Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- दशहरा की वजह से मंगलवार, 20 अक्टूबर को शेयर बाजार में कामकाज बंद रहेगा
- इसके बाद अब नवंबर और दिसंबर में कुल तीन छुट्टियां हैं
अगर आप शेयर बाजार में ट्रेडिंग करते हैं तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल, अगले सप्ताह निवेशक 5 कारोबारी दिन में से सिर्फ 4 दिन ही शेयरों की खरीद-बिक्री कर सकेंगे। मतलब एक दिन शेयर बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी। इसके अलावा, शनिवार और रविवार साप्तहिक अवकाश का दिन होता है। बहरहाल, आइए जान लेते हैं कि अगले हफ्ता शेयर बाजार किस दिन बंद रहने वाला है।
20 अक्टूबर को NSE और BSE बंद रहेंगे
दशहरा के कारण अगले हफ्ते एक दिन के लिए निफ्टी और सेंसेक्स में कामकाज बंद रहेगा। NSE की वेबसाइट के अनुसार, मंगलवार, 20 अक्टूबर को कैपिटल मार्केट, डेरिवेटिव्स मार्केट, इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स (EGR) और डेट मार्केट में कामकाज बंद रहेगा। इसी तरह, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर मंगलवार को इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, NDS-RST और ट्राई-पार्टी रेपो सेगमेंट, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और EGR सेगमेंट में छुट्टी रहेगी। इसका मतलब हुआ कि बीएसई और एनएसई इंडेक्स- सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को खुले रहेंगे। वहीं, शनिवार और रविवार साप्ताहिक अवकाश का दिन है।
नवंबर और दिसंबर में शेयर बाजार की छुट्टियां
बता दें कि यह अक्टूबर के महीने में शेयर बाजार की दूसरी और आखिरी छुट्टी है। इसके अलावा, नवंबर और दिसंबर में बाजार तीन और दिन बंद रहेंगे। दिवाली-बालिप्रतिपदा के अवसर पर 10 नवंबर, मंगलवार को NSE और BSE पर सभी तरह का कामकाज बंद रहेगा। दिवाली की छुट्टी के अलावा, मंगलवार 24 नवंबर को प्रकाश गुरुपर्व (श्री गुरु नानक देव जी) और 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर भी शेयर बाजार में कामकाज बंद रहेगा। वहीं, नवंबर महीने में दिवाली वाले दिन ट्रेडिंग मुहूर्त पर बाजार कुछ देर के लिए खुला रहेगा।
बाजार के लिए कैसा रहा बीता सप्ताह
साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स में कुल 2,256.94 अंक यानी 3.11 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई जबकि एनएसई निफ्टी 625.7 अंक यानी 2.77 प्रतिशत चढ़ गया। बीते शुक्रवार की बात करें तो बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 413.66 अंक यानी 0.56 प्रतिशत बढ़कर 74,729.27 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 463.17 अंक चढ़कर 74,778.78 अंक तक पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 148.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत बढ़कर 23,146.15 अंक पर बंद हुआ।
एनएसई में जिन 3,669 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,131 के शेयर ऊपर और 1,422 के नीचे बंद हुए। अन्य 116 कंपनियों के शेयर अंततः बिना किसी बदलाव के बंद हुए। वहीं, सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 18 के शेयरों मजबूती में रहे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




