Home World News hindi ट्रंप का बड़ा दांव: यूक्रेन में बनेगी पैट्रियट मिसाइल, रूस के खिलाफ...

ट्रंप का बड़ा दांव: यूक्रेन में बनेगी पैट्रियट मिसाइल, रूस के खिलाफ युद्ध का रुख अब पलट जाएगा?

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Donald Trump News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि अमेरिका यूक्रेन को पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का पूर्ण तकनीकी लाइसेंस और उत्पादन अधिकार देगा।

रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा फैसला लिया है। अमेरिका यूक्रेन को पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलें स्वदेशी रूप से बनाने का लाइसेंस देगा। इस कदम का मकसद मॉस्को के लगातार हवाई हमलों के खिलाफ यूक्रेन की लंबी अवधि की वायु सुरक्षा क्षमता को मजबूत करना है। ट्रंप ने यह घोषणा तुर्की की राजधानी अंकारा में चल रहे NATO शिखर सम्मेलन के दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ द्विपक्षीय बैठक में की।

इस दौरान ट्रंप ने कहा कि हम उन्हें दिखाएंगे और बताएंगे कि इसे कैसे बनाया जाता है। यह बहुत मुश्किल काम है, लेकिन आप इसे जल्दी समझ जाएंगे। हम आपको लाइसेंस देंगे, ताकि बाद में आप यह शिकायत न करें कि हमें लाइसेंस नहीं दिया गया।

बता दें कि यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब रूसी सेना ने पिछले दो महीनों में मिसाइल और ड्रोन हमलों की तीव्रता और बढ़ा दी है। इन हमलों में यूक्रेन के बुनियादी ढांचे और शहरों को निशाना बनाया गया, जिसमें सैकड़ों नागरिक मारे गए। वायु रक्षा प्रणालियों की कमी के कारण यूक्रेनी शहर बार-बार रूसी हमलों के सामने असहाय नजर आए हैं।

पैट्रियट सिस्टम की क्षमता

अमेरिका द्वारा विकसित MIM-104 पैट्रियट सिस्टम दुनिया की उन चुनिंदा उन्नत वायु रक्षा प्रणालियों में से एक है जो बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और हाई-स्पीड ड्रोन को ट्रैक करके उन्हें नष्ट करने में सक्षम है। रेथियॉन और लॉकहीड मार्टिन कंपनियों द्वारा निर्मित यह प्रणाली यूक्रेन को पहले भी सीमित मात्रा में दी जा चुकी है, लेकिन स्टॉक जल्दी खत्म हो रहा है।

पिछले महीने राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि यूक्रेन के पास मौजूदा वायु रक्षा स्टॉक आने वाले बड़े पैमाने के रूसी हमलों का सामना करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने बार-बार पश्चिमी सहयोगियों से अधिक पैट्रियट सिस्टम और इंटरसेप्टर मिसाइलों की मांग की थी।

वर्तमान में पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की वैश्विक मांग उत्पादन क्षमता से कहीं अधिक है। सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) के हालिया आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका फिलहाल प्रति वर्ष लगभग 650 PAC-3 MSE (मिसाइल सेगमेंट एन्हांसमेंट) इंटरसेप्टर का उत्पादन करता है। लॉकहीड मार्टिन ने उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर प्रति वर्ष 2000 इंटरसेप्टर तक ले जाने की योजना बनाई है, लेकिन नई मैन्युफैक्चरिंग लाइनों को स्थापित करने, टेस्टिंग और स्केल-अप में कम से कम 18-24 महीने का समय लग सकता है।

इस बीच यूक्रेन को अमेरिका, जर्मनी और अन्य यूरोपीय देशों के मौजूदा स्टॉक पर निर्भर रहना पड़ेगा, जो पहले से ही मध्य पूर्व संघर्षों (इजरायल-हमास और अन्य) के कारण दबाव में हैं। ऐसे में ट्रंप प्रशासन का यह कदम अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला की रुकावट को दूर करने और यूक्रेन को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ठोस प्रयास माना जा रहा है।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर क्या असर?

कहा जा रहा है कि अगर यूक्रेन सफलतापूर्वक अपनी घरेलू पैट्रियट उत्पादन लाइन स्थापित कर लेता है, तो यह न केवल युद्ध के रुख को बदल सकता है बल्कि यूक्रेन की लंबी अवधि की सुरक्षा स्वायत्तता को भी सुनिश्चित करेगा। इससे NATO देशों पर निरंतर हथियार आपूर्ति का बोझ भी कम होगा।

दूसरी ओर जानकारों का कहना है कि यह फैसला रूस के लिए एक मजबूत संदेश भी है कि पश्चिमी सहयोगी यूक्रेन को अकेला नहीं छोड़ने वाले हैं। दूसरी ओर रूसी विदेश मंत्रालय ने पहले ही ऐसी किसी भी पहल को ‘उकसावा’ बताते हुए चेतावनी दी है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सकता है कि लाइसेंस ट्रांसफर कब तक पूरा होगा और पहली स्वदेशी पैट्रियट मिसाइल कब तैयार होगी, लेकिन ट्रंप के इस ऐलान ने यूक्रेन युद्ध की दिशा में एक नया चैप्टर खोल दिया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN