Source :- LIVE HINDUSTAN

Gold Silver Rates Today 17 June: भारतीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को नरमी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 0.19 फीसदी की गिरावट के साथ 1,52,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,53,091 रुपये था। वहीं चांदी की शुरुआत 0.18 फीसदी बढ़त के साथ 2,50,557 रुपये प्रति किलोग्राम पर हुई, जो पिछले बंद भाव 2,50,105 रुपये से ऊपर थी।

सुबह 10:40 बजे तक MCX पर सोना 0.36 फीसदी टूटकर 1,52,539रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया और चांदी 0.44 फीसदी की गिरावट के साथ 2,49,499 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की चमक बरकरार

वैश्विक बाजार का रुख कुछ अलग रहा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाजिर सोना लगातार पांचवें सत्र में बढ़त दर्ज करते हुए 0.3 फीसदी चढ़कर 4,341.12 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। यह सोमवार को बने एक सप्ताह के हाई के करीब है। अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स अगस्त डिलीवरी के लिए 0.2 फीसदी बढ़कर 4,361.10 डॉलर प्रति औंस रहे। हाजिर चांदी भी 0.3 फीसदी की तेजी के साथ 70.38 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।

सोने-चांदी में गिरावट के कारण

भारतीय बाजार में गिरावट की प्रमुख वजह अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर बनी सतर्कता और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ शांति समझौता तेहरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकेगा, जबकि अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार समझौते पर दस्तखत होने के बाद ईरान को तेल बेचने की मंजूरी मिल सकती है। इस खबर से कच्चे तेल के दाम तीन महीने के निचले स्तर के करीब फिसल गए, जिससे महंगाई की चिंता कम हुई और सोने की मांग पर दबाव पड़ा।

निवेशकों की नजरें फेड की तरफ

बाजार की निगाहें अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक के नतीजे और नए एफओएमसी चेयरमैन केविन वॉर्श के बयान पर टिकी हैं। व्यापक रूप से उम्मीद है कि ब्याज दरों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा।

सीएमई फेडवॉच टूल के अनुसार, दिसंबर में ब्याज दर बढ़ोतरी की संभावना 59 फीसदी आंकी गई है, जो अमेरिका-ईरान शांति समझौते की घोषणा से पहले करीब 70 फीसदी थी। ऊंची ब्याज दरों के दौरान सोने का आकर्षण कम हो जाता है, क्योंकि इस पर कोई ब्याज नहीं मिलता।

क्या करें निवेशक

इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी का कहना है कि MCX पर सोने की कीमत एक दायरे में बनी रह सकती है और उन्होंने फिलहाल कोई पोजीशन लेने से बचने की सलाह दी है। उनके अनुसार, सोने को 1,52,000 रुपये के स्तर पर सपोर्ट और 1,53,000 रुपये पर रजिस्टेंस मिल सकता है। वहीं चांदी के लिए भी रेंजबाउंड रहने का अनुमान है, जिसमें 2,49,000 रुपये पर सपोर्ट और 2,51,000 रुपये पर रजिस्टेंस देखने को मिल सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN