Home rss business hindi धनतेरस पर गोल्ड ज्वेलरी खरीदते समय न करें ये गलती, हजारों रुपये...

धनतेरस पर गोल्ड ज्वेलरी खरीदते समय न करें ये गलती, हजारों रुपये बचेंगे

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Dhanteras Gold Jewellery Buying Tips: धनतेरस पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है
  • इस दिन बड़ी संख्या में लोग सोने की अंगूठी, चेन, हार और दूसरी ज्वेलरी खरीदते हैं

Dhanteras Gold Jewellery Buying Tips: धनतेरस पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। इस दिन बड़ी संख्या में लोग सोने की अंगूठी, चेन, हार और दूसरी ज्वेलरी खरीदते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सोने की कीमत के अलावा मेकिंग चार्ज के नाम पर भी आपको हजारों रुपये ज्यादा चुकाने पड़ सकते हैं? कई बार दो ज्वेलर्स एक जैसी ज्वेलरी के लिए अलग-अलग कीमत बताते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह मेकिंग चार्ज होता है। ऐसे में अगर आप इस धनतेरस सोने की ज्वेलरी खरीदने जा रहे हैं तो कुछ जरूरी बातें समझ लें। सही जानकारी से आप अपनी खरीदारी में अच्छी-खासी बचत कर सकते हैं।

क्या होता है सोने की ज्वेलरी पर मेकिंग चार्ज?

जब आप सोने की ज्वेलरी खरीदते हैं तो उसकी कीमत सिर्फ सोने के वजन और भाव से तय नहीं होती। ज्वेलरी बनाने में डिजाइन, कारीगरी और मशीन या हाथ से की गई मेहनत का खर्च भी जुड़ता है। इसी खर्च को मेकिंग चार्ज कहते हैं।

अलग-अलग ज्वेलर्स अपने हिसाब से मेकिंग चार्ज लेते हैं। कोई प्रति ग्राम के हिसाब से पैसे वसूलता है तो कोई सोने की कुल कीमत का एक तय प्रतिशत लेता है। ज्वेलरी का डिजाइन जितना बारीक और मुश्किल होगा, मेकिंग चार्ज उतना ही ज्यादा हो सकता है।

ज्वैलर्स के मुताबिक साधारण मशीन से बनी चेन पर आमतौर पर कम मेकिंग चार्ज लगता है, जबकि हाथ से तैयार की गई जटिल डिजाइन वाली ज्वेलरी पर ज्यादा खर्च आता है।

मेकिंग चार्ज के इन दो तरीकों को समझें

1. प्रति ग्राम के हिसाब से – इसमें ज्वेलरी के हर ग्राम पर एक तय रकम ली जाती है। उदाहरण के लिए, अगर मेकिंग चार्ज 300 रुपये प्रति ग्राम है और आप 10 ग्राम की ज्वेलरी खरीदते हैं तो आपको 3,000 रुपये मेकिंग चार्ज देना होगा।

2. प्रतिशत के हिसाब से – इसमें सोने की कुल कीमत का एक तय प्रतिशत मेकिंग चार्ज के रूप में लिया जाता है। मान लीजिए, ज्वेलरी की कीमत 1,34,350 रुपये है और मेकिंग चार्ज 12 फीसदी है तो आपको 16,122 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

10 ग्राम सोने की ज्वेलरी पर कहां होगी ज्यादा सेविंग?

इसे एक उदाहरण से समझिए। 5 नवंबर 2026 को 22 कैरेट सोने का भाव 13,435 रुपये प्रति ग्राम मानें। अगर आप 10 ग्राम की ज्वेलरी खरीदते हैं तो सोने की कीमत 1,34,350 रुपये होगी। 300 रुपये प्रति ग्राम मेकिंग चार्ज – 10 ग्राम के लिए कुल 3,000 रुपये। 12 फीसदी मेकिंग चार्ज – सोने की कीमत पर 16,122 रुपये।

यानी, प्रति ग्राम के हिसाब से मेकिंग चार्ज देने पर आपकी कुल कीमत 1,37,350 रुपये होगी, जबकि 12 फीसदी मेकिंग चार्ज पर यह 1,50,472 रुपये हो जाएगी। यानी दोनों में 13,122 रुपये का अंतर है। यह कैलकुलेशन GST जोड़ने से पहले की है।

क्या जीरो मेकिंग चार्ज का ऑफर सच में फायदेमंद है?

धनतेरस और दिवाली के दौरान कई ज्वेलर्स जीरो मेकिंग चार्ज या मेकिंग चार्ज पर भारी छूट देने का दावा करते हैं। लेकिन ऐसे ऑफर देखकर तुरंत खरीदारी न करें। पहले यह चेक कर लें कि ऑफर सभी डिजाइन पर लागू है या सिर्फ चुनिंदा ज्वेलरी पर। यह भी पूछें कि कहीं अलग से वेस्टेज चार्ज या दूसरे शुल्क तो नहीं लगाए जा रहे हैं। कई बार मेकिंग चार्ज में छूट देने के बावजूद ज्वेलरी का कुल बिल दूसरे ज्वेलर से ज्यादा हो सकता है।

धनतेरस पर सोना खरीदते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान

दो-तीन ज्वेलर्स से कीमत पूछें – सिर्फ मेकिंग चार्ज नहीं, बल्कि पूरा बिल देखकर तुलना करें।

साधारण डिजाइन चुनें – मशीन से बनी ज्वेलरी पर अक्सर मेकिंग चार्ज कम होता है।

सोने का सही भाव चेक करें – ज्वेलर से पूछें कि वह किस भाव पर सोना बेच रहा है।

वजन और शुद्धता देखें – ज्वेलरी का नेट गोल्ड वेट और हॉलमार्क जरूर जांचें।

बायबैक की शर्तें समझें – भविष्य में ज्वेलरी बेचने या बदलने पर कितनी कटौती होगी, इसकी जानकारी पहले लें।

बिल में GST भी जुड़ता है

सोने की ज्वेलरी खरीदते समय सिर्फ सोने की कीमत और मेकिंग चार्ज ही नहीं, बल्कि GST भी देना होता है। आमतौर पर रिटेल गोल्ड ज्वेलरी के कुल लेनदेन मूल्य पर 3 फीसदी GST लगता है। इसमें सोने की कीमत और मेकिंग चार्ज दोनों शामिल होते हैं। इसलिए खरीदारी से पहले पूरा बिल जरूर समझें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN