Home rss world hindi अमेरिकी हमले के बीच ईरान में फ्यूल टैंकर ब्लास्ट, 11 लोगों की...

अमेरिकी हमले के बीच ईरान में फ्यूल टैंकर ब्लास्ट, 11 लोगों की मौत, कई घायल

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान में एक फ्यूल टैंकर ब्लास्ट होने की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई है। युद्ध में घिरे ईरान की राजधानी तेहरान से करीब 400 किमी दूर यह हादसा हुआ है। इसमें 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

अमेरिका के साथ युद्ध में उलझे ईरान में एक भीषण हादसा हुआ है। पश्चिमी ईरान में एक फ्यूल टैंकर ब्लास्ट हुआ। इसकी वजह से आस पास खड़ी गाड़ियों में भी आग लग गई। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

ईरान की अर्ध सरकारी मीडिया IRNA ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रहा हुई। रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी तेहरान से करीब 400 किलोमीटर दूर स्थित सनंदाज शहर में यह हादसा हुआ है। फ्यूल टैंकर के ब्रेक फेल होने की वजह से पहले वह आसपास खड़ी गाड़ियों से टकरा गया। इससे उसमें आग लग गई। देखते ही देखते इस आग ने पास में मौजूद ट्रैफिक पुलिस स्टेशन और गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।

रिपोर्ट के मुताबिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

ईरानी मीडिया के मुताबिक यह पहली बार नहीं है, जब फ्यूल टैंकर के चलते हादसा हुआ है। इससे पहले 2018 में भी सनंदाज के पास ही एक फ्यूल टैंकर पैसेंजर बस से टकरा गया था। इस हादसे में भी 15 लोगों की मौत हो गई थी। अमेरिका के साथ युद्ध में उलझे ईरान के लिए सड़क हादसे भी एक बड़ी चुनौती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान में हर साल करीब 17,000 लोगों की मौत सड़क दुर्घटना की वजह से होती है।

अमेरिका के साथ युद्ध में उलझा ईरान

पश्चिम एशिया का प्रमुख देश ईरान इस वक्त इस्लामिक क्रांति के बाद सबसे अहम युद्ध में फंसा हुआ है। अमेरिका और इजरायल मिलकर उसके ऊपर हमले कर रहे हैं। शांति के तमाम प्रयासों के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। शनिवार को ही अमेरिकी सेना ने ईरान के खर्ग द्वीप के आसपास एक तेल टैंकर को निशाना बनाया है, जिससे हालात और भी ज्यादा बिगड़ गए हैं। एक बार फिर से युद्ध के तेज होने का खतरा बढ़ गया है। फिलहाल इस युद्ध को खत्म करने के लिए न तो ईरान झुकने को तैयार है और न ही अमेरिका पीछे हटने को तैयार है। ऐसी स्थिति में 28 फरवरी को शुरू हुआ यह युद्ध बदस्तूर जारी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN