Home rss business hindi 434% बढ़ गया कंपनी का प्रॉफिट, शेयर में जोरदार तेजी, लगा अपर...

434% बढ़ गया कंपनी का प्रॉफिट, शेयर में जोरदार तेजी, लगा अपर सर्किट

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • एचएफसीएल का नेट प्रॉफिट चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 434% बढ़कर 363 करोड़ रुपये हो गया
  • पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 68 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था
  • यानी एक साल में कंपनी के मुनाफे में जोरदार उछाल आया है

HFCL Q2 Results: एचएफसीएल (HFCL) के शेयरों में सोमवार, 19 अक्टूबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी के शानदार तिमाही नतीजों के बाद शेयर 5% के अपर सर्किट पर पहुंच गया। इसी के साथ यह शेयर 268.81 रुपये पर पहुेच गए। शेयरों में इस तेजी के पीछे सितंबर तिमाही के शानदार नतीजे हैं। दरअसल, एचएफसीएल का नेट प्रॉफिट चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 434% बढ़कर 363 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 68 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। यानी एक साल में कंपनी के मुनाफे में जोरदार उछाल आया है। बता दें कि कंपनी का इस तिमाही में अब तक का अपना सबसे अच्छा परफॉर्मेंस रहा है।

रेवेन्यू और एबिटा में जोरदार उछाल

HFCL का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में बढ़कर 2,542 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 1,043 करोड़ रुपये था। यानी कंपनी की कमाई में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, कंपनी का एबिटा भी पिछले साल के 190 करोड़ रुपये से बढ़कर 631 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एबिटा से पता चलता है कि कंपनी अपने मुख्य कारोबार से कितना ऑपरेटिंग मुनाफा कमा रही है। कंपनी का एबिटा मार्जिन भी बढ़कर 24.8% हो गया, जो एक साल पहले 18.2% था। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी अब अपने कारोबार से पहले के मुकाबले बेहतर मुनाफा कमा रही है।

ऑर्डर बुक से मिली मजबूती

एचएफसीएल की कुल ऑर्डर बुक अब 28,911 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। इसके अलावा, कंपनी के पास कई नए ऑर्डर मिलने की संभावनाएं भी हैं, जिन पर बातचीत आगे बढ़ रही है। कंपनी के मुताबिक, AI इंफ्रास्ट्रक्चर, बड़े डेटा सेंटर और टेलीकॉम नेटवर्क से जुड़ी मांग तेजी से बढ़ रही है। वहीं, विदेशों से मिलने वाले कारोबारी अवसर भी पक्के कॉन्ट्रैक्ट में बदल रहे हैं। इतने बड़े ऑर्डर और नए प्रोजेक्ट मिलने की संभावनाओं से कंपनी को आने वाले कई सालों तक कारोबार बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

FY27 में रेवेन्यू ग्रोथ को लेकर बड़ा अनुमान

कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए अपने रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान भी दिया है। HFCL को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 में उसका रेवेन्यू, वित्त वर्ष 2026 के मुकाबले कम से कम 80% बढ़ सकता है। कंपनी को यह उम्मीद मौजूदा ऑर्डर बुक, कारोबार में तेजी और आने वाले नए ऑर्डर के अवसरों के आधार पर है। इसके अलावा, HFCL ऑप्टिकल फाइबर, केबल और प्रीफॉर्म मैन्युफैक्चरिंग की क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 1,800 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है। इससे कंपनी का प्रोडक्शन बढ़ेगा और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी अलग-अलग प्रक्रियाओं पर उसकी पकड़ मजबूत होगी।

डिफेंस और एयरोस्पेस कारोबार पर भी नजर

HFCL का डिफेंस और एयरोस्पेस कारोबार भी कंपनी की ग्रोथ की कहानी का अहम हिस्सा है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 में इस कारोबार से करीब 500 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल करने का लक्ष्य रखा है। अगर कंपनी इस लक्ष्य को पूरा कर पाती है, तो आने वाले समय में उसके कारोबार को और मजबूती मिल सकती है।

एक्सपर्ट की राय

HFCL के मैनेजिंग डायरेक्टर महेंद्र नाहटा के मुताबिक, कंपनी की ऑर्डर बुक 28,900 करोड़ रुपये से ज्यादा है। इसके अलावा, कई नए ऑर्डर मिलने की संभावनाएं भी मजबूत हैं। AI इंफ्रास्ट्रक्चर, बड़े डेटा सेंटर और टेलीकॉम नेटवर्क से जुड़ी मांग में तेजी कंपनी के लिए अच्छे मौके पैदा कर रही है।

शेयर में 290% की तेजी

HFCL का शेयर 19 अक्टूबर को 5% के अपर सर्किट पर पहुंचकर 268.81 रुपये पर लॉक हो गया। शेयर में पिछले एक महीने के दौरान करीब 25% की तेजी आई है, जबकि साल 2026 की शुरुआत से अब तक इसमें करीब 290% का उछाल दर्ज किया गया है।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN