Source :- LIVE HINDUSTAN
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि, पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा ढह रहा है। जानकारी के मुताबिक, ये वीडियो नेपाल के मुस्तांग जिले का है।वीडियो में पहाड़ का बड़ा हिस्सा अचानक तेजी से नीचे गिरता दिखाई दे रहा है।
नेपाल में कुदरत का कहर जारी है। एक महीने पहले नेपाल-तिब्बत सीमा के पास भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। इस हादसे में 1400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई, वहीं हजारों लोग अब भी लापता हैं। वहीं बीते दो दिनों से नेपाल में एक बार फिर कुदरत का कहर जारी है। भारी बारिश और लैंडस्लाइड ने नेपाल के कई इलाकों में लोगों को अपने घरों को छोड़ने पर मजबूर कर दिया है। इस बीच सोमवार को नेपाल से एक और डरावना वीडियो सामने आया है, जहां पहाड़ का बड़ा हिस्सा ढहता नजर आ रहा है।
ढह गया पूरा पहाड़
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि, पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा ढह रहा है। जानकारी के मुताबिक, ये वीडियो नेपाल के मुस्तांग जिले का है।वीडियो में पहाड़ का बड़ा हिस्सा अचानक तेजी से नीचे गिरता दिखाई दे रहा है। इस दौरान मलबे की चपेट में आने के डर से लोग घबराकर चीखते और सुरक्षित जगह की ओर भागते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान कुछ ही सेकंड में पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर काली गंडकी नदी में जा गिरा। यह हादसा रविवार को आई बाढ़ के बाद हुआ। इस आपदा में कई जिलों में कम से कम 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
प्राकृतिक आपदा की चपेट में नेपाल
बता दें कि, नेपाल में 26 अगस्त 2026 को आई अचानक बाढ़ के एक महीने बाद एक बार फिर ये देश बड़ी प्राकृतिक आपदा की चपेट में है। पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई जगह लैंडस्लाइड हुए हैं और नदियों का पानी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। इससे घरों, सड़कों, पुलों को काफी नुकसान पहुंचा है। मनांग, म्याग्दी, बागलुंग, पर्वत और पाल्पा सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल हैं। दक्षिणी तराई के कुछ इलाकों में भी पानी भरने और जमीन कटने की समस्या सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, गंडकी प्रांत के बागलुंग में 10, म्याग्दी में 6 और मनांग में 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं, लुंबिनी प्रांत के पाल्पा में 5 लोगों की जान गई है, जबकि धनुषा जिले की मिथिला नगरपालिका में भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई। इस आपदा में 14 लोग अभी भी लापता हैं।
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, इस आपदा का असर सीधे तौर पर 747 परिवारों पर पड़ा है। 143 घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं, जबकि 51 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। गंडकी प्रांत में 195 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और 26 घरों को थोड़ा नुकसान हुआ है। इसके अलावा 270 घरों पर अभी भी खतरा बना हुआ है। करीब 435 घरों के 1,500 लोग बेघर हो गए हैं। गंडकी प्रांत के 11 जिलों में सबसे ज्यादा नुकसान पर्वत जिले में हुआ है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




