Home National news hindi अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर मुंबई के जुहू में फ़ायरिंग, पुलिस ने क्या...

अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर मुंबई के जुहू में फ़ायरिंग, पुलिस ने क्या बताया

6
0

Source :- BBC INDIA

अभिनेता टाइगर श्रॉफ़

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 3 मिनट

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ की कार पर मुंबई में रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने फ़ायरिंग की. इस घटना में उनका ड्राइवर घायल हुआ है.

बीसीसी न्यूज़ मराठी के मुताबिक़, मुंबई के विले पार्ले पश्चिम में जुहू पुलिस थाने की सीमा के भीतर गोलीबारी की घटना की रिपोर्ट है. मुंबई के वेस्ट ज़ोन-2 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मोहित गर्ग ने टाइगर श्रॉफ़ से जुड़ी गोलीबारी की घटना की पुष्टि की है.

मुंबई पुलिस के मुताबिक़, गोलीबारी में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस भी शामिल हैं. उनके बाएं हाथ में गोली लगी है.

डीसीपी मोहित गर्ग के मुताबिक़, “टाइगर श्रॉफ़ सुरक्षित हैं. उन्हें गोली नहीं लगी है और वे घायल नहीं हुए हैं.”

डीसीपी गर्ग ने कहा, “यह घटना शाम करीब 7 बजे की है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह किसी निजी काम से आए थे. काम ख़त्म होने के बाद जब वह जा रहे थे, तभी यह घटना घटी.”

इस घटना को लेकर विपक्षी पार्टियों ने राज्य की क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी ने कहा है कि राज्य के मुख्यमंत्री आम लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रहे हैं.

एआईएमआईएम के नेता वारिस पठान ने इसे ‘क़ानून व्यवस्था की पूरी विफलता’ बताया है.

पुलिस ने क्या बताया

अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ मशहूर अभिनेता जैकी श्रॉफ़ के बेटे हैं

मुंबई डीसीपी मोहित गर्ग ने मीडिया को बताया कि मुंबई पुलिस ने कई टीमें बनाई गई हैं और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

उन्होंने कहा, “यह घटना उस समय हुई, जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से लौट रहे थे. उन्हें कोई गोली नहीं लगी है और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं.”

“फ़ॉरेंसिक टीम ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है. फिलहाल करीब 15 टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं. जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा.”

हालांकि पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा, “इस समय यह बताना उचित नहीं होगा कि कितने राउंड गोलियां चलाई गईं.”

समाचार एजेंसी आईएएनएस ने मुंबई पुलिस के हवाले से बताया है कि हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने का रास्ता पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी गई है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया.

विपक्ष ने उठाया क़ानून व्यवस्था का सवाल

मौके पर पहुंचे फ़ॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम

कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने एक्स पर लिखा, “अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ की कार पर गोली चलाए जाने की ख़बर बेहद चौंकाने वाली है. मुंबई में आख़िर चल क्या रहा है?”

उन्होंने लिखा, “बाबा सिद्दीकी की हत्या, सलमान ख़ान के घर पर फ़ायरिंग, कई अभिनेताओं और निर्माताओं को धमकियां.. मुंबई में क़ानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. यहां क़ानून का राज नहीं, बल्कि अराजकता है. मुख्यमंत्री पूरी तरह नाकाम रहे हैं.”

सचिन सावंत ने आगे कहा, “मुंबई को अपराधियों के ख़ौफ़ में धकेलने वाली सरकार की जनता को निंदा करनी चाहिए.”

कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने एक्स पर लिखा, “मुंबई में कानून व्यवस्था की अफ़रा-तफ़री मची हुई है. ख़बरें हैं कि टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी में एक और व्यक्ति घायल हुआ है. क्या अपराधियों को क़ानून का कोई डर बचा है? सरकार और गृह विभाग को मुंबईवासियों की सुरक्षा के बारे में जवाब देना चाहिए.”

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के नेता रोहित पवार ने अपने फ़ेसबुक पर कहा, “ठाणे में शिवसेना विभागाध्यक्ष प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या की घटना अभी ताज़ा है, वहीं मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की खबर बेहद चौंकाने वाली है. सौभाग्य से, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं.”

“लेकिन इससे यह सवाल उठता है कि अगर राज्य के नेता और अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा? राज्य की क़ानून व्यवस्था कहां चली गई है? अगर राज्य की आर्थिक राजधानी में गुंडों का इतना डर ​​है, तो कौन सा व्यापारी राज्य में निवेश करेगा?”

उन्होंने कहा, “सरकार को पहले राज्य का सुचारू रूप से संचालन करना चाहिए और अगर यह संभव नहीं है, तो गृह मंत्रालय किसी सक्षम मंत्री को सौंप देना चाहिए.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS