Home rss business hindi आज क्यों क्रैश हुआ शेयर मार्केट? 4 लाख करोड़ रुपये ‘स्वाहा’

आज क्यों क्रैश हुआ शेयर मार्केट? 4 लाख करोड़ रुपये ‘स्वाहा’

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Why stock market is down today: सेंसेक्स डे हाई से करीब 1000 अंक से अधिक फिसल गया, जबकि निफ्टी 50 भी 23,000 के नीचे आ गया
  • इस गिरावट के चलते बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के निवेशकों के करीब 4 लाख करोड़ स्वाहा हो गए

भारतीय शेयर बाजार आज खुला तो हरे निशान पर, लेकिन ऐसी बिकवाली हुई कि क्रैश हो गया। सेंसेक्स डे हाई से करीब 1000 अंक से अधिक फिसल गया, जबकि निफ्टी 50 भी 23,000 के नीचे आ गया। इस गिरावट के चलते बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के निवेशकों के करीब 4 लाख करोड़ स्वाहा हो गए। इनका मार्केट कैप 472 लाख करोड़ रुपये से घटकर 468 लाख करोड़ रुपये रह गया है। प्राइवेट बैंकों के कमजोर प्रदर्शन, कच्चे तेल महंगाई और ग्लोबल मार्केट्स से मिले कमजोर संकेतों ने निवेशकों की धारणा पर दबाव डाला।

दोपहर करीब 1:35 बजे सेंसेक्स 915 अंक यानी 1.25% गिरकर 73,813 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 50 में 268 अंक यानी 1.25% की गिरावट थी और यह 22,877 पर आ गया था। सेंसेक्स जहां डे हाई 74,849 और लो 73,771 के बीच झूल रहा है तो निफ्टी 23,175 और 22,861 के बीच था।

क्यों गिरा शेयर बाजार?

1. बैंकिंग शेयरों में बिकवाली

निजी बैंकिंग शेयरों में कमजोरी बाजार की गिरावट की प्रमुख वजह रही। एचडीएफसी बैंक के शेयर करीब 2% गिर गए। बैंक के सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) पर दबाव और मुनाफे की धीमी वृद्धि को लेकर निवेशकों में चिंता दिखी। बैंक निफ्टी भी करीब 0.5% नीचे था। वहीं, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस में भी 1.72 से 3.80 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की जा रही है।

2. कच्चे तेल की ऊंची कीमतें

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 108 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रहने से भारतीय बाजार पर दबाव पड़ा। भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऐसे में महंगा कच्चा तेल देश के आयात बिल और महंगाई को बढ़ा सकता है। इससे कंपनियों की लागत और अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका रहती है।

3. कमजोर वैश्विक संकेत

एशियाई बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों में निवेश और भारी फंडिंग की जरूरत को लेकर चिंताओं के बीच टेक्नोलॉजी शेयरों पर दबाव रहा। इससे निवेशकों का रुझान जोखिम वाले एसेट्स से दूर हुआ।

4. इंडिया VIX में तेजी

बाजार में उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला इंडिया VIX करीब 4% बढ़कर 14.52 पर पहुंच गया। VIX में तेजी आम तौर पर निवेशकों की बढ़ती अनिश्चितता और बाजार में अधिक उतार-चढ़ाव की आशंका को दर्शाती है।

आगे बाजार में क्या रहेगा अहम?

वैसे तो कल यानी 20 अक्टूबर के दशहरा के मौके पर भारतीय शेयर बाजार बंद रहेगा, लेकिन आने वाले सत्रों में कच्चे तेल की कीमतें, वैश्विक बाजारों का रुख और कंपनियों के तिमाही नतीजे बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बैंकिंग शेयरों में आगे की चाल पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN