Source :- LIVE HINDUSTAN
घर की बालकनी या छत पर बार-बार कबूतर आ जाते हैं, तो उन्हें भगाने के ये 10 देसी तरीके आपको जरूर पता होने चाहिए। घर को साफ और सुरक्षित रखने में ये टिप्स आपकी काफी मदद करेंगी। आप अपनी सहूलियत के हिसाब से कोई भी तरीका आजमाकर देख सकते हैं।
शहरों में घर की बालकनी में कबूतरों का आना एक आम बात है। हालांकि ये समस्या तब बन जाती है, जब एक-दो नहीं बल्कि कबूतरों का पूरा झुंड बालकनी में आना शुरू हो जाए। साफ-सुथरी बालकनी को गंदा करने में इन्हें जरा भी वक्त नहीं लगता, साथ ही ये कई बीमारियां भी घर में ले कर आ सकते हैं। इसके लिए अक्सर लोग तरह-तरह के उपाय खोजते हैं, लेकिन कुछ भी समझ नहीं आता। ऐसे में कुछ छोटे-छोटे घरेलू जुगाड़ आपकी मदद कर सकते हैं। यहां हम आपके साथ 10 तरीके शेयर कर रहे हैं, जो कबूतरों को आपकी बालकनी, घर और छत से दूर रखेंगे। घर को साफ और सुरक्षित रखने के ये हैक आपको जरूर जान लेने चाहिए।
घर की बालकनी और छत से कबूतरों को दूर रखने के टिप्स
टिप 1- बालकनी और छत को साफ रखें
घर की बालकनी और छत की नियमित साफ-सफाई जरूरी है। खासकर यहां खाने के दाने, पानी और गंदगी ना रहने दें वरना कबूतरों का आना-जाना लगा ही रहेगा। सुबह घर में झाड़ू लगाने के साथ बालकनी में भी लगाएं और हफ्ते में एक बात छत की सफाई भी जरूर चेक कर लें।
टिप 2- खुले में खाने-पीने की चीजें ना छोड़ें
अगर आपकी छत या बालकनी पर खाने-पीने की चीजें रखी हुई हैं, तो जाहिर है कबूतरों का झुंड इसकी तरफ जरूर आकर्षित होगा। इसलिए खुले में अनाज, साबुत मसाले, ब्रेड और अन्य खाने-पीने की चीजें सूखने के लिए ना रखें।
टिप 3- नुकीले स्पाइक लगाएं
घर की दीवारों, बालकनी या छत की बाउंड्री पर आप नुकीले स्पाइक्स भी लगवा सकते हैं। खासकर ऐसे हिस्सों पर स्पाइक लगवाना फायदेमंद होता है, जहां कबूतरों के झुंड अक्सर बैठ जाते हैं।
टिप 4- चमकीली चीजें टांगें
चमकीली चीजें कैसे पुरानी सीडी, एल्यूमिनियम फॉइल या चमकीली पत्तियां कबूतरों को डराने का काम करती हैं। इसलिए आप इन्हें भी आपकी बालकनी या छत पर टांग सकते हैं।
टिप 5- नकली शिकारी पक्षी रखें
कबूतरों को डराने के लिए आप नकली उल्लू या बाज की स्टैच्यू भी अपनी बालकनी या छत पर रख सकते हैं। कबूतर इन शिकारी पक्षियों से डरते हैं इसलिए इस जगह पर आने से बचते हैं।
टिप 6- तेज गंध वाली चीजें रखें
तेज गंध वाली चीजें कबूतरों को बिल्कुल भी नहीं पसंद। इसलिए इन्हें अपने घर से दूर रखने के लिए आप नेफ्थलीन बॉल्स, काली मिर्च और सिरका जैसी चीजों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हें पोटली में बांधकर लटका दें या फिर स्प्रे का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
टिप 7- जाली या नेट लगवाएं
कबूतरों को दूर रखने का ये सबसे इफेक्टिव और परमानेंट तरीका है। इसके लिए घर की ओपन जगहों, बालकनी और खिड़की में आप बर्ड नेट लगवा सकते हैं। इससे रोज-रोज कबूतरों के आने की टेंशन हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।
टिप 8- पानी जमा ना होने दें
घर की छत पर टंकी के आसपास कई बार पानी जमा हो जाता है। इसी पानी की वजह से ही कई बार कबूतरों का झुंड आपकी छत पर गंदगी फैला देता है। इसलिए सुनिश्चित करें कि घर के आसपास, बालकनी में या छत पर पानी बिल्कुल जमा ना हो पाए।
टिप 9- बर्ड रिपेलेंट स्प्रे का इस्तेमाल करें
कबूतरों ने नाक में दम कर रखा है तो मार्केट में मिलने वाले बर्ड रिपेलेंट स्प्रे भी आपके काम आ सकते हैं। इन्हें घर के उन हिस्सों में स्प्रे कर दें, जहां कबूतरों का आना-जाना ज्यादा लगा रहता हो।
टिप 10- पेड़-पौधे और बैठने की जगह कम करें
घर में ऐसे पेड़-पौधे कम लगाएं, जहां कबूतर आसानी से बैठ सकें। बैठने की जगह कम होगी तो कबूतर आपके घर की तरह काम आकर्षित होंगे।
कुछ एक्स्ट्रा सुझाव करेंगे मदद
- नियमित साफ-सफाई करें।
- कबूतरों का घोंसला ना बनने दें।
- घर की खिड़कियों को बंद रखें।
- आसपास के लोगों के साथ मिलकर ऊपर करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




