Source :- LIVE HINDUSTAN
गूगल जैमिनी ने एक बड़ा कमाल करते हुए तीन वेबसाइट बिना किसी इंस्ट्रक्शन के ही हैक कर लीं। यह घटना एक बड़ी चिंता को भी जन्म दे रही है। एआई अगर इसी तरह उन्नत होता रहा तो डेटा सुरक्षित रखना मुश्किल हो जाएगा।
गूगल का एआई मॉडल जेमिनी साइबर सुरक्षा परीक्षण के दौरान अपनी सीमाओं से बाहर निकल गया। उसने इंटरनेट का उपयोग करके तीन अलग-अलग कंपनियों के सुरक्षित सिस्टम में घुसपैठ कर ली।बीते दिनों बड़ी एआई कंपनियों के मालिकों ने भी इसके खतरे से आगाह करते हुए पहले सुरक्षा के उपाय पुख्ता करने की बात कही है।
अपने आप कर ली हैकिंग
गूगल के इतिहास में यह अपनी तरह का पहला मामला है, जहां किसी एआई सिस्टम ने बिना किसी इंसानी निर्देश के अपने आप इस तरह की हैकिंग को अंजाम दिया।
मई में हुई घटना
यह घटना इसी साल मई में हुई, जब इररेगुलर नाम की स्वतंत्र एआई सिक्योरिटी टेस्टिंग एजेंसी एआई मॉडल्स की साइबर सुरक्षा क्षमताओं को परख रही थी। गूगल की सिक्योरिटी इंजीनियरिंग की उपाध्यक्ष हीदर एडकिंस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक्सेस हासिल करने के तुरंत बाद जेमिनी ने आगे की गतिविधि रोक दी थी। एडकिंस ने कहा कि हमने प्रभावित तीनों कंपनियों को तुरंत इसकी सूचना दी और अपनी ट्रेनिंग पार्टनर एजेंसी के साथ मिलकर परीक्षण की प्रक्रियाओं में आवश्यक सुधार किए हैं।
कैसे हैक कर लीं वेबसाइट
पहले मामले में गूगल के एआई मॉडल जेमिनी ने कंपनी के सुरक्षित सिस्टम का एक्सेस पाने के लिए लगातार सही पासवर्ड का अनुमान लगाया और अंततः सिस्टम को क्रैक कर लिया। दो अन्य मामलों में जेमिनी ने इंटरनेट पर लीक हुए डाटा का इस्तेमाल किया। लॉगिन क्रेडेंशियल्स (यूजरनेम और पासवर्ड) का इस्तेमाल कर वह उन कंपनियों के निजी सिस्टम में दाखिल हो गया।
हाल के दिनों में हुईं इस तरह की कई घटनाएं
जेमिनी द्वारा हैकिंग से पहले मेटा, ओपनएआई और एंथ्रोपिक के एआई मॉडल भी ऐसा कर चुके हैं। जुलाई में एंथ्रोपिक के क्लॉड एआई ने भी तीन संगठनों को हैक कर लिया था। विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे एआई स्वतः काम करने वाली तकनीक के रूप में विकसित हो रहे हैं, वह स्वतंत्र फैसले लेने लगा है। स्पेसएक्सएआई, एंथ्रोपिक, ओपनएआई और गूगल पर एआई विकास को धीमा करने के लिए मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। इस बाबत अमेरिका की एक संघीय अदालत में शुक्रवार को मुकदमा दायर किया गया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




