Source :- LIVE HINDUSTAN
काला चना सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद होता है। इसका इस्तेमाल करके हाई प्रोटीन कबाब रोल बनाया जा सकता है। यहां सीखिए इसे कैसे बना सकते हैं। ये एक ऐसी डिश है, जिसे आप बच्चों के टिफिन में भी सर्व कर सकते हैं।
शाम के समय की भूख को शांत करना हो या फिर सुबह नाश्ते में कुछ हेल्दी खाना हो तो काले चने से बने स्नैक्स आपके लिए बेहतरीन हो सकते हैं। काले चने से आप चाट के अलावा कबाब रोल भी बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए पनीर और चने का इस्तेमाल किया जाता है और इसी वजह से इसमें प्रोटीन की मात्रा काफी अच्छी होती है। इसे आप बच्चों के टिफिन में भी दे सकते हैं। बस बच्चों के लिए जब इसे बनाएं तो इसमें मिर्ची की मात्रा थोड़ी कम रखें। सीखिए आप कैसे बना सकते हैं काले चने के कबाब वाला हाई-प्रोटीन रोल।
काले चने के कबाब वाला रोल बनाने की सामग्री
– काला चना 2 कप (रात भर या 6-7 घंटे के लिए भिगो दें)
– तेल 1 छोटा चम्मच
– घी 1-2 छोटे चम्मच
– 100 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर
– 1 मीडियम आकार का प्याज
– 2 हरी मिर्च
– 8 से 10 लहसुन की कलियां
-1 इंच बारीक कटा अदरक
– 2 छोटे चम्मच हरा धनिया
– 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
– 1/2 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
– 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
– 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
– 1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
– 1 छोटा चम्मच नमक
काले चने के कबाब वाला रोल बनाने की विधि
काले चने के कबाब वाला रोल बनाने के लिए एक बाउल में 2 कप मैदा आधा छोटा चम्मच नमक और 1 छोटा चम्मच तेल मिलाएं। फिर धीरे-धीरे थोड़ा आधा कप गुनगुना पानी डालें। इस मिक्स को 3 से 5 मिनट तक गूंधें जब तक कि यह नरम और चिकना आटा न बन जाए। इसे 30 मिनट के लिए ढककर रख दें। रोल बनाने के लिए आटे को बराबर छोटे हिस्सों में बांट लें। एक लोई को गोल बेल लें और फिर पैन गरम करें, पराठा डालें और 90 प्रतिशत तक पकाकर एक तरफ रख दें। अब रोल बनाने के लिए कबाब बनाएं।
कबाब बनाने के लिए काले चने को नमक डालकर उबाल लें। इन्हें थोड़ा ओवर कुक कर लें ताकी ये आसानी से मैश हो जाएं। एक कटोरे में चने निकालें और फिर इसे फोर्क से अच्छी तरह से मैश कर लें। इसमें कद्दूकस किया पनीर, प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, काली मिर्च पाउडर, नमक डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब इस मिक्स से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा लेकर टिक्की बना लें। अब एक पैन में घी गर्म करें और फिर इसमें इन टिक्की को दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लें। अच्छी तरह से करारी होने के बाद इसे तवे से उतार लें और रोल बनाएं।
रोल बनाने के लिए रोटी पर हरी चटनी या अपनी पसंद की स्प्रेड लगाएं। इसके ऊपर कबाब लगाएं।फिर प्याज के कुछ छल्ले और चाहें तो मेयोनीज लगाकर अच्छी तरह से रोल करें। अब तवे पर दोबारा थोड़ा घी डालें और फिर इस पर रोल को अच्छी तरह से सेक लें। अब रोल को सर्व करें। इसे आप अपनी पसंद की सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं। वैसे ये बिना सॉस के भी सर्व किया जा सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




