Source :- LIVE HINDUSTAN
जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (JAL) के लाखों निवेशकों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। कंपनी के शेयर जल्द ही भारतीय शेयर बाजार (BSE और NSE) से पूरी तरह हटाए जाने वाले हैं। यह फैसला कंपनी की दिवालियापन प्रक्रिया पूरी होने और नए मालिक के रूप में एक बड़े कारोबारी समूह द्वारा अधिग्रहण योजना लागू किए जाने के बाद लिया गया है। कंपनी ने हाल ही में जानकारी दी कि उसे दोनों प्रमुख स्टॉक एक्सचेंजों से डीलिस्टिंग की अंतिम मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद 18 जून से कंपनी के शेयरों का कारोबार स्थायी रूप से बंद हो जाएगा। फिलहाल, शेयरों में ट्रेडिंग रुकी हुई है।
दरअसल, वित्तीय संकट से जूझ रही जयप्रकाश एसोसिएट्स के खिलाफ पिछले साल दिवालियापन प्रक्रिया शुरू हुई थी। कंपनी पर बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों का भारी कर्ज था। लंबे समय तक चली कानूनी और वित्तीय प्रक्रिया के बाद कंपनी के लिए एक समाधान योजना को मंजूरी मिली, जिसके तहत उसके कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट और संपत्तियां नए निवेशक के नियंत्रण में चली जाएंगी।
कंपनी के पास रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और पावर सेक्टर से जुड़ी कई बड़ी परिसंपत्तियां थीं। समाधान योजना के तहत कर्जदाताओं को भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और कई बैंकों को पहली किस्त के रूप में हजारों करोड़ रुपये मिल चुके हैं। लेकिन, सबसे बड़ा सवाल यह है कि कंपनी के लाखों छोटे निवेशकों का क्या होगा?
मार्च 2026 के आंकड़ों के अनुसार, जयप्रकाश एसोसिएट्स में लगभग 6.5 लाख शेयरधारक थे। इनमें से अधिकांश रिटेल निवेशक हैं, जिन्होंने उम्मीद के साथ कंपनी के शेयर खरीदे थे। हालांकि, समाधान योजना में मौजूदा शेयरधारकों के लिए कोई वित्तीय लाभ नहीं रखा गया है।
एक्सपर्ट के अनुसार, जब किसी कंपनी की वित्तीय स्थिति बहुत खराब हो जाती है और उसकी परिसंपत्तियों का मूल्य कर्जदाताओं की देनदारी से भी कम हो जाता है, तो ऐसी स्थिति में सबसे पहले बैंकों और सुरक्षित कर्जदाताओं का भुगतान किया जाता है। अगर उसके बाद कोई राशि बचती है, तभी शेयरधारकों को कुछ मिल पाता है।
जयप्रकाश एसोसिएट्स के मामले में ऐसा नहीं हुआ। समाधान योजना के अनुसार कंपनी की मौजूदा शेयर पूंजी पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी। इसका मतलब है कि वर्तमान शेयरधारकों के पास मौजूद शेयरों की वैल्यू शून्य मानी जाएगी और उन्हें किसी प्रकार का मुआवजा या भुगतान नहीं मिलेगा।
बाजार एक्सपर्ट का कहना है कि यह घटना निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण सीख भी है। किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसके वित्तीय स्वास्थ्य, कर्ज की स्थिति और कारोबारी प्रदर्शन का मूल्यांकन करना बेहद जरूरी होता है। केवल कम कीमत देखकर शेयर खरीदना कई बार नुकसानदायक साबित हो सकता है।
18 जून के बाद जयप्रकाश एसोसिएट्स का नाम शेयर बाजार की लिस्ट से हट जाएगा और उसके लाखों निवेशकों के लिए यह एक युग के अंत जैसा होगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







