Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- कंपनी ने बुधवार को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के नतीजे घोषित किए
- कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, H1 FY27 में ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू बढ़कर 290.56 करोड़ रुपये हो गया
- पिछले साल इसी अवधि में यह सिर्फ 3.33 करोड़ रुपये था
Penny Stock: शेयर बाजार में शुक्रवार को एक छोटे पेनी स्टॉक में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। वेलोरा इम्पैक्ट लिमिटेड (Vellora Impact Ltd) के शेयर में बीएसई पर 5% का अपर सर्किट लग गया था। शेयर की कीमत 10.16 रुपये पर आ गई। बता दें कि इस शेयर में लगातार तीसरे कारोबारी दिन अपर सर्किट लगा है। कंपनी का मार्केट कैप करीब 5.14 करोड़ रुपये है। कंपनी की ओर से सितंबर तिमाही (Q2 FY27) और पहली छमाही (H1 FY27) के नतीजे जारी किए जाने के बाद शेयर में खरीदारी बढ़ी है।
वेलोरा इम्पैक्ट लिमिटेड के नतीजों में आया जबरदस्त उछाल
कंपनी ने बुधवार को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के नतीजे घोषित किए। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, H1 FY27 में ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू बढ़कर 290.56 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह सिर्फ 3.33 करोड़ रुपये था। वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट भी करीब तीन गुना बढ़कर 12.63 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। H1 FY26 में कंपनी ने 4.49 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी के एबिटा की बात करें तो यह पहली छमाही में 16.91 करोड़ रुपये रहा।
एग्रीकल्चर कारोबार से मिला सबसे ज्यादा रेवेन्यू
कंपनी के रेवेन्यू में सबसे बड़ा योगदान एग्रीकल्चर कारोबार का रहा। H1 FY27 में एग्री प्रोडक्ट्स की ट्रेडिंग से कंपनी को 279.42 करोड़ रुपये की कमाई हुई। वहीं, IT और ITES बिजनेस से 11.14 करोड़ रुपये का रेवेन्यू आया। इस दौरान केमिकल मैन्युफैक्चरिंग से कंपनी को कोई कमाई नहीं हुई। दरअसल, कंपनी ने 1 जनवरी 2026 से अपने कारोबार में बदलाव किया था। पहले कंपनी केमिकल मैन्युफैक्चरिंग और ट्रेडिंग के काम में थी, लेकिन अब इसका फोकस एग्रीकल्चर प्रोडक्ट्स की ट्रेडिंग और IT-ITES बिजनेस पर है।
दूसरी तिमाही में भी कंपनी का प्रदर्शन बेहतर
अगर सिर्फ दूसरी तिमाही यानी Q2 FY27 के आंकड़ों पर नजर डालें तो कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर 148.64 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹2.17 करोड़ था। इसके अलावा कंपनी का एबिटा सालाना आधार पर 36.1% बढ़कर 8.92 करोड़ रुपये हो गया। Q2 FY26 में यह 6.56 करोड़ रुपये था। हालांकि, नेट प्रॉफिट में मामूली बढ़त दर्ज की गई। दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1.8% बढ़कर 6.71 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 6.60 करोड़ रुपये था।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




