Source :- LIVE HINDUSTAN
राधा-कृष्ण के भक्तों की सबसे फेवरिट जगहों में से एक है मथुरा-वृंदावन। अगर आप इस जगह पर पहली बार जा रहे हैं तो यहां बताए गए बजट प्लान को सेव कर लें। ये 3 दिन का प्लान है जो आपके खूब काम आ सकता है।
मथुरा-वृंदावन के लिए 3 दिन का बजट प्लान
राधा-कृष्ण के भक्तों के लिए मथुरा-वृंदावन एक खास जगह है। मथुरा और वृंदावन उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थल हैं। दोनों जगहें भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़ी परंपराओं के लिए फेमस हैं। वृंदावन की पहचान सिर्फ मंदिरों से नहीं, बल्कि राधा-कृष्ण के प्रेम और ब्रज की भक्ति संस्कृति से भी है। यहां होने वाले राधे-राधे के जयकारे, कीर्तन और मंदिरों की आरती देखकर आपको अच्छा आध्यात्मिक अनुभव हो जाएगा। बहुत से लोग तो इस जगह पर हर महीने जाते हैं लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो आज तक यहां नहीं गए हैं। अगर आप भी आजतक मथुरा वृंदावन नहीं गए हैं और जाने का सोच रहे हैं तो एक बार यहां बताए बजट प्लान को देखें। इस प्लान के मुताबिक आपको तीन दिन का ट्रिप प्लान करना होगा। देखिए कैसे प्लान करें ये तीन दिन।
पहले दिन (मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और यमुना घाट)
सुबह
- मथुरा पहुंचें और बजट होटल या धर्मशाला लेकर उसमें सामान रखें।
- अगर आप थोड़ा आराम करना चाहते हैं तो आराम करें और फिर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करने के लिए जाएं।
- इसके बाद द्वारकाधीश मंदिर जाएं। ये एक सुंदर मंदिर है जहां कृष्ण के अलावा दूसरे देवी देवताओं की मूर्तियां भी हैं।
दोपहर
- लोकल खाना खाएं और थोड़ा आराम करने के लिए रूम पर जाएं। फिर विश्राम घाट जाएं।
शाम
- यमुना किनारे शाम की आरती देखें। इस आरती को देखकर आपको एक अलग अनुभव मिलेगा।
- मथुरा की गलियों और बाजार में घूम सकते हैं।
दूसरे दिन (वृंदावन में राधा-कृष्ण की भक्ति और मंदिर)
सुबह
- मथुरा से वृंदावन जाएं। इसके लिए आप किसी भी ऑटो को बुक कर सकते हैं क्योंकि मथुरा से वृंदावन 11 से 15 किलोमीटर दूर है।
- यहां बांके बिहारी मंदिर के दर्शन करने के लिए जाएं। मंदिर में दर्शन के लिए काफी भीड़ होती है इसलिए पहले से सोच कर जाएं कि आपको कम से कम डेढ़ से दो घंटे लाइन में लगना पड़ सकता है।
- बांके बिहारी के दर्शन के बाद राधा रमण मंदिर जाएं।
दोपहर
- वृंदावन में किची बजट रेस्टोरेंट या भोजनालय में खाना खाएं।
- इस्कॉन मंदिर जाएं और कुछ समय कीर्तन या मंदिर परिसर में बिताएं।
शाम
- प्रेम मंदिर जाएं। इस समय पर मंदिर काफी सुंदर दिखता है। शाम के समय मंदिर की लाइटिंग और परिसर का वातावरण देख सकते हैं।
तीसरे दिन (गोवर्धन/बरसाना और वापसी)
अगर आपके पास पूरा दिन है तो तीसरे दिन गोवर्धन या बरसाना में से किसी एक को चुन सकते हैं।
- अगर गोवर्धन चुन रहे हैं तो गोवर्धन पहुंचें और यहां के प्रमुख मंदिरों के दर्शन करें। समय और एनर्जी हो तो गोवर्धन परिक्रमा की प्लानिंग बना सकते हैं।
- अगर बरसाना चुन रहे हैं तो राधा रानी मंदिर के दर्शन करें। बरसाना के प्रमुख ब्रज स्थलों को देखें और शाम तक मथुरा लौटकर वापसी की यात्रा करें।
नोट- अगर आप लो बजट ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो मथुरा और वृंदावन दोनों जगहों पर होटल लेने से अच्छा है कि आप किसी अच्छी धर्मशाला में कमरा लें। इन दोनों जगहों पर कुछ धर्मशाला के कमरे बिल्कुल होटल की तरह ही होते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN

