Home rss world hindi पाकिस्तान के पंजाब को भारत से नहीं, खैबर पख्तूनख्वाह और बलूचिस्तान से...

पाकिस्तान के पंजाब को भारत से नहीं, खैबर पख्तूनख्वाह और बलूचिस्तान से खतरा; मरियम नवाज का बड़ा दावा

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने लाहौर में PIFTAC और एआई हब के उद्घाटन पर कहा कि पंजाब को पड़ोसी देश भारत से कम और अपने ही प्रांतों खैबर पख्तूनख्वाह तथा बलूचिस्तान से कहीं अधिक खतरा है। उनके मुताबिक आतंकवाद इन्हीं प्रांतीय सीमाओं और त्रि-सीमा क्षेत्र से पंजाब में प्रवेश करता है।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने शनिवार को लाहौर में प्रांतीय इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड थ्रेट असेसमेंट सेंटर (PIFTAC) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब के उद्घाटन समारोह में कहा कि पंजाब को पड़ोसी देश भारत से कम और अपने पड़ोसी प्रांतों खैबर पख्तूनख्वाह तथा बलूचिस्तान से कहीं अधिक खतरा है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात यह है कि मुझे (पंजाब को) जो खतरा है, वह पड़ोसी देशों से कम और पड़ोसी प्रांतों से ज्यादा है। आतंकवाद वहीं से पंजाब में आता है। सबकी नजर पंजाब पर है, लेकिन शुक्र है कि पंजाब सुरक्षित प्रांत है। उन्होंने यह भी कहा कि खतरे त्रि-सीमा क्षेत्र और प्रांतीय सीमाओं से आते हैं।

चर्चा में मरियम नवाज का बयान

मरियम नवाज का यह बयान बयान अब चर्चा में है। दरअसल, पाकिस्तानी सेना और वहां सत्ता में बैठे लोग अक्सर बड़े आतंकी हमलों का आरोप भारत या अफगानिस्तान पर लगाते रहते हैं। लेकिन पहली बार मरियम नवाज ने स्वीकार किया कि पंजाब के लिए तात्कालिक खतरा बाहरी हमले से ज्यादा आंतरिक घुसपैठ और दूसरे प्रांतों में सक्रिय चरमपंथी तत्वों से है। यही करण है कि पंजाब सरकार का दावा है कि PIFTAC और एआई हब सुरक्षा व्यवस्था को प्रतिक्रियात्मक से आगे बढ़ाकर पूर्वानुमान आधारित बनाएंगे।

मरियम नवाज के अनुसार, इन केंद्रों से खतरों का पहले पता चल सकेगा, जिला समन्वय समितियों को डिजिटल अलर्ट मिलेंगे, सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचना-साझाकरण तेज होगा और नई चुनौतियों पर समय रहते कार्रवाई संभव होगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सेना और अन्य सुरक्षा संस्थानों के सहयोग से कुछ महीनों में एआई को प्रांत की सुरक्षा प्रणाली में शामिल कर लिया गया है। पंजाब अब देश का पहला ऐसा प्रांत बन गया है, जहां प्रांतीय स्तर पर एआई इंटेलिजेंस हब स्थापित किया गया है।

पंजाब में अपराध कम

इस दौरान उन्होंने कच्चा इलाकों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, नदी किनारे के ये इलाके पहले आतंकवाद, अपहरण और अपराध के अड्डे थे, लेकिन अब राज्य की पकड़ बहाल हो गई है। संयुक्त चेकपोस्टों को बुलेटप्रूफ सुरक्षा, थर्मल इमेजिंग और नाइट-विजन कैमरों से लैस किया गया है। पहले हमलों में सुरक्षाकर्मी भारी नुकसान उठाते थे और आतंकियों के पास बेहतर हथियार तथा उपकरण होते थे। अब स्थिति बदली है, ऐसा उनका दावा है।

मरियम नवाज ने यह भी कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद पंजाब में अपराध करीब 70 प्रतिशत तक घटा है। उन्होंने जोर दिया कि केवल सड़कें और परियोजनाएं काफी नहीं हैं। अगर आम आदमी की संपत्ति सुरक्षित नहीं है तो विकास का मतलब नहीं बनता।

बयान पर पाकिस्तान में सियासत तेज

मरियम नवाज के बयान के बाद पाकिस्तान में सियासत तेज हो गई है। पीटीआई और अन्य विपक्षी नेताओं ने इसे प्रांतीय सद्भाव बिगाड़ने वाला और खैबर पख्तूनख्वाह का अपमान बताया। कुछ नेताओं ने माफी और बयान वापस लेने की मांग की। वहीं आलोचकों का कहना है कि खैबर पख्तूनख्वाह और बलूचिस्तान दशकों से आतंकवाद की सबसे बड़ी कीमत चुका रहे हैं और ऐसे बयान राष्ट्रीय एकता को कमजोर करते हैं। खैबर पख्तूनख्वाह के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने भी बयान को पक्षपातपूर्ण करार दिया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN