Source :- LIVE HINDUSTAN
महिलाओं के लिए ब्रा सिर्फ एक इनरवियर नहीं, बल्कि ब्रेस्ट को सपोर्ट देने, कपड़ों की फिटिंग बेहतर बनाने वाला परिधान है। समय के साथ ब्रा के डिजाइन में कई बदलाव हुए हैं, लेकिन क्या इसकी कोई फुल फॉर्म भी है? आइये इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
ब्रा महिलाओं के रोजमर्रा के पहनावे का एक अहम हिस्सा है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर ‘ब्रा’ शब्द आया कहां से और इसका नाम कैसे पड़ा? अक्सर इंटरनेट पर BRA की फुल फॉर्म को लेकर कई तरह के दावे किए जाते हैं, लेकिन इनकी सच्चाई बहुत कम लोग जानते हैं। दरअसल, इस शब्द के पीछे एक दिलचस्प इतिहास छिपा है। आइए जानते हैं ब्रा शब्द की शुरुआत कैसे हुई, इसका असली मतलब क्या है और क्या वाकई इसकी कोई फुल फॉर्म होती है।
महिलाओं को सपोर्ट देती है ब्रा
ब्रा महिलाओं के ब्रेस्ट को सपोर्ट देने के साथ उनके कॉन्फिडेंस को बढ़ाने में भी मदद करती है। ये छोटा सा इनरवियर महिलाओं की बॉडी शेप, पर्सनैलिटी और डेली कंफर्ट में काफी मददगार होता है। सभी महिलाएं ब्रा पहनती हैं लेकिन इसका फुल फॉर्म या फिर इतिहास शायद ही कोई जानता होगा।
कहां से आई ब्रा
ब्रा का इतिहास काफी पुराना है। आज जिस ब्रा को महिलाएं ब्रेस्ट को सपोर्ट देने और आराम के लिए पहनती हैं, वह पहले ऐसे नहीं थी। पहले महिलाएं कपड़ों की पट्टियों को अलग-अलग तरह के कपड़ों के साथ इस्तेमाल करती थीं, जैसे लाल ब्लाउज पहना है तो लाल कपड़ा लपेटती थीं। समय के साथ महिलाओं के पहनावे और फैशन में बदलाव आया है और फिर ब्रा ऐसे बनी।
आधुनिक ब्रा की शुरुआत कैसे हुई?
19वीं सदी में पश्चिमी देशों में महिलाएं ब्रेस्ट को आकार देने और शरीर को एक खास शेप देने के लिए कॉर्सेट पहनती थीं। फ्रांस की डिजाइनर हर्मिनी कैडोल ने 1869 में कॉर्सेट को दो हिस्सों में बांटने वाला डिजाइन पेश किया, जिसे आधुनिक ब्रा के शुरुआती रूपों में गिना जाता है। फिर साल 1914 में अमेरिकी महिला मैरी फेल्प्स जैकब, जिन्हें बाद में कैरेस क्रॉस्बी के नाम से जाना गया। उन्होंने अपने आधुनिक ब्रा डिजाइन का पेटेंट कराया, दो रूमाल और रिबन की मदद से ऐसा आउटफिट तैयार किया था, जिसे ड्रेस के नीचे आसानी से पहना जा सकता था।
ब्रा’ नाम कैसे पड़ा?
‘ब्रा’ शब्द अंग्रेजी के Brassiere का छोटा शब्द है। यह शब्द फ्रेंच भाषा से आया है और 20वीं सदी की शुरुआत में महिलाओं के इनरवियर के लिए इस्तेमाल होने लगा। इस शब्द का इस्तेमाल पहली बार 1893 में New York Evening Herald में किया गया था। फिर 1907 में इसे वॉग मैगजीन में प्रिंट किया गया था। इसके बाद ये शब्द बिल्कुल आम हो गया और महिलाओं के इनरवियर के नाम पर जाना जाने लगा।
क्या सच में है फुल फॉर्म
सोशल मीडिया के मुताबिक ब्रा शब्द का फुल फॉर्म होता है ब्रेस्ट रेस्टिंग एरिया, लेकिन असल में ब्रा का कोई फुल फॉर्म किसी भी डिक्शनरी में नहीं लिखा है। ये Brassiere शब्द का शॉर्ट फॉर्म है और इसका अलग से कोई फुल फॉर्म नहीं है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN

