Home rss business hindi इंट्रा-डे में ही 64% गिरा यह शेयर, अचानक क्यों आई इतनी बड़ी...

इंट्रा-डे में ही 64% गिरा यह शेयर, अचानक क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट?

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

HEG Share Price: सप्ताह के पहले दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर से बिकवाली लौट आई। इस माहौल के बीच एक शेयर करीब 64% गिर गया। यह शेयर HEG लिमिटेड का है। आइए जानते हैं कि आखिर इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई और इसका निवेशकों पर क्या असर पड़ेगा?

शेयर का हाल

सोमवार को HEG लिमिटेड के शेयर में करीब 64 फीसदी की भारी गिरावट देखने को मिली। बीते शुक्रवार को शेयर 728.25 रुपये पर बंद हुआ था जबकि सोमवार को यह करीब 64 फीसदी नीचे 260 रुपये के आसपास खुला। पहली नजर में यह गिरावट निवेशकों के लिए डरावना हो सकता है लेकिन वास्तव में यह सामान्य बिकवाली की वजह से नहीं है।

क्या है वजह?

HEG लिमिटेड के डीमर्जर (Demerger) के चलते शेयर की कीमत में यह एडजस्टमेंट हुआ है। बता दें कि HEG ने अपने कारोबार को दो अलग-अलग कंपनियों में बांटने की प्रक्रिया पूरी की है। डीमर्जर के बाद ग्रेफाइट इलेक्ट्रोड कारोबार, HEG ग्रेफाइट में चला जाएगा। इस कंपनी का नाम आगे चलकर बदलकर HEG किए जाने का प्रस्ताव है और यह एक प्योर-प्ले ग्रेफाइट इलेक्ट्रोड कंपनी के रूप में काम करेगी। वहीं, मौजूदा सूचीबद्ध कंपनी के पास एडवांस्ड मैटेरियल्स, बैटरी एनर्जी सॉल्यूशंस और ग्रीन पावर से जुड़े कारोबार रहेंगे। इसका नाम बदलकर HEG एडवांस मटैरियल्स किए जाने का प्रस्ताव है।

डीमर्जर से निवशकों को क्या मिलेगा?

डीमर्जर के तहत HEG के शेयरहोल्डर्स को मौजूदा HEG में उनके पास मौजूद हर शेयर के बदले, अलग होने वाली कंपनी का 2 रुपये की फेस वैल्यू वाला एक शेयर मिलेगा। इसका मतलब है कि डीमर्जर रेश्यो 1:1 तय किया गया है।

उदाहरण के लिए, जिस इन्वेस्टर के पास रिकॉर्ड डेट पर HEG के 10 शेयर हैं, डीमर्जर लागू होने के बाद उसके पास HEG के 10 शेयर और HEG एडवांस्ड मैटेरियल्स के 10 शेयर होंगे। बता दें कि HEG ने डीमर्जर के लिए योग्य शेयरधारकों की पहचान करने के लिए 7 सितंबर को रिकॉर्ड डेट तय किया था।

डीमर्जर के तहत नई कंपनी में शेयर पाने के लिए सिर्फ वही शेयरहोल्डर पात्र होंगे जिनके डीमैट अकाउंट में रिकॉर्ड डेट पर HEG के शेयर होंगे। इसी स्कीम के तहत, भीलवाड़ा एनर्जी का HEG में विलय किया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत, भीलवाड़ा एनर्जी में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर सात इक्विटी शेयरों के बदले HEG 2 रुपये फेस वैल्यू वाले आठ इक्विटी शेयर जारी करेगा। यह ध्यान रखना जरूरी है कि भीलवाड़ा एनर्जी एक अनलिस्टेड कंपनी है।

कंपनी में नेतृत्व परिवर्तन

डीमर्जर के साथ कंपनी के नेतृत्व में भी बदलाव हुआ है। रवि झुनझुनवाला HEG ग्रेफाइट के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO बने रहेंगे। वहीं, रिजु झुनझुनवाला को HEG एडवांस मैटेरियल्स का चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO बनाया गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN