए एक प्रस्ताव तैयार किया गया है। अमेरिका और ईरान के अधिकारियों ने भी बातचीत में तरक्की के संकेत दिए हैं। वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता बनी हुई है।
ब्याज दर: आज रिजर्व बैंक रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं करने का एलान कर सकता है। दूसरी ओर बाजार अब यह मानकर चल रहे हैं कि साल के अंत तक अमेरिका में ब्याज दरों में सिर्फ एक बार बढ़ोतरी होगी, जबकि पिछले हफ्ते तक दो बार बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही थी। ब्याज दरें बढ़ाना आम तौर पर सोने जैसी कीमती धातुओं के लिए अच्छा होता है, क्योंकि इन पर कोई ब्याज नहीं मिलता।
अमेरिका-ईरान जंग में 20% से अधिक पिघला सोना
फरवरी के अंत में अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से सोना 20 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है। इस संघर्ष ने ऊर्जा की कीमतें आसमान पर पहुंचा दी हैं, महंगाई के दबाव को बढ़ाया है और इस आशंका को भी जन्म दिया है कि ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची बनी रह सकती हैं। फिर भी, पिछले हफ्ते हुई फेड की बैठक में अधिकारियों ने लगातार पांचवीं बार नीतियों में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया, हालांकि तीन सदस्य ब्याज दर बढ़ाने के पक्ष में थे।
विशेषज्ञ बोले- 4000 डॉलर पर अटका पड़ा है सोना
जेफरीज एलएलसी के विश्लेषकों, जिनमें चार्ल्स एहिडियामहेन शामिल हैं, ने एक नोट में कहा, “हाल के महीनों में सोने में गिरावट आई है और यह फिलहाल करीब 4,000 डॉलर प्रति औंस पर अटका हुआ है। सोने की कीमतों को प्रभावित करने वाला मुख्य कारक ब्याज दरों की दिशा है।”
इनपुट: ब्लूमबर्ग
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




